फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Highlights : भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से हराया, बुमराह-अर्शदीप ने झटके तीन-तीन विकेट

Thu, 20 Jun 2024 11:51 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

खास बातें

Afghanistan vs India T20 World Cup : भारतीय टीम ने ग्रुप चरण की लय सुपर आठ में भी बरकरार रखी और अफगानिस्तान के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव के बाद जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने गेंदबाजी में प्रभावित किया और टीम की जीत में अहम योगदान निभाया।
विज्ञापन
अफगानिस्तान बनाम भारत लाइव स्कोर - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:36 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : भारत ने अफगानिस्तान को हराया

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने टी20 विश्व कप में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से हराया और सुपर आठ चरण के ग्रुप एक मैच में जीत दर्ज की। इस चरण में यह भारत का पहला मुकाबला था और टीम ने विजयी शुरुआत की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में बुमराह और अर्शदीप ने तीन-तीन विकेट झटके जिसके दम पर भारत ने 20 ओवर में अफगानिस्तान को 134 रनों पर ढेर कर दिया। 

अफगानिस्तान के लिए अजमातुल्लाह ओमरजई ने 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 26 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन किया और स्कोर का बचाव करने में सफलता हासिल की। भारत का सामना अब शनिवार को बांग्लादेश से होगा। भारत सुपर आठ चरण के ग्रुप एक में दो अंक लेकर शीर्ष स्थान पर है।

11:24 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : अर्शदीप ने लगातार दूसरी गेंद पर लिया विकेट

अर्शदीप ने लगातार दूसरी गेंद पर विकेट लेकर अफगानिस्तान को मुश्किल में डाल दिया है। अर्शदीप ने नवीन को खाता खोले बिना आउट कर पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान को अब 12 गेंदों पर 57 रनों की जरूरत है। 

11:23 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : राशिद खान पवेलियन लौटे

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कप्तान राशिद खान को आउट कर अफगानिस्तान को आठवां झटका दिया। राशिद ने छह गेंदों पर दो रन बनाए। अफगानिस्तान को अब जीत के लिए 14 गेंदों पर 61 रनों की जरूरत है। 

विज्ञापन
11:16 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : भारत को सातवीं सफलता

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने भारत को सातवीं सफलता दिलाते हुए मैच में टीम की पकड़ बनाई। अफगानिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद नबी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। नबी 14 गेंदों पर 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुलदीप का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

11:11 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : नजिबुल्लाह जादरान आउट हुए

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को झटका दिया। बुमराह ने नजिबुल्लाह जादरान को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। जादरान 17 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
10:51 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : अजमातुल्लाह पवेलियन लौटे

रवींद्र जडेजा ने अजमातुल्लाह को आउट कर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने 73 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। 

10:48 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : गुलबदिन आउट हुए

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया। कुलदीप ने गुलबदिन नईब को आउट कर उनकी ओमरजई के साथ हो रही साझेदारी को तोड़ा। इस विश्व कप में पहली बार कुलदीप को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया और उन्होंने प्रभाव छोड़ने में देर नहीं लगाई। 

10:41 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : ओमरजई-नईब ने संभाला

शुरुआती झटकों के बाद अजमातुल्लाह ओमरजई और गुलबदिन नईब ने अफगानिस्तान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की सधी हुई पारी की मदद से अफगानिस्तान ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। 

10:22 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : बुमराह ने जजई को आउट किया

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी कर हजरतुल्लाह जजई को आउट कर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया। जजई चार गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने 23 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। 

10:19 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : इब्राहिम जादरान पवेलियन लौटे

अक्षर पटेल ने इब्राहिम जादरान को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। जादरान 11 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। 

10:10 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : गुरबाज आउट हुए

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया। गुरबाज आठ गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। गुरबाज ने हजरतुल्लाह जजई के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले ओवर में 13 रन बनाए, लेकिन बुमराह ने इस साझेदारी को तोड़ने में देर नहीं लगाई।

09:50 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : अफगानिस्तान को मिला 182 रनों का लक्ष्य

सूर्यकुमार यादव के शानदार अर्धशतक और हार्दिक पांड्या के साथ उनकी साझेदारी के दम पर भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ चरण के मुकाबले में 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारूकी और कप्तान राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लिए और भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में रखा। हालांकि, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक ने पांचवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी कर टीम को मुसीबत से निकाला। 

सूर्यकुमार 28 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा भारतीय उपकप्तान हार्दिक ने 24 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों के सहारे 32 रन बनाए। अंत में अक्षर पटेल ने कुछ अच्छे शॉट खेले जिसकी मदद से भारत 180 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। 

09:41 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : जडेजा आउट हुए

फजलहक फारूकी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रवींद्र जडेजा को आउट कर भारत को सातवां झटका दिया। जडेजा पांच गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। फारूकी ने इस मैच का अपना तीसरा विकेट लिया।

09:38 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : हार्दिक पांड्या पवेलियन लौटे

नवीन उल हक ने हार्दिक पांड्या को आउट कर भारत को छठा झटका दिया। सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर शानदार साझेदारी निभाने वाले हार्दिक 24 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रवीद्र जडेजा और अक्षर पटेल मौजूद हैं।

09:30 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : सूर्यकुमार यादव आउट

फजलहक फारूकी ने शानदार लय में दिख रहे सूर्यकुमार यादव को आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। सूर्यकुमार यादव अच्छी फॉर्म में चल रहे थे और उन्होंने अपने करियर का 19वां अर्धशतक लगाया, लेकिन फजलहक ने उनकी पारी का अंत करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। 

09:29 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : सूर्यकुमार ने जड़ा अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। यह उनके करियर का 19वां पचासा है। उनकी पारी के दम पर ही भारत 150 रन का स्कोर पार करने में सफल रहा।

09:13 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : सूर्यकुमार की सधी बल्लेबाजी

लगातार झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव ने भारतीय पारी को संभाला और कुछ अच्छे शॉट खेल अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ाया। दूसरे छोर से सूर्यकुमार का साथ देने हार्दिक पांड्या मौजूद हैं। 14 ओवर की समाप्ति के बाद भारत ने चार विकेट पर 115 रन बना लिए हैं। 

08:57 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : राशिद ने भारत को दिया चौथा झटका

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने शिवम दुबे को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। शिवम राशिद की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। शिवम ने सात गेंदों पर 10 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं और उनका साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं।

08:41 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : कोहली पवेलियन लौटे

स्पिनर राशिद खान ने भारत को बड़ा झटका देते हुए सेट हो चुके विराट कोहली को पवेलियन भेजा। कोहली अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली 24 गेंदों पर 24 रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए। 

08:35 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : पंत आउट हुए

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने विकेट गंवा बैठे और कोहली के साथ उनकी अच्छी साझेदारी का अंत हुआ। कप्तान राशिद खान ने पंत को एलबीडब्ल्यू आउट किया और भारत को दूसरा झटका दिया। पंत 11 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। भारत के खिलाफ पिछले तीन टी20 में राशिद का यह पहला विकेट है।

08:29 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : कोहली-पंत ने संभाला

कप्तान रोहित शर्मा के सस्ते में आउट होने के बाद विराट कोहली और ऋषभ पंत ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सधी हुई पारी खेल पावरप्ले में टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। भारत ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 47 रन बनाए हैं। 

08:13 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : कप्तान रोहित शर्मा आउट

फजलहक फारूकी ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आउट कर अफगानिस्तान को पहली सफलता दिलाई। रोहित 13 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ भारतीय ओपनिंग जोड़ी एक बार फिर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में नाकाम रही। 

08:00 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : भारत की पारी शुरू

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की पारी शुरू हो गई है और कप्तान रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर उतरे हैं। 

07:36 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह। 

अफगानिस्तानः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, नजिबुल्लाह जादरान, हजरतुल्लाह जजई, गुलबदिन नईब, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, नवीन उल हक, फजलहक फारूकी। 
 

07:33 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : भारत का टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर आठ चरण के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारत ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। टीम ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की जगह कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है। अफगानिस्तान ने भी टीम में एक बदलाव किया है। करीम जनत इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह हजरतुल्लाह जजई को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।

07:19 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : राशिद के सवालों से होगा बचाना

मध्य ओवर में अफगानिस्तान के पास खुद राशिद खान हैं, जो काफी किफायती रहते हैं। भारतीय मध्य क्रम के सामने उन के खिलाफ रन बनाने की चुनौती रहेगी। हालांकि भारत के पास अफगानिस्तान की स्पिन की काट में पावरप्ले में तेजी रन बनाना होगी। वेस्टइंडीज ने यही किया। उन्होंने पावरप्ले में रिकॉर्ड 92 रन बनाकर अफगानिस्तानी स्पिनरों को बैकफुट पर ला दिया था। बल्लेबाजी में अफगानिस्तान रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान पर अब तक निर्भर रहा है।

07:04 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : फारूकी से रहना होगा सावधान

अफगानिस्तान को अपने अंतिम ग्रुप मैच में मेजबान वेस्टइंडीज के हाथों करारी हार मिली है। कप्तान राशिद खान इस हार को झटके रूप में जरूर देख रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि टीम मनोबल काफी ऊंचा है और यह हार हमें प्रभावित नहीं करेगी। राशिद कहते हैं कि हम अपना पहला लक्ष्य हासिल कर चुके हैं। अब दूसरे लक्ष्य को हासिल करने की बारी है। अफगानिस्तान के लिए इस विश्वकप में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी एक हीरो के रूप में उभरे हैं। वह चार मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं और टूर्नामेंट में अब तक सर्वाधिक विकेट हासिल करने गेंदबाज हैं। रोहित और विराट का बतौर ओपनर उनका सामना करना आसान नहीं होगा। उन्हें नई गेंद से काफी स्विंग मिली है। उन्हें अब तक खेलना आसान नहीं रहा है।

06:52 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : विराट ने रनों के लिए जमकर बहाया पसीना

टीम संयोजन केे अलावा भारत की एकमात्र चिंता विराट कोहली का ग्रुप दौर में नहीं चलना हो सकता है। विराट ओपनिंग करते हुए तीन मैचों में सिर्फ पांच रन बना पाए हैं। अमेरिका के खिलाफ वह गोल्डन डक पर आउट हुए थे। हालांकि अभ्यास सत्र में विराट ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने हर तरह के गेंदबाज पर लंबी बल्लेबाजी की। उम्मीद यही है कि विराट एक बार फिर रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरेंगे। सूर्यकुमार भी अमेरिका के खिलाफ नाबाद 50 रन बनाकर अपने फॉर्म में आने का परिचय दे चुके हैं। हार्दिक पंड्या गेंदबाजी से शानदार रहे हैं, लेकिन बल्लेबाजी में उन्हें अपनी छाप छोडऩे की जरूरत है। पाकिस्तान के खिलाफ वह नहीं चल पाए थे।

06:25 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : टीम में सिराज होंगे या कुलदीप?

केंसिंग्टन ओवल में भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को देखकर लगा कि यहां स्पिनरों को मदद मिलने वाली है। साथ ही नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग भी मिलेगा। न्यूयॉर्क में भारत तेज गेंदबाज बुमराह, सिराज, अर्शदीप और ऑलराउंडर हार्दिक, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल के साथ उतरा था। इस आक्रमण के साथ उतरने में रोहित को बल्लेबाजी में गहराई मिल रही है, जिसका गेंदबाजी को सहायता देने वाली अमेरिकी पिचों पर भारत को फायदा भी मिला। ब्रिजटाउन में भारत को एक कलाई के स्पिनर की जरूरत होगी। देखना यह होगा कि कुलदीप को अर्शदीप या सिराज पर वरीयता दी जाती है या फिर उन्हें सिराज के स्थान पर खिलाया जाता है। कोच राहुल द्रविड़ ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बदलाव के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने कुलदीप-चहल में से किसी एक रिस्ट स्पिनर को खिलाने की वकालत की है।

06:08 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : पिच को लेकर क्या बोले द्रविड़?

भारत ने न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी स्टेडियम में अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा किया था क्योंकि वहां की ‘ड्रॉप-इन’ पिचों में असमान उछाल था जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिली। द्रविड़ ने सुपर आठ मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था, 'किसी को भी बाहर रखना मुश्किल है। न्यूयॉर्क में तेज गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां थोड़ी अलग थीं। हमें यहां (बारबाडोस में) कुछ अलग करने की जरूरत हो सकती है। युजी (युजवेंद्र चहल) या कुलदीप (यादव) का इस्तेमाल यहां किया जा सकता है।'

05:52 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : इसी साल जनवरी में भारत ने अफगानिस्तान को हराया था

इसी साल जनवरी में अफगानिस्तान की टीम भारत के दौरे पर आई थी। तीन मैचों की सीरीज खेली गई थी और भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। सीरीज का आखिरी मुकाबला डबल सुपरओवर में गया था, जिसे टीम इंडिया ने जीता था। इस हिसाब से भी भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार चार मैच जीतने उतरेगी। सुपर-8 के लिए टीम इंडिया में कुछ बदलाव भी हो सकते हैं। कुलदीप यादव या युजवेंद्र चहल में से किसी एक को खेलने का मौका मिल सकता है। 

05:41 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Live : आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

भारत और अफगानिस्तान की टीमों के बीच अब तक टी20 में कुल आठ मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया ने सात मैच जीते हैं। वहीं, एक का कोई नतीजा नहीं निकला। टी20 विश्व कप में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं। भारतीय टीम ने तीनों ही मैच जीते हैं। ऐसे में टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ जीत का चौका लगाने उतरेगी। इतना ही नहीं दोनों के बीच पिछले तीन मैच भारत ने ही जीते हैं।

05:33 PM, 20-Jun-2024

IND vs AFG Highlights : भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से हराया, बुमराह-अर्शदीप ने झटके तीन-तीन विकेट

Live Cricket Score (AFG vs IND) Afghanistan vs India T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच सुपर आठ चरण का मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों ने ग्रुप चरण में अच्छा प्रदर्शन किया था और अब भारत की नजरें अपने विजय अभियान को जारी रखने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें