फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AFG vs SL Highlights: इस विश्व कप में अफगानिस्तान की तीसरी जीत, इंग्लैंड-पाकिस्तान के बाद श्रीलंका को हराया

Mon, 30 Oct 2023 10:00 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

ICC ODI World Cup 2023 Afghanistan vs Sri Lanka 2023 Highlights: वनडे विश्व कप 2023 के 30वें मैच में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हरा दिया है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रन बनाए और अफगानिस्तान ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार के साथ श्रीलंका के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है। वहीं, अफगानिस्तान ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बाद श्रीलंका को भी हरा दिया है।
विज्ञापन
अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:54 PM, 30-Oct-2023

अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हराया

अफगानिस्तान ने श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया है। यह इस विश्व कप में अफगानिस्तान की तीसरी जीत है। इससे पहले इस टीम ने इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराकर उलटफेर किया था। अब अफगानिस्तान की टीम अंक तालिका में छह अंक के साथ पांचवें नंबर पर आ गई है। वहीं, श्रीलंका के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। 

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 241 रन बनाए थे। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 45.2 ओवर में 242 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। श्रीलंका के लिए किसी भी बल्लेबाज ने बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन सभी के छुटपुट योगदान के चलते टीम 200 रन के पार पहुंच गई। सबसे ज्यादा पथुम निसांका ने बनाए। कुसल मेंडिस ने 39 और सदीरा समरविक्रमा ने 36 रन का योगदान दिया। अंत में तीक्ष्णा ने 29 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारुकी ने चार विकेट लिए। मुजीब उर रहमान को दो विकेट मिले। अजमतुल्लाह और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला।

242 रन का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने पहले ही ओवर में गुरबाज का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद इब्राहिम जादरान (39) ने रहमत शाह (62) के साथ मिलकर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। इन दोनों के आउट होने के बाद अजमतुल्लाह ओमरजई नाबाद 73 और कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी नाबाद 58 रन ने चौथे विकेट के लिए नाबाद शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी।

09:46 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: शहीदी और ओमरजई के बीच शतकीय साझेदारी

हशमतुल्लाह शहीदी और अजमतुल्लाह ओमरजई के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है और अपनी टीम के लिए मैच जिताऊ साझेदारी की है। अब अफगानिस्तान जीत की दहलीज पर पहुंच चुका है।

09:39 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: ओमरजई का अर्धशतक

हशमतुल्लाह शहीदी के बाद अजमतुल्लाह ओमरजई ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 50 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। विश्व कप में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। 43 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 223/3 है।

विज्ञापन
09:34 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: शहीदी का अर्धशतक

हशमतुल्लाह शहीदी ने 67 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस मैच में शानदार कप्तानी पारी खेली है और अपनी टीम को जीत के करीब ले आए हैं। विश्व कप में यह उनका चौथा अर्धशतक है। 42 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 214/3 है।

09:33 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान का स्कोर 200 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। अजमतुल्लाह और हशमतुल्लाह के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं और अफगानिस्तान के लिए जीत आसान दिख रही है।

विज्ञापन
09:31 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: शहीदी-ओमरजई के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

हशमतुल्लाह शहीदी और अजमतुल्लाह ओमरजई के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज शानदार लय में दिख रहे हैं। यह जोड़ी अच्छी गति से रन बना रही है और अफगानिस्तान जीत के करीब पहुंच रहा है। 38 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 188/3 है।

09:02 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। हशमतुल्लाह शहीदी और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे।

08:30 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान का तीसरा विकेट गिरा

131 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का तीसरा विकेट गिरा है। रहमत शाह 74 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कसून रजिता ने उन्हें करुणारत्ने के हाथों कैच कराया। इससे एक गेंद पहले ही समरविक्रमा ने उनका कैच छोड़ा था, लेकिन रहमत इसका फायदा नहीं उठा सके। अब हशमतुल्लाह शहीदी के साथ अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 139/3 है।

08:26 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: रहमत और हशमतुल्लाह के बीच शतकीय साझेदारी

रहमत शाह और हशमतुल्लाह शहीदी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब अफगानिस्तान की टीम जीत की तरफ बढ़ रही है। श्रीलंका की खराब फील्डिंग ने अफगानिस्तान का काम और आसान किया है। 27 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 126/2 है।

08:25 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: रहमत शाह का अर्धशतक

रहमत शाह ने 61 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे क्रिकेट में उनका 25वां अर्धशतक है। उनकी शानदार पारी के चलते अफगानिस्तान की टीम एक और अहम जीत की तरफ बढ़ रही है। 25 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 119/2 है।

08:23 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। रहमत शाह और हशमतुल्लाह शहीदी क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं।

07:43 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

73 रन पर अफगानिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। इब्राहिम जादरान 57 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दिलशान मदुशंका ने उन्हें दिमुथ करुणारत्ने के हाथों कैच कराया। अब रहमत शाह के साथ कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 83//2 है।

07:18 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: इब्राहिम-रहमत ने संभाली पारी

रहमनुल्लाह गुरबाज के आउट होने के बाद इब्राहिम जादरान और रहमत शाह ने अफगानिस्तान की पारी संभाली है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। अफगानिस्तान का स्कोर 14 ओवर के बाद 64/1 है।

06:41 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: अफगानिस्तान की खराब शुरुआत

242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने खराब शुरुआत की है। रहमनुल्लाह गुरबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। मदुशंका ने उन्हें बोल्ड किया। अब रहमत शाह और इब्राहिम जादरान क्रीज पर हैं। पांच ओवर के  बाद अफगानिस्तान का स्कोर 20/1 है।

05:52 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका ने 241 रन बनाए

पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 49.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 241 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान को यह मैच जीतने के लिए निर्धारित 50 ओवर में 242 रन बनाने होंगे। श्रीलंका के लिए किसी भी बल्लेबाज ने बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन सभी के छुटपुट योगदान के चलते टीम 200 रन के पार पहुंच गई। सबसे ज्यादा पथुम निसांका ने बनाए। कुसल मेंडिस ने 39 और सदीरा समरविक्रमा ने 36 रन का योगदान दिया। अंत में तीक्ष्णा ने 29 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारुकी ने चार विकेट लिए। मुजीब उर रहमान को दो विकेट मिले। अजमतुल्लाह और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला।

05:45 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का नौवां विकेट गिरा

239 रन पर श्रीलंका का नौवां विकेट गिरा है। मैथ्यूज 26 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। फारुकी ने उन्हें मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया। अब कसून रजिता और दिलसान मदुशंका क्रीज पर हैं।

05:42 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का आठवां विकेट गिरा

230 रन पर श्रीलंका का आठवां विकेट गिरा है। महीष तीक्ष्णा 31 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। फजलहक फारुकी ने उन्हें बोल्ड किया। अब मैथ्यूज के साथ कसून रजिता क्रीज पर हैं। 48 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 238/8 है।

05:27 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का स्कोर 200 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। मैथ्यूज के साथ तीक्ष्णा क्रीज पर हैं। ये दोनों अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेंगे। 46 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 222/7 है।

05:26 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा

185 रन पर श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा है। चमीरा एक रन बनाकर रन आउट हो गए। इब्राहिम जादरान ने उन्हें रन आउट किया। अब मैथ्यूज के साथ तीक्ष्णा क्रीज पर हैं।

05:16 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का छठा विकेट गिरा

180 रन पर श्रीलंका का छठा विकेट गिरा है। चरिथ असालंका 28 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। फजलहक फारुकी ने उन्हें राशिद खान के हाथों कैच कराया। अब मैथ्यूज के साथ चमीरा क्रीज पर हैं।

04:42 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका के पांच विकेट गिरे

167 रन पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। राशिद खान ने धनंजय डे सिल्वा को बोल्ड किया। उन्होंने 26 गेंद में 14 रन बनाए। अब चरिथ असालंका के साथ मैथ्यूज क्रीज पर हैं। 38 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 180/5 है।

04:41 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका का स्कोर 160 रन के पार

चार विकेट पर श्रीलंका का स्कोर 160 रन के पार जा चुका है। धनंजय डे सिल्वा के साथ चरिथ असालंका क्रीज पर हैं।

04:32 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Live: श्रीलंका के चार विकेट गिरे

33 ओवर के बाद श्रीलंका ने चार विकेट गंवाकर 157 रन बना लिए हैं। फिलहाल धनंजय डिसिल्वा 11 और चरिथ असलंका आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले मुजीब ने सदीरा समरविक्रम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 40 गेंद में 36 रन बना सके। 

03:33 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live Score: श्रीलंका को तीसरा झटका

28वें ओवर में 134 के स्कोर पर श्रीलंका को तीसरा झटका लगा। मुजीब उर रहमान ने कुसल मेंडिस को नजीबुल्लाह के हाथों कैच कराया। वह 50 गेंद में 39 रन बना सके। फिलहाल सदीरा समरविक्रमा और चरिथ असलंका क्रीज पर हैं।

03:29 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: श्रीलंका को दूसरा झटका

19वें ओवर में अजमतुल्लाह ने पाथुम निसांका को विकेटकीपर गुरबाज के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंद में 46 रन बना सके। निसांका ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। 19 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 85 रन है।

03:24 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: मेंडिस-निसांका ने संभाली पारी

17 ओवर के बाद श्रीलंका ने एक विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका 55 गेंद में 44 रन और कुसल मेंडिस 26 गेंद में 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी भी हो चुकी है। निसांका 14वें अर्धशतक के करीब हैं।

02:53 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: मेंडिस और निसांका क्रीज पर

11 ओवर के बाद श्रीलंका ने एक विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल कुसल मेंडिस तीन और पथुम निसांका 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 25 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।

02:28 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: श्रीलंका को पहला झटका

श्रीलंका को छठे ओवर में 22 के स्कोर पर पहला झटका लगा। फजलहक फारुकी ने दिमुथ करुणारत्ने को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 21 गेंद में 15 रन बना सके। छह ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 22 रन है। फिलहाल कप्तान कुसल मेंडिस और पथुम निसांका क्रीज पर हैं।

02:17 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू

श्रीलंका ने तीन ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 10 रन बना लिए हैं। फिलहाल पाथुम निसांका चार रन और दिमुथ करुणारत्ने छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

01:36 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, फजलहक फारुकी।

श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, एंजेलो मैथ्यूज, महीश तीक्ष्णा, कसुन राजिथा, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका।

01:33 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: अफगानिस्तान ने टॉस जीता

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। नूर अहमद की जगह फजलहक फारुकी की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान ने भी एक बदलाव किया है। टीम में तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा की वापसी हुई है। वह चोट की वजह से टीम से बाहर थे।

01:28 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: टॉस कुछ देर में

श्रीलंका और अफगानिस्तान मैच के लिए टॉस अब बस कुछ ही मिनटों में होने वाला है।

01:27 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: टीम इस प्रकार हैं:

श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान), कुसल परेरा, पथुम निसांका, दुशमंता, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरित असलंका, धनंजय डी सिल्वा, महेश तीक्षणा, डुनिथ वेलालेज, कासुन राजिथा, एंजेलो मैथ्यूज, दिलशान मदुशंका, दुशान हेमंथा, चमिका करुणारत्ने।

अफगानिस्तान : हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रियाज हसन, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्ला उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी , अब्दुल रहमान और नवीन उल हक।

01:26 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: अफगानिस्तान की स्पिन तिकड़ी अहम

टीम को इन दोनों के अलावा कप्तान कुसल मेंडिस से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। जहां तक अफगानिस्तान की बात है तो उसकी तरफ से अभी तक रहमनुल्लाह गुरबाज ने सर्वाधिक 224 रन बनाए हैं लेकिन इब्राहिम जादरान, हशमतुल्लाह शाहिदी, रहमत शाह ने भी पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है और वे श्रीलंका के खिलाफ आत्मविश्वास बनाए रखना चाहेंगे। गेंदबाजी में अफगानिस्तान का दारोमदार तेज गेंदबाज नवीन उल हक तथा राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान की स्पिन तिकड़ी पर टिका रहेगा।

01:26 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: मैथ्यूज की वापसी से श्रीलंका मजबूत

अनुभवी ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज के जुड़ने से टीम को मजबूती मिली है। श्रीलंका को हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले करारा झटका लगा है क्योंकि कुमारा चोटिल होने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह दुशमंता को टीम में शामिल किया गया है। कुमारा के बाहर होने से अन्य गेंदबाजों की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। दिलशान मदुशंका और कुसान राजिथा ने प्रतियोगिता में अब तक 11 और 7 विकेट लिए हैं और श्रीलंका को अगर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना है तो उन्हें और स्पिनर महेश तीक्षणा को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। बल्लेबाजी में पथुम निसांका और सदीरा समरविक्रमा इस साल अपने दो सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय बल्लेबाजों के रूप में उभरे हैं।

01:26 PM, 30-Oct-2023

SL vs AFG Live: श्रीलंका को आत्ममुग्धता से बचना होगा

लगातार दो जीत से उत्साहित श्रीलंका को वनडे विश्वकप में अपनी उम्मीदें जीवंत रखने के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ सोमवार को होने वाले मैच में आत्ममुग्धता से बचना होगा। श्रीलंका और अफगानिस्तान ने अभी तक पांच मैच में दो-दो जीत दर्ज किए हैं और वह सेमीफाइनल में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं। इसके लिए हालांकि उन्हें अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे और अन्य मैच के परिणाम अपने अनुकूल रहने के लिए भी दुआ करनी होगी। इस मैच में हालांकि एक टीम को ही जीत मिलेगी और ऐसे में दूसरी टीम की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। श्रीलंका ने पहले तीन मैच में पराजय झेलने के बाद अगले दो मैच में जीत दर्ज करके अपनी उम्मीद जगाई है लेकिन वह अगर अफगानिस्तान को कम करके आंकते हैं तो यह उनकी बहुत बड़ी भूल होगी। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराकर अपनी क्षमता का अच्छा परिचय दिया है और वह अब श्रीलंका के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करेगा। श्रीलंका को इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में लाहिरू कुमारा की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और मजबूत क्षेत्ररक्षण के कारण जीत मिली।

01:20 PM, 30-Oct-2023

AFG vs SL Highlights: इस विश्व कप में अफगानिस्तान की तीसरी जीत, इंग्लैंड-पाकिस्तान के बाद श्रीलंका को हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज वनडे विश्व कप 2023 के 30वें मैच में अफगानिस्तान का सामना श्रीलंका से है। यह मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान और श्रीलंका दोनों ने ही अपने-अपने पिछले मैच में जीत हासिल की है। ऐसे में दोनों टीमें इस लय को बरकरार रखने उतरी हैं। हारने वाली टीम के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो जाएगा। अफगानिस्तान ने पिछले मैच में पाकिस्तान और श्रीलंका ने इंग्लैंड को हराया था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें