फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AFG vs BAN Highlights: जीत के साथ अफगानिस्तान सेमीफाइनल में, ऑस्ट्रेलिया को झटका, बांग्लादेश आठ रन से हारा

Tue, 25 Jun 2024 11:36 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, किंग्सटाउन

खास बातें

AFG vs BAN Highlights Today Match : टी20 विश्व कप का आखिरी सुपर-8 मैच अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच सेंट विन्सेंट का आर्नोस वेल ग्राउंड में खेला गया अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश की टीम यह मैच आठ रन से हार गई और अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है।
विज्ञापन
अफगानिस्तान की टीम - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:36 AM, 25-Jun-2024

अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचे

अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 विश्व कप से बाहर हो गई है। ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें बांग्लादेश की टीम पर टिकी थीं। कम स्कोर वाले इस मैच में एक वक्त ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश की टीम खुद तो नहीं क्वालिफाई करेगी, अफगानिस्तान को भी बाहर कर देगी। इसका फायदा ऑस्ट्रेलिया को होता, लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए विकेट हासिल किए और जीत हासिल की। अब अफगानिस्तान का पहले सेमीफाइनल में 27 जून को सामने दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं, भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 115 रन बना पाई थी। इसके बाद जब बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी के लिए आई तो कई बार बारिश ने खलल डाला। बांग्लादेश को सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए 12.1 ओवर में 116 रन बनाने थे। हालांकि, अफगानिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए। तंजीद हसन (0), कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (5) और शाकिब अल हसन (0) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद राशिद खान का जलवा देखने को मिला। उन्होंने सौम्य सरकार, तौहिद हृदोय, महमूदुल्लाह और रिशाद हुसैन को पवेलियन भेजा।

हालांकि, लिटन दास एक छोर से टिके रहे। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। बीच में बारिश की वजह से मैच रुका और अंपायर्स ने एक ओवर घटा दिया। डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश को 19 ओवर में 114 रन का लक्ष्य मिला। 80 रन पर बांग्लादेश ने सात विकेट गंवा दिए थे। जैसे ही गुलबदीन नईब ने तंजीम हसन शाकिब को पवेलियन भेजा, मैच और रोमांचक हो गया। लिटन दास और तस्कीन अहमद क्रीज पर थे। लगा कि लिटन मैच जिता ले जाएंगे। आखिरी 12 गेंद में बांग्लादेश को 12 रन की जरूरत थी। नवीन उल हक गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने लगातार दो गेंद पर तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान को पवेलियन भेज अफगानिस्तान को जीत दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचाया। अफगानिस्तान की टीम किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहली बार पहुंची है।

10:33 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश को नौवां झटका

105 के स्कोर पर बांग्लादेश को नौवां झटका लगा। नवीन उल हक ने तस्कीन को आउट किया। अब बांग्लादेश की टीम को आठ गेंद में नौ रन की जरूरत है। अगर वह जीते तो ऑस्ट्रेलियाई टीम क्वालिफाई कर जाएगी। 

10:22 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: रोमांचक हुई जंग

बांग्लादेश को 18 गेंद में 16 रन की जरूरत है। लिटन दास ने अर्धशतक पूरा किया। बांग्लादेश की टीम अब अगर जीतती है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम क्वालिफाई कर जाएगी। फिलहाल लिटन के साथ तस्कीन क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:11 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश को आठवां झटका

बांग्लादेश को 92 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर गुलबदीन नईब ने तंजीम हसन शाकिब को कैच आउट कराया। फिलहाल लिटन दास और तस्कीन अहमद क्रीज पर हैं। बांग्लादेश क्वालिफिकेशन की रेस से बाहर हो चुका है। अब उसके जीतने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अफगानिस्तान को हर हाल में जीत जरूरी है। 15 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर आठ विकेट पर 94 रन है। अब उन्हें 24 गेंद में 20 रन की जरूरत है। यह मैच 19 ओवर का है और डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश के सामने 114 रन का लक्ष्य है।

10:05 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश सेमीफाइनल की रेस से बाहर

बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस से बाहर हो चुकी है। उसे 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब बांग्लादेश को जीत के लिए 36 गेंद में 26 रन चाहिए। अब अगर बांग्लादेश जीतता है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए किसी भी कीमत पर जीत हासिल करना होगा। 13 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर सात विकेट पर 88 रन है। लिटन दास और तंजीम हसन शाकिब क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:00 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बारिश रुकी, लक्ष्य घटाया गया

बारिश रुक चुकी है। एक ओवर घटाया गया है। बांग्लादेश को अब 19 ओवर में 114 रन का लक्ष्य दिया गया है। इसमें से बांग्लादेश ने 82 रन बना लिए हैं और सात विकेट गंवा चुके हैं। उन्हें 42 गेंद में 32 रन की जरूरत है। फिलहाल लिटन दास और तंजिम हसन शाकिब क्रीज पर हैं। हालांकि, बांग्लादेश ने क्वालिफाई करने का मौका गंवा दिया है।

09:58 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बारिश की वजह से रुका मैच

बांग्लादेश ने 11.4 ओवर में सात विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए बांग्लादेश के सामने तीन गेंद पर 35 रन का असंभव लक्ष्य है। वहीं, डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश से अफगानिस्तान दो रन से आगे है। वहीं, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान को हर हाल में जीत जरूरी है।

09:50 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश के सात विकेट गिरे

बांग्लादेश को 11वें ओवर में राशिद ने दो झटके दिए। उन्होंने पहले पांचवीं गेंद पर महमूदुल्लाह को विकेटकीपर इशाक के हाथों कैच कराया। फिर आखिरी गेंद पर रिशाद हुसैन को क्लीन बोल्ड किया। 11 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर सात विकेट पर 80 रन है। सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए उन्हें सात गेंद में 36 रन की जरूरत है।

09:42 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: 10 ओवर का खेल समाप्त

10 ओवर के बाद बांग्लादेश ने पांच विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। उन्हें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए अगले 13 गेंद में 39 रन की जरूरत है। इसके बाद चेज करने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अफगानिस्तान के लिए हर हाल में जीत जरूरी है।

09:36 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश को पांचवां झटका

बांग्लादेश को 64 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। राशिद खान ने तौहिद हृदोय को जादरान के हाथों कैच कराया। फिलहाल लिटन दास और महमूदुल्लाह क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 73 रन है। बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब 19 गेंद में 43 रन की जरूरत है। अफगानिस्तान को हर हाल में जीत जरूरी है।

09:30 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश को चौथा झटका

48 के स्कोर पर बांग्लादेश को चौथा झटका लगा। सात ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 51 रन है। उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले पांच ओवर में 65 रन की जरूरत है। फिलहाल लिटन दास और तौहिद हृदोय क्रीज पर हैं।

09:21 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: पांच ओवर खत्म

पांच ओवर के बाद बांग्लादेश ने तीन विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले सात ओवर में 73 रन की जरूरत है। वहीं, अफगानिस्तान को जीत जरूरी है।

09:12 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: मैच शुरू, ओवर्स में कटौती नहीं

बारिश रुक चुकी है। मैच शुरू हो चुका है। बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 53 गेंद में 85 रन की जरूरत है। सौम्य सरकार और लिटन दास क्रीज पर हैं। अफगानिस्तान के लिए जीत जरूरी है। 53 गेंद से ज्यादा लेने पर बांग्लादेश की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी।

08:48 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

बारिश ने इस मैच में दूसरी बार खलल डाला है। 116 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 3.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 32 रन बना लिए हैं। फिलहाल सौम्य सरकार और लिटन दास क्रीज पर हैं। बांग्लादेश को सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के लिए 53 गेंद में 85 रन बनाने हैं। वहीं, अफगानिस्तान के लिए जीत जरूरी है, या फिर यह मैच बारिश से धुल जाए। 53 गेंद के बाद बांग्लादेश के जीतने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। 

08:40 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: नवीन हैट्रिक से चूके

बांग्लादेश को पारी के तीसरे ओवर में नवीन ने लगातार दो गेंद पर दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को नबी के हाथों कैच कराया। शांतो ने पांच रन बनाए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर शाकिब अल हसन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह खाता नहीं खोल सके। फिलहाल लिटन दास और सौम्य सरकार क्रीज पर हैं। बांग्लादेश का स्कोर तीन ओवर के बाद तीन विकेट पर 24 रन है।

08:30 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश को पहला झटका

दूसरे ओवर में 16 के स्कोर पर बांग्लादेश को पहला झटका लगा। फजलहक फारूकी ने तंजीद हसन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके। फिलहाल लिटन दास और कप्तान नजमुल हसन शांतो क्रीज पर हैं।

08:18 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बांग्लादेश की बैटिंग शुरू

बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। लिटन दास और तंजीद हसन क्रीज पर हैं। बांग्लादेश ने 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया तो टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। सेमीफाइनल की जंग रोमांचक हो चली है। एक ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट गंवाए 13 रन है।

08:01 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: बारिश रुकी

अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के सामने 116 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 115 रन बनाए। राशिद खान ने 10 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए। इनमें तीन छक्के शामिल हैं। वहीं, करीम जनत सात रन बनाकर नाबाद रहे। पारी खत्म होते ही बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन अब बारिश रुक चुकी है। कवर्स हटाए जा रहे हैं। यह मैच अगर रद्द होता है या अफगानिस्तान जीतता है तो राशिद की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अगर बांग्लादेश से लक्ष्य को 12.1 ओवर या इसके अंदर चेज करता है तो उसके भी सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस हैं। अगर इसके बाद स्कोर चेज होता है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। 

07:32 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: अफगानिस्तान ने 115 रन बनाए

अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के सामने 116 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 115 रन बनाए। राशिद खान ने 10 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए। इनमें तीन छक्के शामिल हैं। वहीं, करीम जनत सात रन बनाकर नाबाद रहे। पारी खत्म होते ही बारिश शुरू हो गई। यह मैच अगर रद्द होता है तो अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अगर बांग्लादेश से लक्ष्य को 12.1 ओवर के अंदर चेज करता है तो उसके भी सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस हैं। अगर इसके बाद स्कोर चेज होता है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। 

07:23 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: अफगानिस्तान को पांचवां झटका

18वें ओवर में अफगानिस्तान की टीम को पांचवां झटका लगा। तस्कीन अहमद ने नबी (1) को शांतो के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। फिलहाल राशिद खान और करीम जनत क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 99 रन है। 

07:14 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: अफगानिस्तान के चार विकेट गिरे

अफगानिस्तान को 16वें ओवर में दूसरा झटका लगा था। मुस्तफिजुर रहमान ने अजमतुल्लाह ओमरजई को लिटन दास के हाथों कैच कराया था। वह 10 रन बना सके। इसके बाद 17वें ओवर में रिशाद हुसैन ने दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर रहमनुल्लाह गुरबाज को सौम्य सरकार के हाथों कैच कराया। वह तीन चौके और एक छक्के की मदद से 55 गेंद में 43 रन बना सके। इसके बाद ओवर की चौथी गेंद पर गुलबदीन नईब को सौम्य सरकार के हाथों कैच कराया। नईब ने चार रन बनाए। 17 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 93 रन है। फिलहाल करीम जनत और मोहम्मद नबी क्रीज पर हैं।
 

07:06 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: गुरबाज अर्धशतक के करीब

15 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने एक विकेट पर 80 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 40 रन और अजमतुल्लाह ओमरजई नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

06:50 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: अफगानिस्तान को पहला झटका

अफगानिस्तान को 59 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रिशाद हुसैन ने इब्राहिम जादरान को तंजिम हसन शाकिब के हाथों कैच कराया। वह 29 गेंद में 18 रन बना सके। फिलहाल अजमतुल्लाह ओमरजई और रहमनुल्लाह गुरबाज क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 59 रन है।

06:40 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: नौ ओवर का खेल समाप्त

नौ ओवर का खेल समाप्त हो चुका है। रहमनुल्लाह गुरबाज 30 गेंद में 25 रन और इब्राहिम जादरान 24 गेंद में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई है।

06:32 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: ये हैं समीकरण

अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने और ऑस्ट्रेलिया को बाहर करने का समीकरण यह है कि वह बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करें। या फिर मैच बारिश से धुल जाए। अब जबकि बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही तो अफगानिस्तान चाहेगा कि वह यह मैच जीतें। ऐसे में टीम दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचेगी। ऑस्ट्रेलिया के पहुंचने के लिए बांग्लादेश को 13 ओवर से ज्यादा में जीतना जरूरी है। यानी अगर बांग्लादेश 14 से 20 ओवर तक किसी भी अंतर से जीतता है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अगर बांग्लादेश की टीम 13 ओवर से कम में जीतती है तो बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

06:30 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: पावरप्ले समाप्त

पावरप्ले यानी शुरुआती छह ओवर का खेल समाप्त हो चुका है। अफगानिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 12 रन और इब्राहिम जादरान 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

06:28 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

बांग्लादेश: लिटन दास (विकेटकीपर), तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), तौहीद हृदोय, शाकिब अल हसन, महमुदुल्लाह, सौम्य सरकार, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नाइब, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नांगेयालिया खारोटे, नूर अहमद, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।

06:27 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Live Score: अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने जाकेर और मेहदी की जगह तस्कीन और सौम्य सरकार को शामिल किया है।

06:24 AM, 25-Jun-2024

AFG vs BAN Highlights: जीत के साथ अफगानिस्तान सेमीफाइनल में, ऑस्ट्रेलिया को झटका, बांग्लादेश आठ रन से हारा

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप का आखिरी सुपर-8 मैच अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच सेंट विन्सेंट का आर्नोस वेल ग्राउंड में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दोनों ही टीमों के पास सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने का मौका है। हालांकि, इसके कई समीकरण है। अफगानिस्तान को सिर्फ जीत चाहिए। ऐसा होते ही ऑस्ट्रेलिया विश्व कप से बाहर हो जाएगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें