फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi-Mumbai Expressway LIVE: दिल्ली-दौसा-लालसोट सेक्शन लोकार्पण को तैयार, धनावड़ में पीएम मोदी का इंतजार

Sun, 12 Feb 2023 02:48 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान

खास बातें

पीएम नरेंद्र मोदी आज दौसा के धनावढ़ में दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे के पार्ट का उद्घाटन करने आ रहे हैं। चुनावी साल में इस सभा के जरिए पूर्वी राजस्थान की 58 सीटें साधने की तैयारी है
विज्ञापन
पीएम मोदी - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:46 PM, 12-Feb-2023

Delhi-Mumbai Expressway LIVE: दिल्ली-दौसा-लालसोट सेक्शन लोकार्पण को तैयार, धनावड़ में पीएम मोदी का इंतजार

पीएम मोदी आज दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे के दिल्ली-दौसा-लालसोट सेक्शन का लोकार्पण करेंगे। यह सेक्शन 246 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया है। एक्सप्रेस हाईवे शुरू होने पर जयपुर से दिल्ली का सफर करीब 3.50 घंटे का रह जाएगा। पूरे बेल्ट में आर्थिक विकास भी होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी दौसा (राजस्थान) से 18,100 करोड़ रुपये से ज्यादा के रोड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही एक्सप्रेस-वे की अन्य 3 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने बांटे पीले चावल
दौसा से दिल्ली के इस पूर्वी राजस्थान बेल्ट में आदिवासी नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा अपना बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी पीएम के कार्यक्रम के जरिए करने जा रहे हैं। मीणा बाहुल्य इलाके धनावड़ में पीएम की सभा चुनाव साल में होने के मायने हैं। किरोड़ी समर्थकों ने लाखों की संख्या में भीड़ जुटाने का दावा किया है। राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा खुद इस जनसभा के लिए पीले चावल बांटकर आए हैं। गांवों, ढाणियों, कस्बों में पीएम की सभा में पहुंचने के लिए लोगों से कहा गया है। आदिवासी लोकगीत, संगीत और नाच-गाने के साथ पीएम का स्वागत करने की तैयारियां हैं। सभा में पीएम मोदी के साथ डॉ किरोड़ीलाल मीणा के नारे भी सुनाई पड़ सकते हैं।

बीजेपी के कई नेता कार्यक्रम में पहुंचेंगे
पीएम मोदी के कार्यक्रम में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, अर्जुनराम मेघवाल के अलावा कई सांसद और विधायक भी नजर आएंगे। राजस्थान और हरियाणा सीएम को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। साथ ही बीजेपी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

तीसरी बार दौसा में नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी का यह तीसरी बार दौसा जिले का दौरा है। प्रधानमंत्री रहते वह दूसरी बार दौसा के दौरे पर हैं। जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर रहते 2013 विधानसभा चुनाव में भी मोदी दौसा आए थे। विधानसभा चुनाव में पूर्वी राजस्थान बीजेपी के लिए अहम है। पूर्वी राजस्थान में मीणा, गुर्जर, एससी और ओबीसी बड़ी संख्या में हैं। दौसा, करौली, भरतपुर, टोंक, जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, धौलपुर जिले में 58 विधानसभा सीटें आती हैं। 2013 के चुनाव में इन 8 जिलों में भाजपा ने 44 सीटें जीती थीं, लेकिन 2018 के चुनाव में बीजेपी केवल 11 सीटों पर ही काबिज हो पाई। 33 सीटों का बड़ा नुकसान पार्टी को हुआ। अब पीएम मोदी की सभा से उस घाटे की भरपाई की तैयारियां अभी से मानकर पार्टी चल रही है।

पीएम की सुरक्षा में 3000 पुलिसकर्मी लगाए
प्रधानमंत्री मोदी की दौसा में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।  वायु सेना और एसपीजी के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से लेकर उड़ान भरने तक सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की है। पीएम सिक्योरिटी में लगे एसपीजी के जवानों ने सभा से पहले मंच और सभा स्थल पर मशीनों से विस्फोटक पदार्थ और संदिग्ध चीजों की पूरी जांच पड़ताल की है। बिना सुरक्षा पास किसी भी व्यक्ति को सभास्थल पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।  सुरक्षा में 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 2500 पुलिसकर्मी और 500 के करीब पुलिस अधिकारी हैं।

सभास्थल पर तीन डोम में की गईं व्यवस्था
मोदी के जनसभा स्थल पर तीन बड़े डोम बनाए हैं। जिनमें वीवीआईपी, वीआईपी, आमजन और मीडिया कर्मियों के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। पंडाल में करीब 50 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा डोम में आम लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी रखी गई है। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें