बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 89 रन से हराकर ग्रुप-बी में बड़ी जीत हासिल की है। उसके दो मैच में अब दो अंक हो गए हैं और सुपर-4 की उम्मीदें कायम हैं। दूसरी ओर, अफगानिस्तान को टूर्नामेंट में उसके पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के एक मैच में शून्य अंक हैं। ग्रुप राउंड में बांग्लादेश के दोनों मैच हो चुके हैं। वहीं, अफगानिस्तान को एक मुकाबला श्रीलंका से खेलना है। इसी मैच से तय होगा कि ग्रुप-बी से सुपर-4 में कौन सी टीमें जाती हैं। श्रीलंका के एक मैच में दो अंक हैं।
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम इस फैसले को सही साबित किया और 50 ओवर में पांच विकेट पर 334 रन बना दिए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 245 रन पर सिमट गई। उसके लिए इब्राहिम जादरान ने 75 और कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने 51 रन बनाए। इन दोनों के अलावा किसी भी बल्लेबाज ने देर तक टिकने की हिम्मत नहीं दिखाई। रहमत शाह ने 33 रन बनाए, लेकिन वह अच्छी शुरुआत के बाद आउट हो गए। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने चार और शोरिफुल इस्लाम ने तीन विकेट लिए। हसन महमूद और मेहदी हसन मिराज को एक-एक सफलता मिली।
मेहदी हसन मिराज और नजमुल हुसैन का शतक
इससे पहले बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज (112) और नजमुल हुसैन शान्तो (104) ने शतक लगाए। श्रीलंका से पहले मैच में मिली पांच विकेट से हार के बाद बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छी शुरुआत की। मेहदी और नजमुल ने तीसरे विकेट केलिए 196 रन जोड़े। यहां मिराज रिटायर्ड हर्ट हो गए। नजमुल के आउट होने से तीसरे विकेट केलिए निभाई गई 215 रन की यह साझेदारी टूटी।
मेहदी-नजमुल ने लगाया वनडे का दूसरा शतक
मोहम्मद नईम (28) और मेहदी ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। यहां अफगानिस्तान ने चार गेंद में नईम और तौहिद (0) के विकेट निकालकर वापसी की कोशिश की, लेकिन मिराज और नजमुल ने बांग्लादेश को न सिर्फ फिर से संभाल लिया बल्कि उसे बड़े स्कोर की ओर पहुंचा दिया। मिराज और नजमुल दोनों ने वनडे में अपना दूसरा शतक लगाया। मिराज की तो यह वनडे में अब तक सर्वश्रेष्ठ पारी रही। मिराज ने 119 गेंद में सात चौके, तीन छक्के लगाए। वह 112 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए। नजमुल ने 105 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 104 रन बनाए।
राशिद-मुजीब नहीं छोड़ पाए प्रभाव
मुश्फिकुर रहीम ने 15 गेंद में 25 और शाकिब ने 18 गेंद में 32* रन बनाकर बांग्लादेश को 334 तक पहुंचाया। अफगानिस्तान के लिए राशिद खान और मुजीब उर रहमान प्रभाव नहीं छोड़ सके। राशिद ने 10 ओवर में 66 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। मुजीब ने 62 रन पर एक विकेट लिया। मोहम्मद नबी ने भी 10 ओवर में बिना विकेट लिए 50 रन दिए। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज (1) को शोरिफुल ने आउट कर दिया।
अफगानिस्तान की टीम को आठवां झटका 42वें ओवर की चौथी गेंद पर लगा। करीम जनात एक गेंद पर एक रन बनाकर रन आउट हो गए। अफगानिस्तान ने 43 ओवर में आठ विकेट पर 240 रन बना लिए हैं। राशिद खान 12 गेंद पर 22 और मुजीब उर रहमान तीन गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद है। टीम को 42 गेंद पर 95 रन और बनाने हैं।
अफगानिस्तान को एक बार फिर से दोहरा झटका लगा है। 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुलबदीन नईब आउट हो गए। उनके बाद 41वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद नबी पवेलियन लौट गए। नईब को शोरिफुल इस्लाम ने क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 13 गेंद पर 15 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। नबी को तस्कीन अहमद ने पवेलियन भेजा। वह छह गेंद पर तीन रन बनाकर आफिफ हुसैन को कैच थमा बैठे। अफगानिस्तान ने 41 ओवर में सात विकेट पर 219 रन बनाए हैं। राशिद खान पांच रन बनाकर नाबाद हैं। करीम जनात को अभी खाता खोलना है। टीम को जीत के लिए आखिरी नौ ओवर में 116 रन बनाने हैं।
अफगानिस्तान को दोहरा झटका लगा है। 37वें ओवर में मेहदी हसन मिराज ने नजीबुल्लाह जादरान को आउट किया। जादरान 25 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। जादरान के बाद अगले ही ओवर में कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी भी पवेलियन लौट गए। शाहिदी को शोरिफुल इस्लाम ने अपना शिकार बनाया। वह 60 गेंद पर 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए।
अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टीम को संभाल लिया है। उन्होंने 36वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। अफगानिस्तान ने 36 ओवर में तीन विकेट पर 193 रन बना लिए हैं। शाहिदी 50 और नजीबुल्लाह जादरान 17 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम को जीत के लिए 14 ओवर में 142 रन और बनाने हैं।
अफगानिस्तान को बड़ा झटका हसन महमूद ने दिया है। उन्होंने 28वें ओवर की तीसरी गेंद पर जबरदस्त बल्लेबाजी करने वाले इब्राहिम जादरान को आउट किया। जादरान ने 74 गेंद पर 75 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए। इस दौरान एक छक्का भी लगाया। अफगानिस्तान ने 29 ओवर में तीन विकेट पर 140 रन बना लिए हैं। कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी 32 गेंद पर 24 और नजीबुल्लाह जादरान तीन रन बनाकर नाबाद हैं।
अफगानिस्तान के ओपनर इब्राहिम जादरान ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने मेहदी हसन मिराज द्वारा फेंके गए 21वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अफगानिस्तान की पारी को वह एक छोर से संभाले हुए हैं। अफगानिस्तान ने 22 ओवर में दो विकेट पर 93 रन बना लिए हैं। इब्राहिम 57 गेंद पर 52 और शाहिदी चार रन बनाकर नाबाद हैं।
बांग्लादेश को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरी सफलता मिली है। तस्कीन अहमद ने रहमत शाह को आउट कर दिया है। रहमत 57 गेंद पर 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अफगानिस्तान ने 19 ओवर में दो विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। इब्राहिम जादरान 45 और हश्मतुल्लाह शाहिदी एक रन बनाकर नाबाद हैं।
अफगानिस्तान के विस्फोटक ओपनर रहमनुल्लाह गुरबाज का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौट गए। गुरबाज को शोरिफुल इस्लाम ने एलबीडब्ल्यू किया। वह सात गेंद पर एक रन ही बना सके। अफगानिस्तान ने नौ ओवर में एक विकेट पर 32 रन बना लिए हैं। इब्राहिम जादरान 20 और रहमत शाह 11 रन बनाकर नाबाद हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने पांच विकेट पर 334 रन बनाए हैं और अफगानिस्तान के सामने 335 रन का लक्ष्य है। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने नाबाद 112 और नजमुल हसन शान्तो ने 104 रन बनाए। इन दोनों के अलावा शाकिब अल हसन ने नाबाद 32 रन बनाए और मोहम्मद नईम ने 28 रन का योगदान दिया। रहीम ने 25 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान और गुलबदीन नईब ने एक-एक विकेट लिया। बांग्लादेश के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। अफगानिस्तान के लिए 335 रन का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा।
324 रन पर बांग्लादेश का पांचवां विकेट गिरा है। शमीम हुसैन छह गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वह दो रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए।
294 रन पर बांग्लादेश का चौथा विकेट गिरा है। मुश्फिकुर रहीम भी रन आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने 15 गेंद में 25 रन बनाए। 47 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 302/4 है।
278 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। नजमुल हसन शान्तो 105 गेंद में 104 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। अनुभवी मुश्फिकुर रहीम और शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं। 45 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 282 रन है।
नजमुल हसन शान्तो ने 101 गेंद में नौ चौके और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में शानदार पारी खेली है। उनके शतक के चलते बांग्लादेश की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 43 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 262 रन पर दो विकेट है।
मेहदी हसन मिराज चोटिल होकर वापस लौट चुके हैं। उनके हाथ में चोट लगी थी और वह वापस लौट गए हैं। अब शान्तो के साथ रहीम क्रीज पर हैं।
मेहदी हसन मिराज ने 115 गेंद में छह चौके और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने पारी की शुरुआत की थी और अब तक एक छोर संभाले हुए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते बांग्लादेश का स्कोर 250 रन के करीब पहुंच गया है। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है। 41 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 239 रन है।
बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। शान्तो और मेहदी हसन के बीच 150 रन की साझेदारी हो चुकी है और बांग्लादेश की टीम विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 39 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 228 रन है।
मेहदी हसन के बाद नजमुल हसन शान्तो का भी अर्धशतक पूरा हो चुका है। उन्होंने 57 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। बांग्लादेश का स्कोर 33 ओवर के बाद दो विकेट पर 194 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। मेहदी हसन अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। शान्तो भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 29 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 155 रन है।
मेहदी हसन ने 65 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए शानदार पारी खेली और अपनी टीम को अच्छी स्थिति में ले आए हैं। वह छोर संभालकर खेल रहे हैं और बड़ी पारी खेलने के मूड में हैं। दो विकेट गिरने के बाद शान्तो ने भी उनका बखूबी साथ निभाया है। 24 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 129 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। मेहदी हसन और नजमुल हसन शान्तो क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस जोड़ी ने बांग्लादेश को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है। अब बांग्लादेश बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेगा। 22 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 116 रन है। मेहदी हसन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
63 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा है। तोविद हृदॉय खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। गुलबदीन नईब ने इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराया। अब मेहदी हसन के साथ नजमुल हसन शान्तो क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 68 रन है।
60 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का पहला विकेट गिरा है। मोहम्मद नईम 32 गेंद में पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुजीब उर रहमान ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अह मेहदी हसन और हृदॉय क्रीज पर हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन है। मोहम्मद नईम आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, मेहदी हसन एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। पांच ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 33 रन है।
बांग्लादेश: मोहम्मद नईम, नजमुल हुसैन शान्तो, शाकिब अल हसन (कप्तान), तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, तस्किन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, हसन महमूद।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, करीम जनत, राशिद खान, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान।
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। लाहौर में बांग्लादेश की टीम बड़ा स्कोर बनाकर अफगानिस्तान पर दबाव बनाना चाहेगी।
बांग्लादेश के लिए यह मैच करो या मरो वाला होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका के हाथों हार के बाद बांग्लादेश को हर हाल में यह मैच जीतना होगा। यहां हारने पर बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
यह एशिया कप 2023 में अफगानिस्तान का पहला मैच है और अफगान टीम जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले महीने हुई सीरीज में भले ही अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन दूसरे वनडे में यह टीम जीत के बेहद करीब थी। ऐसे में बांग्लादेश को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।
Live Cricket Score Today, Bangladesh vs Afghanistan Asia Cup 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप का चौथा मैच बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच है। अफगानिस्तान का यह पहला मैच है। वहीं, बांग्लादेश की टीम पहला मैच श्रीलंका से हार चुकी है और टूर्नामेंट में बने रहने के लिए बांग्लादेश को जीत जरूरी है।