जोश इंग्लिस और ग्लेन मैक्सवेल की 74 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट के शेष रहते सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया। शनिवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने बेन डकेट की 165 रनों की दमदार पारी के दमपर 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 351 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस के शतक और मैथ्यू शॉर्ट व एलेक्स कैरी के अर्धशतकों की मदद से 47.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 356 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने इसी के साथ किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ दिया है। इंग्लिश के करियर का यह पहला वनडे शतक है। इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 310 रन के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 45 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 318 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए और 30 गेंदों पर 34 रन बनाने हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 36 गेंदों पर 44 रन बनाने की जरूरत है। जोश इंग्लिस शतक की ओर बढ़ रहे हैं और 97 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर ग्लेन मैक्सवेल हैं।
ब्रायडन कार्स ने एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया है। कैरी और जोश इंग्लिस के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन कार्स ने कैरी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कैरी 63 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुए। कैरी और इंग्लिस के बीच पांचवें विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी हुई।
जोश इंग्लिस के बाद एलेक्स कैरी ने भी इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। कैरी ने आदिल राशिद के ओवर में पचासा पूरा किया। 38वां ओवर डालने आए राशिद की अंतिम गेंद पर कैरी ने बड़ा शॉट खेला, लेकिन बाउंड्री पर खड़े जोफ्रा आर्चर से आसान कैच छूट गया जिससे कैरी अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। कैरी और इंग्लिस के बीच पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। 38 ओवर की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 250 रन बना लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच चल रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने 33 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 221 रन बना लिए हैं और उसे अभी जीत के लिए 102 गेंदों पर और 131 रन बनाने हैं। दूसरे छोर पर एलेक्स कैरी भी टिके हुए हैं और उन्होंने इंग्लिस के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी कर ली है।
इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 180 के पार पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने 28 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 184 रन बना लिए हैं। क्रीज पर एलेक्स कैरी के साथ जोश इंग्लिस मौजूद हैं।
लियाम लिविंगस्टोन ने मैथ्यू शॉर्ट को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। शॉर्ट अच्छी पारी खेल रहे थे और अर्धशतक पूरा कर चुके थे, लेकिन 33 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 136 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर एलेक्स कैरी और जोश इंग्लिस मौजूद हैं।
स्पिनर आदिल राशिद ने मार्नस लाबुशेन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। लाबुशेन और मैथ्यू शॉर्ट के बीच तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन राशिद को लाबुशेन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लाबुशेन 45 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही लाबुशेन और शॉर्ट के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 95 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। शॉर्ट हालांकि, 60 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
मार्नस लाबुशेन और मैथ्यू शॉर्ट के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 15 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। लाबुशेन और शॉर्ट के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
शुरुआती झटकों के बाद मैथ्यू शॉर्ट और मार्नस लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाला जिससे टीम का स्कोर 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 76 रन हो गया है। इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को ट्रेविस हेड और कप्तान स्टीव स्मिथ के रूप में दो झटके लगे थे।
तेज गेंदबाज मार्क वुड ने कप्तान स्टीव स्मिथ को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। कंगारू टीम ने 27 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। स्मिथ छह गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड आउट हो गए हैं और जोफ्रा आर्चर को सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलिया ने 21 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया है। हेड पांच गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू शॉर्ट के साथ ट्रेविस हेड उतरे हैं। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 352 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने दो ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 17 रन बना लिए हैं।
सलामी बल्लेबाज बेन डकेट की शानदार बल्लेबाजी की मदद से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 352 रनों का लक्ष्य रखा है। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया। बेन ड्वार्शुइस ने इंग्लैंड को दो झटके दिए, लेकिन डकेट ने जो रूट के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की और इंग्लैंड को संभाला। डकेट ने इस मैच में बेहतरीन खेल दिखाया और 143 गेंदों पर 17 चौकों और तीन छक्के की मदद से 165 रन बनाए। डकेट की पारी के दम पर ही इंग्लैंड 50 ओवर में आठ विकेट पर 351 रन बनाने में सफल रहा।
डकेट के अलावा जो रूट ने 78 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 68 रन बनाए। रूट और डकेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी हुई। रूट और बेन डकेट के बीच शानदार साझेदारी हुई जिसे जैम्पा ने तोड़ा। हालांकि, डकेट और रूट के अलावा इंग्लैंड का कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। इन दोनों के अलावा इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने 23, जैमी स्मिथ ने 15, लियाम लिविंगस्टोन ने 14, फिल सॉल्ट ने 10, ब्रायडन कार्स ने 8 और हैरी ब्रूक ने 3 रन बनाए। वहीं, जोफ्रा आर्चर 10 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन और आदिल राशिद एक रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज ड्वार्शुइस ने 66 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि स्पिनर एडम जैम्पा और मार्नस लाबुशेन को दो-दो विकेट मिला। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल भी एक विकेट लेने में सफल रहे।
मार्नस लाबुशेन ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे सलामी बल्लेबाज बेन डकेट की पारी का अंत कर दिया है। डकेट 143 गेंद खेलकर 17 चौके और तीन छक्के की मदद से 165 रन बनाकर आउट हुए। डकेट ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। डकेट की शानदार बल्लेबाजी की मदद से ही इंग्लैंड का स्कोर 320 रन के पार पहुंच गया है।
तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर इंग्लैंड को छठा झटका दिया है। लिविंगस्टोन 17 गेंदों पर एक छक्का की मदद से 14 रन बनाकर आउट हो गए हैं। ड्वार्शुइस का इस मैच का यह तीसरा विकेट है। क्रीज पर हालांकि बेन डकेट टिके हुए हैं जो शुरुआत से ही बल्लेबाजी कर रहे हैं। 47 ओवर की समाप्ति के बाद इंग्लैंड ने छह विकेट पर 321 रन बना लिए हैं। डकेट 165 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनका साथ देने ब्रायडन कार्स आए हैं।
बेन डकेट की शानदार बल्लेबाजी की मदद से इंग्लैंड का स्कोर 300 रन के पार पहुंच गया है। डकेट 150 रन पूरे कर चुके हैं और अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने 45 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 303 रन बना लिए हैं।
ग्लेन मैक्सवेल ने कप्तान जोस बटलर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवीं सफलता दिलाई है। बटलर 21 गेंदों पर एक चौके और एक छक्का की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। बेन डकेट हालांकि क्रीज पर टिकी हुए हैं और फिलहाल 141 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट की शानदार पारी जारी है जिसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 250 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इंग्लैंड ने 39 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 258 रन बना लिए हैं। डकेट इसके साथ ही इंग्लैंड के लिए चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में जो रूट को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 133 रनों की पारी खेली थी।
स्पिनर एडम जैम्पा ने हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। जैम्पा की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे हैं। ब्रूक छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। जैम्पा का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज बेन डकेट शतक लगाकर टिके हुए हैं।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ दिया है। डकेट शुरुआत से ही टिक कर बल्लेबाजी कर रहे हैं और क्रीज पर अब भी मौजूद हैं। इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है और क्रीज पर डकेट के साथ हैरी ब्रूक भी मौजूद हैं।
स्पिनर एडम जैम्पा ने ऑस्ट्रेलिया को महत्वपूर्ण सफलता दिलाते हुए जो रूट को आउट किया। रूट और बेन डकेट के बीच शानदार साझेदारी हुई जिसे जैम्पा ने तोड़ा। रूट 78 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए। रूट और डकेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी हुई।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड शानदार बल्लेबाजी कर रहा है और 30 ओवर बाद स्कोर दो विकेट पर 200 रन हो गया है। इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और जो रूट बेहतरीन साझेदारी कर रहे हैं और दोनों ही बल्लेबाज क्रीज पर टिक गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज विकेट के लिए तरह रहे हैं।
बेन डकेट के बाद जो रूट ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पचासा जड़ दिया है। डकेट और रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को शुरुआत में दो झटके दिए थे, लेकिन रूट और डकेट ने शानदार साझेदारी कर इंग्लैंड को मुश्किल से उबारा। इंग्लैंड की टीम 22 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 154 रन बना चुकी है।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। डकेट का यह सातवां वनडे पचासा है। शुरुआती झटका लगने के बाद डकेट ने रूट के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी हो चुकी है।
शुरुआती झटका लगने के बाद जो रूट और बेन डकेत ने इंग्लैंड की पारी को संभाल लिया है और उसका स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। इंग्लैंड ने 16 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 113 रन बना लिए हैं। डकेत और रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 से अधिक रनों की साझेदारी हो चुकी है।
जो रूट औ बेन डकेट ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर 91/2 है।
बेन ड्वार्शुइस ने जैमी स्मिथ को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। इंग्लैंड को दोनों झटके अब तक ड्वार्शुइस ने ही दिए हैं। उन्होंने पहले फिल सॉल्ट को एलेक्स कैरी के हाथों आउट कराया और फिर कैरी ने ही स्मिथ का कैच भी पकड़ा। स्मिथ 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने छह ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 46 रन बनाए हैं।
इंग्लैंड को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा है और फिल सॉल्ट बेन ड्वार्शुइस की गेंद पर आउट हो गए हैं। सॉल्ट ने ड्वार्शुइस की गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन एलेक्स कैरी ने 30 यार्ड सर्किल पर खड़े रहकर हवा में छलांग लगाई और एक हाथ से शानदार कैच पकड़ा। सॉल्ट छह गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड के लिए बेन डकेत के साथ फिल सॉल्ट पारी का आगाज करने उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पेंसर जॉनसन गेंदबाजी करने आए हैं।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट, बेन डकेट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।
ऑस्ट्रेलियाः ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपकर), एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, एडम जैंपा, स्पेंसर जॉनसन।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। दोनों टीमों के बीच ग्रुप बी का यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर खेला जा रहा है।
इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड और ब्रायडन कार्स के रूप में त्रिकोणीय तेज आक्रमण है जबकि आदिल रशीद स्पिन का जिम्मा संभालेंगे। हेड ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा ,‘‘ हम अच्छी शुरूआत सुनिश्चित करेंगे । सलामी बल्लेबाज के और पर मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर बेन डकेट से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो भारत के खिलाफ शानदार फॉर्म में थे । जो रूट इंग्लैंड की बल्लेबाजी की धुरी हैं और वह अपनी उपयोगिता फिर साबित करना चाहेंगे ।
मार्श की गैर मौजूदगी में स्मिथ तीसरे नंबर पर उतर सकते हैं और उन्हें पारी के सूत्रधार की भूमिका निभानी होगी। आक्रामक सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड पर भी नजरें होंगी जिन्होंने 2022 की श्रृंखला में यहां 101 और 89 रन बनाए थे। हेड ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल ट्रेंट ब्रिज में 154 रन की नाबाद पारी खेली थी।
कोच ब्रेंडन मैकुलम की इंग्लैंड टीम ने 2023 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद से कोई वनडे सीरीज नहीं जीती है। जोस बटलर की कप्तानी वाली टीम को भारत ने 3-0 से हराया। पिछली बार सितंबर 2024 में दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज आस्ट्रेलिया ने 3-2 से जीती थी। उसके बाद से हालांकि आस्ट्रेलिया के पांच प्रमुख खिलाड़ी चोटों के कारण टीम से बाहर है।
Live Cricket Score Today, AUS vs ENG Champions Trophy 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। चैंपियंस ट्रॉफी में आज वनडे विश्व कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का सामना हो रहा है। दोनों ही टीमें ग्रुप बी के इस मैच में जीत से टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेंगी।