महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को ग्रुप-1 के मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया। रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने हरमनप्रीत कौर की अर्धशतकीय साझेदारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
ऑस्ट्रेलिया की झटके से शुरुआत हुई है। रेणुका सिंह ने जॉर्जिया वॉल को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ चार रन बना सकीं। अब बेथ मूनी का साथ देने फीबी लिचफील्ड आई हैं।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 171 रनों का लक्ष्य दिया है। लॉर्ड्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाए। उनके लिए हरमनप्रीत कौर ने 27 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए सोफी मोलिन्यूक्स ने दो विकेट झटके।
भारत को पहला झटका सोफी मोलिन्यूक्स ने दिया। उन्होंने शेफाली वर्मा को बोल्ड दिया। वह 26 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुईं। अब मंधाना का साथ देने जेमिमा रोड्रिग्स आई हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 74 रन है।
भारत की सधी शुरुआत हुई है। स्मृति मंधाना 27 और शेफाली वर्मा 21 रन बनाकर क्रीज पर डटी हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 49 रन है।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़।
ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि क्रांति गौड़ की वापसी हुई है। उन्हें नंदिनी शर्मा की जगह मौका मिला है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अब तक इस विश्व कप में अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी हैं। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 85 रन बनाए हैं और अभी तक एक भी छक्का नहीं लगाया है। ऐसे में सबसे अहम मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, एलिस पेरी शानदार फॉर्म में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 71 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने के साथ गेंद से भी दो विकेट लिए थे। भारत के लिए उन्हें जल्दी आउट करना बड़ी चुनौती होगी।
भारत ने इस विश्व कप में अब तक सभी 16 खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिससे उसकी अंतिम एकादश को लेकर लगातार चर्चा रही है। नंबर-3 पर यास्तिका भाटिया का प्रयोग सफल नहीं रहा है, जबकि तेज गेंदबाजी संयोजन भी अब तक तय नहीं हो पाया है। खराब फील्डिंग भी भारत की चिंता का विषय रही है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम में फीबी लिचफील्ड की वापसी की संभावना है। उनके फिट होने पर वह लूसी हैमिल्टन की जगह अंतिम एकादश में शामिल हो सकती हैं।
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 37 मुकाबले हुए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 27 जबकि भारत ने केवल नौ मैच जीते हैं और एक मुकाबला टाई रहा है। महिला टी20 विश्व कप में भी ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच छह मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने पांच बार जीत दर्ज की है। भारत की एकमात्र जीत 2018 विश्व कप के ग्रुप चरण में आई थी, जब स्मृति मंधाना ने 83 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, हाल के वर्षों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत ने 2025 महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बाहर किया था और इसी साल ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टी20 सीरीज भी अपने नाम की थी।
ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी ताकत उसकी गहराई है। टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रही है। अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी 127 रन बनाकर टीम की सबसे सफल बल्लेबाज हैं, जबकि कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स छह विकेट लेकर गेंदबाजी की अगुवाई कर रही हैं। भारत की सफलता मुख्य रूप से स्मृति मंधाना और बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी के प्रदर्शन पर टिकी रही है। मंधाना ने चार मैचों में 167 रन बनाए हैं, जबकि चरणी 12 विकेट लेकर टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज बनी हुई हैं।
टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ जीत से करने वाली टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका से हार मिली। इसके बाद टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वापसी की और शानदार जीत दर्ज की। चार मैचों में तीन जीत के साथ भारत के छह अंक हैं और उसका नेट रन रेट +2.268 है, जो उसे क्वालिफिकेशन की दौड़ में मजबूत स्थिति में रखता है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने अपने चारों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में लगभग जगह पक्की कर ली है। छह बार की चैंपियन टीम का नेट रन रेट +4.724 है और वह पूरे टूर्नामेंट में सबसे संतुलित टीम नजर आई है।
महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-1 में रविवार (28 जून) को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम के लिए यह मैच 'करो या मरो' जैसा है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम अगर ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो उसका सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। वहीं हार की स्थिति में भारत को दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना पड़ेगा।
Live Cricket Score, Australia-W vs India-W (AUS-W vs IND-W) T20 World Cup 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच जारी है। आज भारतीय महिला टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से लॉर्ड्स में होगा। इस मैच में जीत भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल का दरवाजा खोल सकती है।