फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AFG vs UGA Highlights: अफगानिस्तान ने युगांडा को 125 रनों से हराया, फजलहक फारूकी ने झटके पांच विकेट

Tue, 04 Jun 2024 09:31 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुयाना

खास बातें

Afghanistan vs Uganda T20 World Cup:  टी20 विश्व कप 2024 में आज अफगानिस्तान का सामना युगांडा से हुआ। दोनों टीमों के बीच ग्रुप-सी का मुकाबला गुयाना में खेला गया। अफगानिस्तान ने बल्ले के बाद गेंद से भी दमदार प्रदर्शन किया और टी20 विश्व कप में जीत से शुरुआत की। वहीं, युगांडा ने हर मोर्चे पर निराशाजनक प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन
अफगानिस्तान बनाम युगांडा - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:21 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : अफगानिस्तान ने दर्ज की बड़ी जीत

फजलहक फारूकी के पांच विकेटों की मदद से अफगानिस्तान ने युगांडा को 125 रनों से हराकर टी20 विश्व कप में बड़ी जीत दर्ज की। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रहमानुल्लाह गुरबाज के 76 रन और इब्राहिम जादरान के 70 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में युगांडा की पूरी टीम 16 ओवर में 58 रन पर ढेर हो गई। रियाजत अली शाह और रॉबिंसन ओबुया के ्अलावा युगांडा का अन्य कोई बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सका। युगांडा के लिए रॉबिंसन ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। फारूकी के अलावा नवीन उल हक और कप्तान राशिद खान ने दो-दो विकेट झटके। 

अफगानिस्तान ने इस तरह टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत बड़ी जीत के साथ की। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी में दम दिखाया और इसके बाद उसके गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि युगांडा की टीम मैच में किसी भी समय मजबूत नजर नहीं आई। युगांडा का विश्व कप में यह पहला मुकाबला था और टीम की वैश्विक टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी नहीं रही। 

09:18 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : युगांडा को लगा नौवां झटका

स्पिनर राशिद खान ने बिलाल हसन को आउट कर युगांडा को नौवां झटका दिया। बिलाल आठ रन बनाकर आउट हए। 

09:04 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : फारूकी को अब तक पांच विकेट

फजलहक फारूकी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए युगांडा की पारी पूरी तरह लड़खड़ा दी है। फारूकी ने रॉबिंसन को आउट कर युगांडा को आठवां झटका दिया। रॉबिंसन 14 रन बनाकर आउट हुए। फारूकी ने इस मैच में अब तक पांच विकेट ले लिए हैं। 

विज्ञापन
09:00 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : युगांडा को लगा सातवां झटका

फजलहक फारूकी ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर युगांडा की पारी लड़खड़ा दी है। युगांडा के कप्तान मसाबा पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। युगांडा ने इस तरह महज 47 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं। 

08:57 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : अली शाह आउट हुए

फारूकी ने युगांडा को एक बार फिर झटका दिया और रियाजत अली शाह को आउट किया। अली शाह 11 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
08:44 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : युगांडा की धीमी शुरुआत

शुरुआती झटकों के बाद युगांडा की पारी धीमी पड़ गई है और टीम ने ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 30 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर रियाजत अली शाह आठ रन और रॉबिंसन ओबुया छह रन बनाकर मौजूद हैं। 

08:17 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : युगांडा को लगा पांचवां झटका

नवीन उल हक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए युगांडा को पांचवां झटका दिया। नवीन ने दिनेश को आउट करने के बाद अल्पेश रामजानी को आउट किया। अल्पेश खाता खोले बिना आउट हुए। 

08:14 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : दिनेश नकरानी आउट हुए

नवीन उल हक ने दिनेश नकरानी को आउट कर युगांडा को चौथा झटका दिया। दिनेश आठ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। 

08:03 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : सेसाजई आउट हुए

मुजीब उर रहमान ने साइमन सेसाजई को आउट कर युगांडा को तीसरा झटका दिया। सेसाजई चार रन बनाकर आउट हुए। 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी युगांडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने महज आठ रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। 

07:56 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : फारूकी ने युगांडा को दिए शुरुआती झटके

फजलहक फारूकी ने पहले ही ओवर में युगांडा को दो गेंदों पर दो झटके दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी युगांडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने रौनक पटेल तथा रोजर मुकासा के विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज रौनक चार रन और रोजर खाता खोले बिना आउट हुए। 

07:43 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : युगांडा को मिला 184 रनों का लक्ष्य

अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज की अर्धशतकीय पारी के दम युगांडा के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा। युगांडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन गुरबाज और जादरान ने पहले विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी कर अफगानिस्तान को मजबूत शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए।

जादरान और गुरबाज ने तूफानी बल्लेबाजी की और दोनों ने अर्धशतक जड़े। यह पहली बार है जब अफगानिस्तान ने टी20 विश्व कप में शतकीय साझेदारी की। हालांकि, युगांडा के कप्तान मसाबा ने जादरान को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद युगांडा ने शानदार वापसी की और अफगानिस्तान को लगातार झटके दिए। अंत में अफगानिस्तान का बल्लेबाजी आक्रमण लड़खड़ा गया और टीम अंत के छह ओवर में एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी। अफगानिस्तान के लिए गुरबाज ने 45 गेंदों पर चार चौके और चार छक्के की मदद से सर्वाधिक 76 रन और जादरान ने 46 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रन बनाए। युगांडा के लिए ब्रायन मसाबा और कोसमस कीवुता ने दो-दो विकेट झटके।

07:31 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : गुलबदिन पवेलियन लौटे

युगांडा ने वापसी करते हुए अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ा दी है। कोसमस कीवुता ने गुलबदिन नईब को आउट कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया। गुलबदिन चार रन बनाकर आउट हुए। 

07:26 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : नजिबुल्लाह आउट हुए

मसाबा ने नजिबुल्लाह को आउट कर युगांडा को तीसरी सफलता दिलाई। नजिबुल्लाह दो रन बनाकर आउट हुए। कप्तान मसाबा को यह इस मैच का दूसरा विकेट है। 

07:19 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : गुरबाज भी पवेलियन लौटे

युगांडा ने खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की और अफगानिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया। जादरान के बाद गुरबाज भी पवेलियन लौट गए हैं। गुरबाज को अल्पेश रामजानी ने आउट किया। गुरबाज 45 गेंदों पर 76 रन बनाकर आउट हुए। 

07:14 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : मसाबा ने किया जादरान की पारी का अंत

ब्रायन मसाबा ने युगांडा को पहली सफलता दिलाई। शानदार बल्लेबाजी कर रहे इब्राहिम जादरान को मसाबा ने आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया। जादरान 46 गेंदों पर 70 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ जादरान और गुरबाज के बीच पहले विकेट के लिए हुई 154 रनों की साझेदारी टूट गई। 

06:59 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : जादरान का भी पचासा

गुरबाज के बाद जादरान ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई है और दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। यह पहली बार है जब टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान ने 100 रनों की साझेदारी की है। 12 ओवर की समाप्ति के बाद अफगानिस्तान ने बिना किसी नुकसान के 120 रन बना लिए हैं। 

06:40 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : गुरबाज ने जड़ा अर्धशतक

गुरबाज ने युगांडा के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। यह गुरबाज का टी20 विश्व कप में पहला पचासा है। उनके साथ इब्राहिम जादरान क्रीज पर मौजूद हैं जो 37 रन बनाकर खेल रहे हैं। अफगानिस्तान ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 90 रन बना लिए हैं। 

06:28 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : अफगानिस्तान को स्कोर 60 रन के पार

जादरान और गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान का स्कोर पावरप्ले समाप्त होने के बाद 60 रन के पार पहंचा दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों की तेज पारी से अफगानिस्तान ने छह ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 66 रन बना लिए हैं। जादरान 34 रन और गुरबाज 31 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

06:14 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : अफगानिस्तान की तेज शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुरबाज और जादरान ने अफगानिस्तान को तेज शुरुआत दिलाई। तीन ओवर की समाप्ति के बाद अफगानिस्तान ने बिना किसी नुकसान के 29 रन बना लिए हैं। गुरबाज 22 रन और जादरान सात रन बनाकर खेल रहे हैं। 

06:03 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Live : अफगानिस्तान की पारी शुरू

युगांडा ने अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। अफगानिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है और रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ इब्राहिम जादरान पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। युगांडा के लिए अल्पेश रामजानी गेंदबाजी की शुरुआत करने आए।

05:56 AM, 04-Jun-2024

AFG vs UGA Highlights: अफगानिस्तान ने युगांडा को 125 रनों से हराया, फजलहक फारूकी ने झटके पांच विकेट

Live Cricket Score (AFG vs UGA) Afghanistan vs Uganda T20 World Cup: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्व कप 2024 में आज अफगानिस्तान का सामना युगांडा से है। दोनों टीमों के बीच ग्रुप-सी का मुकाबला गुयाना में खेला जा रहा है। कागजों में युगांडा से मजबूत दिख रही अफगानिस्तान की कोशिश विजय शुरुआत करने की होगी, जबकि युगांडा भी इस टूर्नामेंट में चमक बिखेरने की कोशिश करेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें