इब्राहिम जादरान की शतकीय और अजमतुल्लाह उमरजई की घातक गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। बुधवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राशिद खान के नेतृत्व वाली टीम ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 325 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 49.5 ओवर में 317 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस तरह अफगानिस्तान ने आठ रन से मौजूदा टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
जोस बटलर की टीम का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। इससे पहले उन्हें ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट से हराया था। अब टीम को अपना अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। यह मुकाबला शनिवार (1 मार्च) को कराची में खेला जाएगा। वहीं, अफगानिस्तान ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। ग्रुप बी की तालिका में राशिद खान की टीम दो अंक और -0.990 के नेट रनरेट के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है जबकि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया क्रमश: पहले और दूसरे पायदान पर हैं। अब अफगानिस्तान को अपना तीसरा मुकाबला शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने आखिरी दम तक कोशिश की लेकिन अफगानी गेंदबाजों के हाथों उसे शिकस्त मिली। अजमतुल्लाह उमरजई इंग्लिश बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने 19 के स्कोर पर ही फिल सॉल्ट को पवेलियन भेज दिया था। वह सिर्फ 12 रन बना सके। इसके बाद मोहम्मद नबी ने जैमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज को उमरजई के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ नौ रन बनाकर लौटे। टीम को तीसरा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने बेन डकेट (38) को एलबीडब्ल्यू आउट किया।
इंग्लैंड के लिए जो रूट ने शतकीय पारी खेली। उन्होंने 111 गेंदों में 120 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और एक छक्का निकला। उनके अलावा हैरी ब्रूक ने 25, जोस बटलर ने 38, लियाम लिविंगस्टोन ने 10, जैमी ओवरटन ने 32, जोफ्रा आर्चर ने 14, आदिल राशिद ने पांच और मार्क वुड ने दो* रन बनाए।
अफगानिस्तान के लिए उमरजई के अलावा मोहम्मद नबी ने दो विकेट लिए जबकि फजलहक फारुकी, राशिद खान और गुलबदीन नईब को एक-एक सफलता मिली।
इंग्लैंड को आठवां झटका भी अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने जैमी ओवरटन को अपना शिकार बनाया। वह 28 गेंदों में 32 रन बनाकर लौटे। फिलहाल क्रीज पर जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद मौजूद हैं।
इंग्लैंड को सातवां झटका अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। वह 111 गेंदों में 120 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर जेमी ओवरटन और जोफ्रा आर्चर मौजूद हैं।
इंग्लैंड को छठा झटका गुलबदीन नईब ने दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 10 रन बना सके। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेमी ओवरटन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए जो रूट क्रीज पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड को पांचवां झटका अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने कप्तान जोस बटलर को रहमत शाह के हाथों कैच कराया। वह 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए जो रूट के साथ 83 रनों की साझेदारी निभाई। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रूट मौजूद हैं। 37 ओवर के बाद स्कोर 220/5 है।
33 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। इंग्लैंड ने चार विकेट खोकर 197 रन बना लिए हैं। जो रूट (73) और जोस बटलर (31) क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 64* रनों की साझेदारी हो चुकी है।
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने अफगानिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में अर्धशतक जड़ दिया है। इंग्लैंड ने 26 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 151 रन बना लिए हैं। रूट के साथ कप्तान जोस बटलर भी क्रीज पर मौजूद हैं।
मोहम्मद नबी ने हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। ब्रूक 21 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने 133 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। उसे अभी जीत के लिए और 193 रन बनाने हैं। फिलहाल क्रीज पर जो रूट के साथ जोस बटलर मौजूद हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। अफगानिस्तान को अब तक तीन सफलता मिल चुकी है। फिल सॉल्ट और जैमी स्मिथ के बाद बेन डकेट भी आउट हो गए हैं। डकेट को राशिद खान ने आउट किया जो 45 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटका लगने के बाद बेन डकेट और जो रूट ने इंग्लैंड की पारी संभाला जिससे उसने 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 60 रन बना लिए हैं। उसे अभी जीत के लिए और 266 रन बनाने हैं। पावरप्ले में अफगानिस्तान को दो सफलता मिली है।
मोहम्मद नबी ने जैमी स्मिथ को आउट कर अफगानिस्तान को दूसरी सफलता दिलाई है। स्मिथ 13 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हो गए हैं। इस तरह इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
अजमातुल्लाह ओमरजई ने फिल सॉल्ट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दे दिया है। ओमरजई ने सॉल्ट को बोल्ड किया जो 13 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड की ओर से फिल सॉल्ट और बेन डकेट पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। इंग्लैंड ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना विकेट गंवाए 17 रन बना लिए हैं।
इब्राहिम जादरान के 177 रनों की पारी की मदद से अफगानिस्तान ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 326 रनों का लक्ष्य रखा है। अफगानिस्तान ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने शुरुआत में ही अफगानिस्तान को तीन झटके दिए। हालांकि, जादरान ने शाहिदी के साथ मिलकर पारी को संभाला और ऐतिहासिक पारी खेली जिससे अफगानिस्तान 50 ओवर में सात विकेट पर 325 रन बनाने में सफल रहा।
शुरुआती झटकों के बाद जादरान ने कप्तान हशमातुल्लाह शाहिदी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी की। शाहिदी के आउट होने के बाद भी जादरान अपनी पारी को संभाले रहे और उन्होंने शतक जड़ा। इसके बाद भी उन्होंने रन गति धीमी नहीं पड़ने दी। जादरान ने 146 गेंदों की अपनी पारी में 12 चौके और छह छक्के लगाए और चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने में सफल रहे। अफगानिस्तान और इंग्लैंड दोनों के लिए यह मुकाबला काफी अहम है।
अफगानिस्तान के लिए जादरान के अलावा अजमातुल्लाह ओमरजई ने 41 रन, शाहिदी ने 40 रन और मोहम्मद नबी ने 24 गेंदों पर 40 रन बनाए। वहीं, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 6, सेदिकुल्लाह अटल ने 4 और रहमात शाह 4 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से आर्चर ने तीन विकेट लिए, जबकि लियाम लिविंगस्टोन को दो विकेट और जैमी ओवरटन तथा आदिल राशिद को एक-एक विकेट मिला।
लियाम लिविंगस्टोन ने अंतिम ओवर में इब्राहिम जादरान को आउट कर अफगानिस्तान को छठा झटका दिया। जादरान 146 गेंदों पर 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से 177 रन बनाकर आउट हुए। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में किसी खिलाड़ी का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।
इब्राहिम जादरान की शानदार बल्लेाजी की मदद से अफगानिस्तान का स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 275 के पार पहुंच गया है। जादरान 150 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और उनके साथ मोहम्मद नबी हैं। 46 ओवर की समाप्ति के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 276 रन है।
जैमी ओवरटन ने अजमातुल्लाह ओमरजई को आउट कर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया है। अजमातुल्लाह 31 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। ओमरजई के पास अर्धशतक लगाने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। इब्राहिम जादरान हालांकि, अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। अफगानिस्तान ने 40 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 212 रन बना लिए हैं।
अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने इंग्लैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में शतक जड़ दिया है। जादरान ने ऐसे समय अफगानिस्तान की पारी को संभाला जब टीम मुश्किल स्थिति में थी। उन्होंने हशमातुल्लाह शाहिदी के साथ शतकीय साझेदारी की और अब खुद शतक जड़ने में सफल रहे। जादरान ने 2023 वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाया था। वह इस टूर्नामेंट में भी अफगानिस्तान के लिए ऐसा करने में सफल रहे। जादरान की शानदार पारी की मदद से अफगानिस्तान ने 37 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 190 रन बना लिए हैं।
इब्राहिम जादरान शतक के करीब पहुंच गए हैं। शाहिदी के आउट होने के बाद जादरान ने अजमातुल्लाह ओमरजई के साथ मिलकर साझेदारी निभाई है जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 35 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 172 रन हो गया है।
आदिल राशिद ने हशमातुल्लाह शाहिदी को आउट कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया। शाहिदी और इब्राहिम जादरान के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई थी, लेकिन आदिल ने इस साझेदारी को तोड़ा। शाहिदी अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन राशिद ने उन्हें पचासा पूरा करने नहीं दिया। शाहिदी 67 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए।
इब्राहिम जादरान ने इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़कर अफगानिस्तान की पारी को संभाल लिया है। जादरान का वनडे में यह आठवां पचासा है। उन्होंने इसके साथ ही हशमातुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी भी पूरी कर ली है।
शुरुआती झटकों के बाद हशमातुल्लाह शाहिदी और इब्राहिम जादरान ने अफगानिस्तान की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। 22 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 91 रन है। इससे पहले तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अफगानिस्तान को तीन झटके दिए थे।
अफगानिस्तान को तीसरा झटका भी जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने रहमत शाह को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर इब्राहिम जादरान और हशमतुल्लाह शहीदी हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 40/3 है।
जोफ्रा आर्चर ने अपने एक ही ओवर में अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया है। पारी का पांचवां ओवर डालने आए आर्चर ने पहली गेंद पर गुरबाज को बोल्ड किया और फिर पांचवीं गेंद पर सेदिकुल्लाह अटल को एलबीडब्ल्यू कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया। सेदिकुल्लाह चार गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 15 रन गंवा दिए हैं।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया है। आर्चर ने गुरबाज को बोल्ड किया। गुरबाज 15 गेंदे खेलकर सात रन बनाकर आउट हुए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पारी शुरू हो गई है। इब्राहिम जादरान के साथ रहमानुल्लाह गुरबाज क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट, बेन डकेत, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जोफ्रा आर्चर, जैमी ओवरटन, आदिल राशिद, मार्क वुड।
अफगानिस्तानः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नईब, राशिद खान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
अफगानिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। इंग्लैंड की टीम ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। चोटिल ब्रायडन कार्स की जगह जैमी ओवरटन को मौका मिला है। वहीं, अफगानिस्तान की टीम ने कोई बदलाव नहीं किया है।
जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो उसकी अपनी परेशानियां हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में उसके गेंदबाजों ने निराश किया तो बल्लेबाज भी नहीं चल पाए जिससे उसकी टीम को 107 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। अफगानिस्तान की टीम में लगभग वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने पिछले साल उसे टी20 के सेमीफाइनल में पहुंचाया था। अफगानिस्तान को अगर सेमी फाइनल की अपनी उम्मीदों को बनाए रखना है तो उसके खिलाड़ियों को एकजुट होकर प्रदर्शन करना होगा।
इंग्लैंड का सीमित ओवरों की क्रिकेट में दबदबा अब बीते दिनों की बात हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगर उसके बल्लेबाज चले तो गेंदबाजों ने निराश किया जो 350 से अधिक के स्कोर का बचाव नहीं कर पाए। इसलिए देखा जाए तो इंग्लैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार का सामना करने से आहत इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिए अफगानिस्तान की स्पिन चुनौती की कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। इंग्लैंड और अफगानिस्तान को अपने पहले मैच में पराजय का सामना करना पड़ा था और इसलिए दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा बन गया है।
Live Cricket Score Today, AFG vs ENG Champions Trophy 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज अफगानिस्तान का सामना इंग्लैंड से है। दोनों ही टीमों ने ग्रुप बी के अपने पहले मैच गंवाए थे और सेमीफाइनल के लिए अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिए दोनों के लिए जीत बेहद जरूरी है।