दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप 2023 के 10वें मैच में ऑस्ट्रेलिया को 134 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 311 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 106 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। वहीं, एडेन मार्करम ने 44 गेंदों में 56 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 40.5 ओवर में 177 रन पर सिमट गई। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। वहीं, मिचेल स्टार्क ने 27 रन बनाए। कगिसो रबाडा ने तीन विकेट लिए, जबकि केशव महाराज और तबरेज शम्सी को दो-दो विकेट मिले।
पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम की यह इस विश्व कप में लगातार दूसरी हार है। पहले मैच में उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में श्रीलंका को हराया था। क्विंटन डिकॉक को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह उनका आखिरी विश्व कप भी है। इस मैच से जुड़ी खबर पढ़ने या रिकॉर्ड्स जानने के लिए यहां क्लिक करें...
ऑस्ट्रेलिया ने 143 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। 70 रन पर छह विकेट गंवा देने के बाद मिचेल स्टार्क और मार्नस लाबुशेन ने सातवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई थी। इस साझेदारी को मार्को यानसेन ने तोड़ा। उन्होंने स्टार्क को डिकॉक के हाथों कैच कराया। स्टार्क 27 रन बना सके। इसके बाद केशव महाराज ने मार्नस लाबुशेन को बावुमा के हाथों कैच कराया। वह 74 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया ने 31 ओवर में छह विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल स्टार्क 22 रन और मार्नस लाबुशेन 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक सातवें विकेट के लिए 83 गेंदों में 58 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को अब 184 रन की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया ने 65 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल मार्नस लाबुशेन और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। मिचेल मार्श (7), डेविड वॉर्नर (13), जोश इंग्लिस (5) और स्टीव स्मिथ (19) पवेलियन लौट चुके हैं। इसके बाद केशव महाराज ने ग्लेन मैक्सवेल (3) को आउट किया। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है और उसे 312 रन चेज करने हैं।
ऑस्ट्रेलिया को 50 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रबाडा ने स्टीव स्मिथ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 19 रन बना सके। इस विश्व कप में स्मिथ का खराब फॉर्म जारी है। 10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 50 रन है। फिलहाल मार्नस लाबुशेन और जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं।
27 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवा दिए। पहला विकेट छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर आया जब मार्को यानसेन ने मिचेल मार्श (7) को बावुमा के हाथों कैच कराया। इसके बाद सातवें ओवर में एनगिडी ने डेविड वॉर्नर को डुसेन के हाथों कैच कराया। वॉर्नर 13 रन बना सके। सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 27 रन है। फिलहाल स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।
27 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। मिचेल मार्श सात रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मार्को यानसेन ने बावुमा के हाथों कैच कराया। फिलहाल डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने चार ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं। दोनों बिना कोई रिस्क लिए संभल कर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 312 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 311 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 106 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। वहीं, एडेन मार्करम ने 44 गेंदों में 56 रन बनाए। एक वक्त लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका की टीम 350+ रन बना लेगी, लेकिन मार्करम और क्लासेन के एक ओवर के अंतराल पर आउट होने और डेथ ओवर्स में ऑस्ट्रेलिया की घातक गेंदबाजी ने उन्हें 320 रन के अंदर रोक दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका टीम की शुरुआत शानदार रही थी। कप्तान तेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी हुई थी। बावुमा 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डिकॉक ने रसी वान डर डुसेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। डुसेन भी 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डिकॉक ने तूफानी पारी खेलते हुए 90 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का 19वां और इस विश्व कप में लगातार दूसरा शतक रहा। श्रीलंका के खिलाफ डिकॉक ने 100 रन की पारी खेली थी।
डिकॉक आईपीएल में लखनऊ सुपरजाएंट्स से ही खेलते हैं। ऐसे में यह उनका होमग्राउंड भी है। डिकॉक का यह आखिरी विश्व कप है। इसके बाद वह संन्यास ले लेंगे। ऐसे में वह इस टूर्नामेंट को खास बनाने में लगे हुए हैं। डिकॉक ने 106 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। एडेन मार्करम ने 44 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। हेनरिच क्लासेन ने 27 गेंदों में 29 रन बनाए। डेविड मिलर 17 रन बनाकर आउट हो गए। मार्को यानसेन 26 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल को दो-दो विकेट मिले। जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और एडम जम्पा को एक-एक विकेट मिला।
46 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट गंवाकर 279 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। एडेन मार्करम 56 रन और हेनरिच क्लासेन 29 रन बनाकर आउट हुए।
43 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 263 रन बना लिए हैं। ए़डेन मार्करम ने 43 गेंदों में 56 रन बना लिए हैं। यह उनका लगातार दूसरा 50+ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाया था। हेनरिच क्लासेन भी 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
35वें ओवर में 197 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। मैक्सवेल ने क्विंटन डिकॉक को बोल्ड किया। डिकॉक ने 106 गेंदों में 109 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और पांच छक्के लगाए। 35 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 197 रन है। फिलहाल हेनरिच क्लासेन और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक ने 90 गेंदों में शतक जड़ा। यह उनका इस विश्व कप में दूसरा शतक रहा। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 100 रन की पारी खेली थी। डिकॉक ने छक्के के साथ शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 19वां शतक रहा। अपना आखिरी विश्व कप खेल रहे डिकॉक के लिए यह टूर्नामेंट खास होता जा रहा है। 32 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 181 रन है। फिलहाल डिकॉक 100 गेंदों में 107 रन और एडेन मार्करम पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
29वें ओवर में 158 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। एडम जम्पा ने रसी वान डर डुसेन को शॉन एबॉट के हाथों कैच कराया। डुसेन 30 गेंदों में 26 रन बना सके। 29 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 161 रन है। एडेन मार्करम एक करन और क्विंटन डिकॉक 91 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका को 108 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ग्लेन मैक्सवेल ने तेम्बा बावुमा को वॉर्नर के हाथों कैच कराया। बावुमा 55 गेंदों में 35 रन बना सके। फिलहाल रसी वान डर डुसेन और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर 109 रन है।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 रन के पार जा चुका है। क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों अपनी टीम को विशाल स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया को जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी।
क्विंटन डिकॉक ने 51 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते अफ्रीका की टीम अच्छी स्थिति में है।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। बावुमा और डिकॉक ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत की है। अफ्रीकी टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आ चुकी है। कप्तान तेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क के साथ जोश हेजलवुड ने नई गेंद संभाली है। सात ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 38 रन है।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम में दो बदलाव किए गए हैं। कैमरन ग्रीन की जगह मार्कस स्टोइनिस और एलेक्स कैरी की जगह जोश इंग्लिस को टीम में शामिल किया गया है। दक्षिण अफ्रीकी टीम भी एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। कोट्जी की जगह स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी को टीम में शामिल किया गया है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम शानदार लय में है। विश्व कप में अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 102 रन से हराया था। इस मैच में अफ्रीकी बल्लेबाजों ने कमाल किया था। क्विंटन डिकॉक, रासी वान डर डुसेन और एडेन मार्करम ने शतकीय पारियां खेली थीं। मार्करम ने तो विश्व कप का सबसे तेज शतक लगा दिया था। इस मैच में भी अफ्रीकी टीम अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी। पिछले महीने ही दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज जीती थी और इस मैच में भी जीत हासिल करना चाहेगी।
विश्व कप में अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया ने यह मैच छह विकेट से जीता था। भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने कंगारू बल्लेबाज जूझते नजर आए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों ने दो रन के अंदर भारत के तीन विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा था। अपने दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी में सुधार करना चाहेगा।
Live Cricket Score Today, ICC ODI World Cup 2023 Australia vs South Africa 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप 2023 में आज दक्षिण अफ्रीका का सामना ऑस्ट्रेलिया से है। अफ्रीकी टीम ने पहले मैच में श्रीलंका पर बड़ी जीत हासिल की थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब ऑस्ट्रेलिया की कोशिश जीत की पटरी पर लौटने की होगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका विजय रथ जारी रखना चाहेगा।