ऑस्ट्रेलिया ने रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड को पांच रन से हरा दिया है। कीवी टीम को जीत के लिए आखिरी गेंद में छह रन की जरूरत थी, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन छक्का नहीं लगा सके और ऑस्ट्रेलिया ने पांच रन से मैच अपने नाम किया। यह ऑस्ट्रेलिया की चौथी जीत है, जबकि न्यूजीलैंड की दूसरी हार है। दोनों टीमें छह में से चार मैच जीतकर अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड के 109 और डेविड वॉर्नर के 81 रनों की बदौलत 49.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 388 रन बनाए। मैक्सवेल ने 41, इंग्लिस ने 38 और कमिंस ने 37 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट और ग्लेन फिलिप्स ने तीन-तीन विकेट लिए। सैंटनर को दो और मैट हेनरी-जेम्स निशन को एक-एक विकेट मिले।
389 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड नौ विकेट खोकर 383 रन ही बना सका। न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र ने 116 रन बनाए। जेम्स नीशम ने 58 और डेरिल मिचेल ने 54 रन की पारी खेली। यंग ने 32 और कॉन्वे ने 28 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जैम्पा ने तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड और पैट कमिंस को दो-दो विकेट मिले। ग्लेन मैक्सवेल ने एक विकेट लिया।
जेम्स नीशम आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो चुके हैं। उन्होंने 39 गेंद में 58 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके आउट होने के साथ ही न्यूजीलैंड के जीतने की उम्मीद खत्म हो चुकी है।
जेम्स नीशम ने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने बेहतरीन पारी खेली है, लेकिन न्यूजीलैंड के लिए यह मैच जीतना मुश्किल होगा। कीवी टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 19 रन की जरूरत है।
आठ विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। जेम्स नीशम और ट्रेंट बोल्ट क्रीज पर हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ जेम्स नीशम के ऊपर है। बोल्ट को सिर्फ अपना विकेट बचाकर रखना होगा। 48 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 357/8 है। आखिरी दो ओवर में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 32 रन की जरूरत है।
346 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का आठवां विकेट गिरा है। मैट हेनरी आठ गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पैट कमिंस ने उन्हें जोश हेजलवुड के हाथों कैच कराया। अब जेम्स नीशम के साथ ट्रेंट बोल्ट क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 346/8 है।
320 रन पर न्यूजीलैंड का सातवां विकेट गिरा है। मिचेल सैंटनर 12 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। अब जेम्स नीशम अकेले रह गए हैं और न्यूजीलैंड के लिए यह मैच जीतना मुश्किल होगा।
छह विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। जेम्स नीशम और मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं। दोनों की कोशिश अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने की होगी। 43 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 314/6 है।
293 रन पर न्यूजीलैंड का छठा विकेट गिरा है। रचिन रवींद्र 89 गेंद में 116 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और पांच छक्के लगाए। पैट कमिंस ने उन्हें मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराया। अब जेम्स नीशम के साथ मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं।
265 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ग्लेन फिलिप्स 16 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराया। अब रचिन रवींद्र के साथ जेम्स नीशम क्रीज पर हैं।
रचिन रवींद्र ने 77 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। इस विश्व कप में यह उनका दूसरा शतक है। उनकी शानदार पारी के चलते न्यूजीलैंड की टीम मैच में बनी हुई है।
चार विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और न्यूजीलैंड की टीम मैच में बनी हुई है।
222 रन पर न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा है। टॉम लाथम 22 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें मिचेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। अब रचिन के साथ ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। रचिन रवींद्र अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, कप्तान लाथम उनका साथ दे रहे हैं। 30 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 208/3 है।
रचिन रवींद्र ने 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इस विश्व कप में उन्होंने चौथी बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। उनकी पारी के चलते कीवी टीम मैच में बनी हुई है। 28 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 187/3 है।
168 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। डेरिल मिचेल 51 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें मिचेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। अब रचिन रवींद्र के साथ टॉम लाथम क्रीज पर हैं।
डेरिल मिचेल ने 42 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और अपने अर्धशतक के साथ न्यूजीलैंड का स्कोर 150 रन के पार पहुंचा दिया है। वह लंबी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे।
डेरिल मिचेल और रचिन रवींद्र के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। मिचेल तेज गति से रन बना रहे हैं और अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, रचिन संभलकर खेल रहे हैं और मिचेल का साथ दे रहे हैं। 20 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 142/2 है।
दो विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने पारी संभाली है। दोनों अच्छी साझेदारी कर रहे हैं और न्यूजीलैंड को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 16 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 109/2 है।
72 रन पर न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवा दिए हैं। डेवोन कॉन्वे के बाद विल यंग भी आउट हो चुके हैं। उन्होंने 37 गेंद में 32 रन बनाए। जोश हेजलवुड ने उन्हें मिचेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 87/2 है।
न्यूजीलैंड को आठवें ओवर में 61 के स्कोर पर पहला झटका लगा। जोश हेजलवुड ने डेवोन कॉन्वे को मिचेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में 28 रन बना सके। फिलहाल रचि रवींद्र और विल यंग मैदान पर हैं। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 63 रन है।
न्यूजीलैंड ने तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए 29 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 17 रन और विल यंग तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलियाई पारी 49.2 ओवर में 388 रन पर खत्म हो गई। यह ऑस्ट्रेलिया का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और वनडे विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2016 में ऑस्ट्रेलिया ने कैनबरा में कीवियों के खिलाफ पांच विकेट गंवाकर 378 रन बनाए थे। वहीं, यह विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया का तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। ट्रेविस हेड ने 67 गेंद पर सबसे ज्यादा 109 रन बनाए, जबकि डेविड वॉर्नर ने 81 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट और ग्लेन फिलिप्स को तीन-तीन विकेट मिले।
ऑस्ट्रेलियाई पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत शानदार रही थी। विश्व कप का अपना पहला मैच खेल रहे ट्रेविस हेड ने 59 गेंद में ही शतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का चौथा शतक रहा। हेड चोटिल थे और इसकी वजह से शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। उन्होंने वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 117 गेंद में 175 रन की साझेदारी निभाई थी। 59 गेंद में शतक इस विश्व कप का तीसरा सबसे तेज शतक है। ग्लेन मैक्सवेल ने 40 और एडेन मार्करम ने 49 गेंद में शतक जड़ा था। हेड ने 67 गेंद में 10 चौके और सात छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। वहीं, वॉर्नर ने लगातार तीसरे मैच में 50+ का स्कोर किया। इससे पहले पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने शतक जड़ा था। वॉर्नर 65 गेंद में पांच चौके और छह छक्के की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद स्टीव स्मिथ भी 18 रन बनाकर चलते बने। यह तीनों विकेट ग्लेन फिलिप्स ने लिए। मिचेल मार्श 36 रन, मार्नस लाबुशेन 18 रन बनाकर आउट हो गए। ग्लेन मैक्सवेल ने फिर 24 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं, जोश इंग्लिस ने 28 गेंद पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाए। कप्तान पैट कमिंस ने 14 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 37 रन बनाए। 49वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए। उन्होंने इंग्लिश और कमिंस के अलावा जाम्पा को आउट किया। फिर 50वें ओवर में मैट हेनरी ने मिचेल स्टार्क को नीशम के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को 388 रन पर खत्म कर दिया। बोल्ट और फिलिप्स के तीन-तीन विकेट के अलावा मिचेल सैंटनर ने दो विकेट लिए। हेनरी और नीशम को एक-एक विकेट मिला।
ऑस्ट्रेलिया को 45वें ओवर में 325 के स्कोर पर छठा झटका लगा। जिमी नीशम ने ग्लेन मैक्सवेल को बोल्ट के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल ने 24 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन की तूफानी पारी खेली। 45 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 329 रन है। फिलहाल जोश इंग्लिस और कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने एक वक्त बिना विकेट गंवाए 175 रन बना लिए थे। इसके बाद 100 रन बनाने में टीम ने पांच विकेट गंवा दिए हैं। 175 पर टीम को पहला झटका, 200 पर दूसरा झटका, 228 पर तीसरा झटका,, 264 पर चौथा झटका और 274 पर पांचवां झटका लगा। डेविड वॉर्नर 81 रन, ट्रेविस हेड 109 रन और मिचेल मार्श 36 रन, स्टीव स्मिथ 18 रन और मार्नस लाबुशेन 18 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स ने तीन विकेट झटके और मिचेल सैंटनर को दो विकेट मिले। 39 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 279 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया को 37वें ओवर में मिचेल मार्श के रूप में चौथा झटका लगा। उन्हें सैंटनर ने बोल्ड किया। मार्श 36 रन बना सके। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 38 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 274 रन है।
ऑस्ट्रेलिया को 30वें ओवर में 228 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। ग्लेन फिलिप्स ने स्टीव स्मिथ को बोल्ट के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में 18 रन बना सके। फिलहाल मिचेल मार्श और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 32 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 240 रन है। ट्रेविस हेड 109 रन और डेविड वॉर्नर 81 रन बनाकर आउट हुए। तीनों विकेट ग्लेन फिलिप्स ने लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया को 24वें ओवर में 200 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। ग्लेन फिलिप्स ने ट्रेविस हेड को क्लीन बोल्ड किया। वह 67 गेंद में 10 चौके और सात छक्के की मदद से 109 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल मिचेल मार्श और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। फिलिप्स ने इससे पहले डेविड वॉर्नर को भी पवेलियन भेजा था। 24 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 201 रन है।
विश्व कप 2023 का अपना पहला मैच खेल रहे ट्रेविस हेड ने 59 गेंद में ही शतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का चौथा शतक रहा। हेड चोटिल थे और इसकी वजह से शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। हालांकि, वह टीम के साथ जुड़े रहे। अब वापसी पर ही उन्होंने बड़ा धमाका किया है। उन्होंने वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 117 गेंद में 175 रन की साझेदारी निभाई थी। 59 गेंद में शतक इस विश्व कप का तीसरा सबसे तेज शतक है। ग्लेन मैक्सवेल ने 40 और एडेन मार्करम ने 49 गेंद में शतक जड़ा था। अब तक हेड 10 चौके और छह छक्के लगा चुके हैं। 22 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 191 रन है। फिलहाल ट्रेविस हेड 60 गेंद में 101 रन और मिचेल मार्श पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया को 20वें ओवर में 175 के स्कर पर पहला झटका लगा। ग्लेन फिलिप्स ने डेविड वॉर्नर का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वॉर्नर ने 65 गेंद में पांच चौके और छह छक्के की मदद से 81 रन की पारी खेली। 20 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 177 रन है। फिलहाल हेज 53 गेंद में 91 रन और मिचेल मार्श एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने 15 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 151 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड वॉर्नर 52 गेंद में 74 रन और ट्रेविस हेड 40 गेंद में 73 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों काफी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और कीवी गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है। सैंटनर ने अपनी ही गेंद पर हेड का कैच भी छोड़ा था।
डेविड वॉर्नर ने 28 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। उनके बाद इस विश्व कप का अपना पहला मैच खेल रहे ट्रेविस हेड ने 25 गेंद में ही अर्धशतक जड़ दिया। वॉर्नर ने वनडे करियर का 32वां और हेड ने 16वां अर्धशतक जड़ा। नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना विकेट गंवाए 108 रन है। हेड 25 गेंद में 50 रन और वॉर्नर 31 गेंद में 55 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
वॉर्नर ने 28 गेंद में वनडे करियर का 32वां अर्धशतक जड़ा। उनका यह लगातार तीसरा 50+ का स्कोर रहा। इससे पहले श्रीलंका और नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने शतक जड़ा था। फिलहाल आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट गंवाए 93 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड भी 16वें अर्धशतक के करीब हैं। हेड 22 गेंद में 40 रन और वॉर्नर 28 गेंद में 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने पांच ओवर में 60 रन जोड़ लिए हैं। ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं। दोनों ने मेट हेनरी को निशाने पपर लिया है। हेनरी तीन ओवर में 44 रन लुटा चुके हैं। हेड 15 गेंद में 31 रन और वॉर्नर 17 गेंद में 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों ने तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए 36 रन जोड़ लिए हैं। चोट से वापसी कर रहे हेड शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। उन्होंने हेनरी के तीसरे ओवर में चार छक्के लगाए। मैट हेनरी के तीसरे ओवर से 22 रन आए। हेड नौ गेंद में 17 रन और डेविड वॉर्नर 11 गेंद में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड।
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर/कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, जिमी नीशम, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट।
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। लाथम ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मार्क चैपमैन की जगह जिमी नीशम को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने भी एक बदलाव किया है। ट्रेविस हेड की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वह पिछले काफी समय से चोटिल चल रहे थे। कैमरन ग्रीन को उनके लिए जगह खाली करनी पड़ी।
ऑस्ट्रेलिया ने पिछले मैच में एक ईकाई के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। उसने आठ विकेट पर 399 रन बनाए जो इस विश्व कप में तीसरा सर्वोच्च स्कोर था। पाकिस्तान के खिलाफ एक समय बिना किसी नुकसान के 254 रन बनाने के बाद बाकी 16 ओवर में उसने 108 रन पर नौ विकेट गंवा दिए वरना एक रिकॉर्ड और बन जाता।
इस विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डेविड वॉर्नर शीर्ष तीन में हैं। मध्यक्रम में स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशाने ने भी अर्धशतक जड़े। ग्लेन मैक्सवेल ने सिर्फ 40 गेंद में टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ डाला हालांकि कैमरन ग्रीन अभी तक फॉर्म में नहीं दिखे हैं। मिचेल स्टार्क ( सात विकेट ) पिछले दो मैचों में लय में नहीं दिखे, जबकि जोश हेजलवुड और कप्तान कमिंस ने भी छह-छह विकेट ही लिए हैं । एडम जाम्पा ने डच टीम के खिलाफ चार विकेट चटकाए।
विश्व कप में अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 मैचों में से उसने सिर्फ तीन जीते हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने उसके खिलाफ कुल 141 वनडे में से 95 में जीत दर्ज की है। न्यूजीलैंड ने आखिरी बार वनडे में ऑस्ट्रेलिया को छह साल पहले 2017 में हराया था।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप के 27वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना न्यूजीलैंड से है। दोनों टीमें जब भी टकराती हैं, कांटे का मुकाबला देखने को मिलता है। यह मैच सुबह में खेला जा रहा है, ऐसे में धर्मशाला में पिच भी तेज गेंदबाजों की मददगार होगी। दोनों टीमों के पास एक से बढ़कर एक पेसर्स हैं और ऐसे में रोमांचक मुकाबला हो सकता है। शानदार फॉर्म में चल रहे डेविड वॉर्नर और ट्रेंट बोल्ट के बीच भी कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।