फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND A vs PAK A Final Highlights: पाकिस्तान ने इमर्जिंग एशिया कप ट्रॉफी जीती, फाइनल में भारत को 128 रन से हराया

Sun, 23 Jul 2023 11:08 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

खास बातें

India A vs Pakistan A Asia Cup Final 2023: पुरुष इमर्जिंग एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत ए का सामना पाकिस्तान ए से हुआ। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ए ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 352 रन बनाए। भारतीय-ए टीम 224 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
यश ढुल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:20 PM, 23-Jul-2023

फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया

पाकिस्तान ने इमर्जिंग एशिया कप का खिताब जीत लिया है। कोलंबो में खेले गए फाइनल में उसने भारत को 128 रन से करारी शिकस्त दी। भारतीय कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 352 रन बनाए थे। तैयाब ताहिर ने 71 गेंदों में 108 रन की पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम 40 ओवर में 224 रन पर सिमट गई। अभिषेक शर्मा को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज 50+ का स्कोर नहीं बना सका। अभिषेक ने 51 गेंदों में 61 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान का यह इमर्जिंग एशिया कप का लगातार दूसरा खिताब है। इससे पहले यह टूर्नामेंट 2019 में खेला गया था। तब पाकिस्तान ने फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब जीता था। पाकिस्तान लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाली दूसरी टीम है। उनसे पहले श्रीलंका ने ऐसा किया था। श्रीलंका ने 2017 और 2018 में लगातार दो बार इमर्जिंग एशिया कप का खिताब जीता था। 2013 में इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी। पहले संस्करण में भारत ने सूर्यकुमार की कप्तानी में खिताब जीता था। अब तक कुल पांच संस्करण खेले गए हैं और टीम इंडिया सिर्फ एक बार (2013) ही जीत पाई है। वहीं, श्रीलंका और पाकिस्तान ने दो-दो बार खिताब जीते हैं। इससे पहले टीम इंडिया 2018 में भी श्रीलंका से फाइनल में हार गई थी।

ये भी पढ़ें: Emerging Asia Cup: सूर्यकुमार के कारनामे को दोहरा नहीं सके यश ढुल, 2013 के बाद दूसरा खिताब जीतने का सपना टूटा

फाइनल में मिली हार इस संस्करण में टीम इंडिया की पहली हार
फाइनल में हार इमर्जिंग एशिया कप के इस संस्करण में टीम इंडिया की पहली हार रही है। ग्रुप स्टेज में भारत ने अपने पहले मैच में यूएई-ए को आठ विकेट से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने नेपाल को नौ विकेट से शिकस्त दी। तीसरा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। यह मैच यश ढुल की टीम ने आठ विकेट से जीता। साई सुदर्शन ने शतकीय पारी खेली थी। सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 51 रन से हराया था। भारत को टूर्नामेंट में एकमात्र हार पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिली। 

पाकिस्तान का इस संस्करण में सफर
वहीं, पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नेपाल को चार विकेट से शिकस्त दी। दूसरे मैच में पाकिस्तान ने यूएई को 184 रन से हराया। भारत से तीसरे मैच में हारने के बाद वापसी करते हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका-ए को 60 रन से करारी शिकस्त दी। अब फाइनल में भारत को हराकर ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला भी ले लिया।

08:37 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत के आठ विकेट गिरे

फाइनल में 353 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 194 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। मेहरान मुमताज ने रियान पराग को क्लीन बोल्ड किया। रियान 14 रन बना सके। वहीं, सुफियान मुकीम ने हर्षित राणा को फरहान के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 199 रन है। भारत को अब भी 154 रन की जरूरत है।

08:29 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को छठा झटका

भारत को 29वें ओवर में 179 के स्कोर पर छठा झटका लगा। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार फिनिशर बनकर उभरे ध्रुव जुरेल इस पूरे टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। फाइनल में भी वह नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मेहरान ने फरहान के हाथों कैच कराया। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 179 रन है। फिलहाल रियान पराग और हर्षित राणा क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 174 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
08:15 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को पांचवां झटका

भारतीय टीम मुश्किल में दिखाई पड़ रही है। 353 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 26 ओवर में 165 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल ध्रुव जुरेल और रियान पराग क्रीज पर हैं। 157 के स्कोर पर निशांत सिंधू आउट हुए। वह मुबासिर खान की गेंद पर खराब शॉट खेलकर कैच आउट हुए। निशांत 10 रन बना सके। इसके बाद कप्तान यश भी रन रेट बढ़ाने के चक्कर में सुफियान मुकीम की गेंद पर कैच आउट हुए। वह 41 गेंदों में चार चौके की मदद से 39 रन बना सके। भारत को अब 188 रन की जरूरत है।

07:53 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 20वें ओवर में 132 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक शर्मा खराब शॉट खेलकर विकेट दे बैठे। उन्हें सुफियान मुकीम ने तैयब ताहिर के हाथों कैच कराया। अभिषेक ने 51 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल कप्तान यश ढुल और निशांत सिंधू क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 221 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
07:36 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: सुदर्शन और निकिन के आउट होने पर विवाद

18 ओवर के बाद भारत-ए ने दो विकेट गंवाकर 116 रन बना लिए हैं। उपकप्तान अभिषेक शर्मा ने 44 गेंदों पर लिस्ट-ए करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। उनका साथ कप्तान यश ढुल निभा रहे हैं। अभिषेक 52 रन और यश 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान ने 353 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी। साई सुदर्शन और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े थे। हालांकि, अरशद इकबाल की गेंद पर सुदर्शन कैच आउट हो गए। यह विकेट विवादित रहा, क्योंकि रिप्ले में साफ दिख रहा था कि अरशद का पैर लाइन से थोड़ा बाहर था। थर्ड अंपायर ने लेकिन आउट करार दिया। इसके बाद सुदर्शन के पवेलियन लौटते समय भारतीय स्टाफ ने थर्ड अंपायर से बातचीत की और नाराजगी जताई थी। फिर निकिन जोस का विकेट भी विवादित रहा। वह 11 रन बनाकर मोहम्मद वसीम जूनियर की गेंद पर विकेटकीपर हारिस के हाथों कैच आउट हुए। रिप्ले में दिखा कि वसीम की गेंद निकिन के जांघों में लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। निकिन और अभिषेक ने विरोध भी जताया, लेकिन डीआरएस न होने की वजह से कुछ नहीं हो सका।

07:18 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 80 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। मोहम्मद वसीम जूनियर ने निकिन जोस को विकेटकीपर हारिस के हाथों कैच कराया। हालांकि, सुदर्शन की तरह यह विकेट भी विवादित रहा। गेंद निकिन का थाय पर लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। लेकिन अंपायर ने कैच आउट दे दिया। नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूदा अभिषेक और निकिन ने विरोध भी जताया, लेकिन डीआरएस न होने की वजह से कुछ नहीं हुआ। 13 ओवर के बाद दो विकेट पर 82 रन है। फिलहाल कप्तान यश ढुल और उपकप्तान अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। 

06:53 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को पहला झटका

353 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने तेज शुरुआत की थी। भारत ने आठ ओवर में बिना विकेट गंवाए 62 रन बना लिए थे। हालांकि, नौवें ओवर में साई सुदर्शन अरशद इकबाल के बाउंसर पर आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों में 29 रन की पारी खेली। सुदर्शन के आउट होना विवादों में रहा। दरअसल, अरशद का फ्रंट फुट चेक किया गया। रिप्ले से ऐसा लगा कि उनका पैर लाइन से आगे है और नो बॉल, लेकिन थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया। जब सुदर्शन वापस लौट रहे थे तो भारतीय स्टाफ ने थर्ड अंपायर से शिकायत भी की, लेकिन कुछ नहीं हो सका। सुदर्शन और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 51 गेंदों में 64 रन की साझेदारी हुई। 10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल अभिषेक शर्मा और निकिन जोस क्रीज पर हैं।

06:22 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत ए की पारी शुरू

पाकिस्तान ए के खिलाफ फाइनल में भारत ए की पारी शुरू हो गई है। टीम इंडिया के सामने 353 रन का पहाड़ लक्ष्य है। भारत के साई सुदर्शन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। दोनों से टीम इंडिया को बेहतर शुरुआत की उम्मीद है। भारत ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन ने पांच और अभिषेक ने तीन रन बनाए हैं।

05:46 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को मिला बड़ा लक्ष्य

पाकिस्तानी टीम ने भारत को मैच जीतने के लिए बड़ा लक्ष्य दिया है। उसने 50 ओवर में आठ विकेट पर 352 रन बनाए। टीम इंडिया को जीत 353 रन का लक्ष्य मिला। पाकिस्तान के लिए तैयब ताहिर ने सबसे ज्यादा 108 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 65 और सैम अयूब ने 59 रन की पारी खेली। ओमेर यूसुफ और मुबासिर खान ने 35-35 रन का योगदान दिया। मोहम्मद वसीम जूनियर 17 रन बनाकर नाबाद रहे। मेहरान मुमताज ने 13 रन बनाए। मोहम्मद हारिस दो रन बनाकर आउट हुए। कासिम अकरम खाता नहीं खोल सके। सुफियान मुकीम ने नाबाद चार रन बनाए। भारत ए के लिए राजवर्धन हंगरगेकर और रियान पराग ने दो-दो विकेट लिए। हर्षित राणा, मानव सुथार और निशांत सिंधू ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

05:25 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: राजवर्धन को मिली दूसरी सफलता

राजवर्धन हंगरगेकर ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने मुबासिर खान को नीतीश कुमार रेड्डी के हाथों कैच कराया। मुबासिर ने 47 गेंद पर 35 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। पाकिस्तान ने 47 ओवर में सात विकेट पर 331 रन बना लिए हैं। मेहरान मुमताज 13 और वसीम एक रन बनाकर नाबाद हैं।

05:13 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत को मिली बड़ी सफलता

भारत को मैच में बड़ी सफलता राजवर्धन हंगरगेकर ने दिलाई। उन्होंने 45वें ओवर की पांचवीं गेंद पर तैयब ताहिर को आउट किया। ताहिर 71 गेंद पर 108 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाए। ताहिर ने मुबासिर खान के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 97 गेंद पर 126 रन की साझेदारी की। ताहिर का कैच अभिषेक शर्मा ने लिया। पाकिस्तान ने 45 ओवर में छह विकेट पर 314 रन बना लिए हैं। मुबासिर खान 33 और मेहरान मुमताज एक रन बनाकर नाबाद हैं।

05:08 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान का स्कोर 44 ओवर में 305/5

पाकिस्तान ने 44 ओवर में पांच विकेट पर 305 रन बना लिए हैं। उसके लिए तैयब ताहिर ने शतकीय पारी खेली है। तैयब 69 गेंद पर 107 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में अब तक 12 चौके और चार छक्के लगाए हैं। दूसरी ओर, मुबासिर खान ने 41 गेंद पर 26 रन बना लिए हैं।

04:49 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान ने की वापसी

लगातार झटकों के बाद पाकिस्तानी टीम ने मैच में वापसी कर ली है। उसने 40 ओवर में पांच विकेट पर 265 रन बना लिए हैं। मुसाबिर खान और तैयब ताहिर ने छठे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर ली है। तैयब ताहिर 80 और मुसाबिर 13 रन बनाकर नाबाद हैं।

04:11 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौटी

पाकिस्तान को पांचवां झटका निशांत सिंधू ने दिया। उन्होंने 29वें ओवर में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद हारिस को एलबीडब्ल्यू कर दिया। हारिस छह गेंद पर दो रन ही बना सके। पाकिस्तान ने 30 ओवर में पांच विकेट पर 190 रन बना लिए हैं। तैयब ताहिर 17 और मुसाबिर खान दो रन बनाकर नाबाद हैं।

04:09 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: रियान पराग को मिली दोहरी सफलता

रियान पराग ने पाकिस्तान के खिलाफ खतरनाक गेंदबाजी की है। उन्होंने 28वें ओवर में कहर बरपाते हुए दो गेंदों पर दो विकेट लिए। रियान पराग ने पहली गेंद पर ओमेर यूसुफ को आउट कर दिया। यूसुफ 35 गेंद पर 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पराग ने ही उनका कैच लिया। अगली गेंद पर रियान ने कासिम अकरम को आउट कर दिया। अकरम पहली गेंद पर खाता खोले बगैर हर्षित राणा को कैच थमा बैठे।

03:39 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

146 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। शाहिबजादा फरहान 62 गेंद में 65 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। यश ढुल के थ्रो पर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने गिल्लियां बिखेर दीं और फरहान को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। अब यूसुफ के साथ तैयब ताहिर क्रीज पर हैं।

03:35 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा

121 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की टीम का पहला विकेट गिरा है। सैम अयूब 51 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मानव सूथर ने उन्हें विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। अब शाहिबजादा के साथ यूसुफ क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 136/1 है।

03:16 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: फरहान का अर्धशतक

सैम अयूब के बाद शाहिबजादा फरहान ने भी उसी ओवर में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 50 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अपने अर्धशतक पूरे करने के साथ ही शतकीय सलामी साझेदारी की है। इन दोनों की बेहतरीन साझेदारी ने पाकिस्तान के लिए विशाल स्कोर की नींव रखी है। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 115/0 है।

03:14 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: सैम अयूब का अर्धशतक

सैम अयूब ने 43 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक सात चौके और एक छक्का लगाया है। उनकी शानदार पारी के चलते पाकिस्तान की टीम बेहतरीन शुरुआत कर चुकी है और विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही हैं।

03:11 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पाकिस्तान का स्कोर 100 रन के पार

पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 रन के पार जा चुका है। सैम अयूब और शाहिबजादा फरहान की जोड़ी ने पहले ओवर से ही आक्रामक बल्लेबाजी की है और भारतीय गेंदबाजों को दबाव में रखा है। पाकिस्तान की टीम बड़े स्कोर की नींव रख चुकी है। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 103 रन है।

02:49 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: पावरप्ले में पाकिस्तान ने 69 रन बनाए

पाकिस्तान की टीम को सैम अयूब और शाहिबजादा फरहान ने शानदार शुरुआत दिलाई है। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में 69 रन जोड़े हैं। इन दोनों के बीच शानदार सलामी साझेदारी के चलते शुरुआत से ही मैच में पाकिस्तान की पकड़ मजबूत हो गई है। अब टीम इंडिया को वापसी करने के लिए गुच्छे में विकेट लेने होंगे।

02:29 PM, 23-Jul-2023

India A vs Pakistan A Live: पाकिस्तान की शानदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने शानदार शुरुआत की है। चार ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 36 रन है। सैम अयूब और शाहिबदाजा अच्छी लय में दिख रहे हैं और शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर रखा है।

02:26 PM, 23-Jul-2023

India A vs Pakistan A Live: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शाहिबजादा फरहान और सैम अय्यू ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए हर्षित राणा पहला ओवर कर रहे हैं। पहले ओवर का खेल होने के बाद पाकिस्तान का स्कोर 13 रन है।

01:48 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: बी साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा, निकिन जोस, यश ढुल (कप्तान), रियान पराग, निशांत सिंधु, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, युवराजसिंह डोडिया, हर्षित राणा, राजवर्धन हंगरगेकर।

पाकिस्तान: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, ओमैर यूसुफ, तैयब ताहिर, कासिम अकरम, मोहम्मद हारिस (कप्तान, विकेटकीपर), मुबासिर खान, मेहरान मुमताज, मोहम्मद वसीम, अरशद इकबाल, सुफियान मुकीम।

01:45 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Live: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

भारतीय कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सेमीफाइनल में खेलने वाली टीम ही फाइनल में खेल रही हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में भारत ने एकतरफा जीत हासिल की थी। इस मैच में भी टीम इंडिया के पास जीत का आत्मविश्वास होगा। वहीं, पाकिस्तान पर अतिरिक्त दबाव होगा।

12:50 PM, 23-Jul-2023

IND A vs PAK A Final Highlights: पाकिस्तान ने इमर्जिंग एशिया कप ट्रॉफी जीती, फाइनल में भारत को 128 रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। श्रीलंका में चल रहे पुरुष इमर्जिंग एशिया कप के फाइनल मुकाबले में रविवार (23 जुलाई) को भारत ए और पाकिस्तान ए की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों के बीच यह मुकाबला कोलंबो के मशहूर आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराया था। वहीं, पाकिस्तान ने मेजबान श्रीलंका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट में यह दूसरा मुकाबला होगा। टीम इंडिया ने ग्रुप राउंड में जीत हासिल की थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें