छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम पांच बजे तक सबसे अधिक मतदान खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले में हुआ, यहां 76.31% लोगों ने मतदान किया। सबसे कम मतदान प्रतिशत बीजापुर जिले का रहा। यहां 40.98% मतदाताओं ने मतदान किया।
कांकेर में पहले चरण का मतदान सम्पन्न हुआ। यहां सुबह 7 से 3 बजे तक मतदान का समय रखा गया था। मतदान केंद्र परिसर में मौजूद लोग ही अब कर सकेंगे मतदान। मतदान का अंतिम वोट प्रतिशत कुछ समय बाद जारी होगा।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला मानपुर विधानसभा में मतदान का समय समाप्त हो गया है। मतदान केंद्रों के मुख्यद्वार पर ताले लगा दिए गए हैं। मतदान केंद्रों में तीन बजे तक ही प्रवेश दिया गया। केन्द्र में मौजूद मतदाताओं द्वारा मतदान अभी भी जारी है। यहां सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया था।
छत्तीसगढ़ में चुनाव के पहले चरण के दौरान कई जगहों से नक्सली हमले की खबर मिली है। सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें कई जवानों के घायल होने की बात सामने आ रही है।
कांकेर के बांदे इलाके में नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने AK-47 बरामद की है। कुछ नक्सली मृत या फिर घायल होने की भी खबर है। बांदे थाना इलाके में बीएसएफ एवं डीआरजी की टीम मतदान के लिए इलाके में डोमिनेशन पर निकली थी। इसी दौरान डीआरजी के साथ पानावर के पास करीब एक बजे नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। घटना स्थल से AK-47 बरामद हुई है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
छत्तीसगढ़ में एक बजे तक 44.55 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सबसे ज्यादा भानुप्रतापपुर 61.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। बीजापुर में सबसे कम 20.09 प्रतिशत मतदान हुआ है।
अंतागढ़ - 55.65 प्रतिशत
बस्तर - 44.14 प्रतिशत
भानुप्रतापपुर - 61.83 प्रतिशत
बीजापुर - 20.09 प्रतिशत
चित्रकोट - 34.16 प्रतिशत
दंतेवाड़ा - 41.21 प्रतिशत
डोंगरगांव - 39.00 प्रतिशत
डोंगरगढ़ - 41.10 प्रतिशत
जगदलपुर - 45.81 प्रतिशत
कांकेर - 61.80 प्रतिशत
कवर्धा - 41.67 प्रतिशत
केशकाल - 52.66 प्रतिशत
खैरागढ़ - 44.27 प्रतिशत
खुज्जी - 46.67 प्रतिशत
कोंडागांव - 54.04 प्रतिशत
कोंटा - 30.27 प्रतिशत
मोहला-मानपुर - 56.00 प्रतिशत
नारायणपुर - 46.00 प्रतिशत
राजनांदगांव - 38.00 प्रतिशत
पंडरिया - 39.44 प्रतिशत
कांकेर में भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। आधा घंटे तक मुठभेड़ चली है। चुनाव करवाने गए BSF और बस्तर फाइटर के जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई है। माड़पखांजूर और उलिया जंगल में मुठभेड़ हुई है। बांदे थाना के माड़ पखांजूर का यह मामला है। पखांजुर एएसपी ने इसकी पुष्टि की है।
जिला नारायणपुर के थाना ओरछा के तादुर के जंगल में एसटीएफ और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। एसटीएफ को भरी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग गए। सभी जवान सुरक्षित हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है। गुदड़ी मतदान केंद्र में अब तक 16% मतदान हो चुका है। मतदान जारी है। मतदान केंद्र नक्सलियों द्वारा घेर लिए जाने की बात गलत है। मतदान केंद्र और मतदान दल सुरक्षित है।
राजनांदगांव जिले में दोपहर एक बजे तक 41.8 प्रतिशत मतदान हुआ। राजनांदगांव जिले की सभी विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। मोहला मानपुर विधानसभा सीट पर सुबह सात से तीन बजे तक मतदान होगा। वहीं अन्य सभी विधानसभाओं में सुबह 8 बजे से 5 तक मतदान होगा। राजनांदगांव जिले में सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं, लोग उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं। राजनांदगांव जिले में 840 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 116 नक्सल प्रभावित हैं जिसमें अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान पर जेसीसीजे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने दक्षिण बस्तर इलाके के कुछ जिलों में बूथ परिवर्तन के बाद मतदान के कम प्रतिशत को लेकर चिंता जताई है। वहीं अमित जोगी ने लोगों से अपील की है कि मतदाता ज्यादा से ज्यादा मताधिकारों का इस्तेमाल करें क्योंकि मतदान का यह त्योहार पांच साल में एक बार ही आता है। अमित जोगी ने अपील की है कि आज का मतदान अगले पांच साल के लिए भविष्य तय करता है। इसलिए जरूर मतदान करें।
बीजापुर में एक बजे तक 20.09 प्रतिशत मतदान हुआ है। 20.53% महिला और 19.69 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। वहीं, कबीरधाम में दोपहर एक बजे पंडरिया सीट पर 39 प्रतिशत
और कवर्धा में 41 प्रतिशत मतदान हुआ है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान चल रहा है। पहले चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। छत्तीसगढ़ में दोपहर एक बजे तक 44.55 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा भानुप्रतापपुर में 61.83 प्रतिशत वोट पड़े हैं। जबकि सबसे कम बीजापुर में 20.09 फीसदी वोटिंग हुई है।
रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "जैसे ही अजित पवार बीजेपी में शामिल हुए, उनका नाम ईडी से हटा दिया गया। हिमंत बिस्वा सरमा अभी सीएम हैं, उनका नाम सारदा चिटफंड भ्रष्टाचार में था। ऐसे कई उदाहरण हैं, जो 'मोदी वॉशिंग पाउडर' में धुलने के बाद सारे दाग साफ हो जाते हैं।
कांकेर के आल्दंड और सीतराम मतदान केंद्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। आल्दंड मतदान केंद्र में 314 में से तीन मतदाताओं ने मतदान किया है। वहीं सीतराम मतदान केंद्र में 1117 में से पांच मतदाताओं ने मतदान किया। 11 बजे तक दोनों मतदान केंद्र पर कुल आठ लोगों ने मतदान किया। मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र के हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और चित्रकोट विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज ने अपने गांव गढ़िया में परिवार के साथ मतदान किया।
कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा सीट पर 11 बजे तक 21 प्रतिशत और कवर्धा 23 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा केशकाल विधानसभा सीट पर 27.63 फीसदी और कोण्डागांव विधानसभा सीट पर 32.5 फीसदी वोटिंग हो गई है।
जानकारी मिली है कि सुकमा के कोंटा थाना क्षेत्र के बंडा इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई है। दूरमा और सिंगाराम के जंगल में नक्सलियों ने बीजीएल दागे। नक्सली मतदाताओं को रोकने का प्रयास कर रहे थे। भारी संख्या में सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम मौके पर तैनात है। कोई हताहत नहीं है।
छत्तीसगढ़ के सुकमा में बांदा मतदान केंद्र से करीब दो किलोमीटर दूर बाहरी घेरे में तैनात डीआरजी जवानों पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। सुकमा पुलिस ने बताया कि 10 मिनट बाद नक्सलियों की ओर से गोलीबारी बंद हो गई। सभी जवान सुरक्षित हैं और मतदान जारी है।
राजनांदगांव जिले में 11 बजे तक 19.99 प्रतिशत मतदान हो गया है। लगातार मतदान करने के लिए वोटर मतदान केद्रों पर पहुंच रहे हैं।
कांकेर में 93 साल की उम्र में पहली बार शेरसिंह हिड़को ने मतदान किया। भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र का मतदान केंद्र 93 भैसाकन्हार के मतदान केंद्र में शेर सिंह ने वोट डाला । शेर सिंह हिडको ने आज तक किसी भी विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में मतदान नहीं किया था।
छत्तीसगढ़ में सुबह 11 बजे तक 22.97 फीसदी मतदान हो चुका है। सबसे ज्यादा भानुप्रतापपुर में 36.10 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे कम बीजापुर में 9.11 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
नारायणपुर अबूझमाड़ में प्रथम चरण के मतदान करने के लिए नक्सलियों की मांद में उत्सव का माहौल नजर आ रहा है। अबूझमाड़ के कोहकमेटा में नक्सलियों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया था, नक्सलियों ने लाल बैनर, पोस्टर और पर्चों के माध्यम से चुनाव बहिष्कार करने की धमकी दी थी। जिसके बाद अबूझमाड़ में रहने वाले आदिवासियों में दहशत का माहौल दिख रहा था, लेकिन आज जिला मुख्यालय से लगभग 42 किमी दूर कोहकमेटा में लोग कतार लगाकर शांतिपूर्ण मतदान कर रहे हैं। जिले में मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। नारायापुर एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी किया हुआ है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के प्रथम चरण के 20 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता अपने मतों का प्रयोग करने मतदान केंद्र के बाहर लंबी कतारें लगा कर खड़े हैं। चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने नौ बजे तक के वोटिंग के आंकड़े जारी किए, जिसमें पूरी 20 सीटों पर 9. 93 प्रतिशत मतदान हुआ है।
कोंटा- 4. 21 प्रतिशत
बीजापुर- 4.5 फीसदी
दंतेवाड़ा- 10.1 प्रतिशत
चित्रकोट- 2.5 फीसदी
जगदलपुर- 6.41 प्रतिशत
बस्तर- 5.55 फीसदी
नारायणपुर- 11.00 प्रतिशत
कोंडागांव-14 फीसदी
केशकाल-12.8 प्रतिशत
कांकेर-15.09 फीसदी
भानुप्रतापुर- 16.9 प्रतिशत
अंतागढ़ – 17. 44 फीसदी
मोहला-मानपुर- 9.00 प्रतिशत
खुज्जी- 7.0 फीसदी
डोंगरगांव- 12.4 प्रतिशत
राजनांदगांव- 5.00 फीसदी
डोंगरगढ़- 9.0 प्रतिशत
खैरागढ़- 6.0 प्रतिशत
कवर्धा- 13.0 फीसदी
पंडरिया – 12.00 प्रतिशत
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने कहा कि आज सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर सभी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षित वातावरण में मतदान कराने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। सभी लोगों से अपील करते हैं कि मतदान करने जरूर आएं।
कांकेर के अंतागढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विक्रम देव उसेंडी ने मतदान किया। अपने गृह गांव बोंदानार में उन्होंने मतदान किया।
सुकमा जिले में मतदान के बीच एक बड़ी वारदात हुई। यहां आईडी ब्लास्ट होने से एक जवान घायल हो गया है, जिसे बेहतर उपचार के लिए कैंप ले जाया गया, बता दें कि बस्तर सहित प्रदेश की 20 सीटों पर मंगलवार की सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मंगलवार की सुबह सुकमा में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदान के बीच छत्तीसगढ़ की जनता से वोट डालने की अपील की है। राहुल ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि जब इस्तेमाल करें अपना मताधिकार, याद रहे, छत्तीसगढ़ में फिर एक बार, कांग्रेस की भरोसे की सरकार। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ की गारंटी।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने से पहले अपने आवास पर पूजा अर्चना की। बीजेपी नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि भाजपा पहले चरण में कम से कम 14 सीटें जीत रही है। दोनों चरण अच्छे होंगे। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ इस बार छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएगी।
बस्तर जिले के चांदामेटा गांव को नक्सलियों का अभेद किला कहा जाता था। लेकिन आजादी के बाद पहली बार उस गांव में बने मतदान केंद्र पर वोटिंग हो रही है। ऐसे में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यहां सुरक्षा को लेकर तगड़े इतजाम किए गए हैं, किसी प्रकार की कोई चूक न हो इसलिए बड़ी संख्या में यहां सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। यह बस्तर का बॉर्डर का एरिया है, यहां से ओडिशा के घने जंगल लगते हैं बताया जाता है कि झीरम हमले के बाद बड़ी संख्या में नक्सली इसी इलाके में जमा हुए थे, इसके बाद बड़े लीडर ओडिशा और सकुमा बीजापुर रवाना हुए।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आज प्रथम चरण का चुनाव है। सुबह से ही प्रदेश के मतदाताओं में गजब का उत्साह देख रहा हूं। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में आपकी वोट रूपी आहुति प्रदेश में फिर से “भरोसे की सरकार” सुनिश्चित कर रही है। आप सब अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूती दें।
राजनांदगांव की खैरागढ़ विधानसभा सीट भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह ने मतदान किया। विक्रांत सिंह खैरागढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी हैं। खैरागढ़ विधानसभा सीट के अपने गांव सहसपुर में उन्होंने मतदान किया। वहीं खैरागढ़ विधानसभा सीट से ही कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने परिवार के साथ मतदान किया। यशोदा वर्मा खैरागढ़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी है। खैरागढ़ विधानसभा सीट के अपने गांव देवारीभाट में उन्होंने मतदान किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. और बस्तर एसपी जितेन्द्र सिंह मीना ने लाइन में लगकर मताधिकार का प्रयोग किया।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के दौरान कई जगह ईवीएम में तकनीकी दिक्कत होने से कुछ देर के लिए वोटिंग कार्य प्रभावित हुआ है। भानुप्रतापपुर, मोहला मानपुर, कोंडागांव, कवर्धा, बोड़ला, राजनांदगांव में मशीन खराब होने की जानकारी मिली है।
कोंटा विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी और मंत्री कवासी लखमा ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। कोंटा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सोयम मुक्का ने भी मतदान किया।
कबीरधाम की कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा मतदान करने पहुंचे। उन्होंने लोगों से मतदान की अपील की। इसके बाद उन्होंने सेल्फी प्वॉइंट पर फोटो भी खिंचवाई।
कबीरधाम की पंडरिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नीलकंठ (नीलू) चंद्रवंशी ने लाइन में लगकर मतदान किया।
बस्तर कमिश्नर श्याम धावड़े और आईजी सुंदरराज पी. ने कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। साथ ही सेल्फी लेकर बस्तर संभाग के सभी मतदाताओं से मताधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र के पर्व में सहभागिता निभाने की अपील की।
मतदान के दौरान नारायणपुर से प्रत्याशी और भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने बघेल सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश सरकार जनता को बेवकूफ बनाने का काम कर रही है।
दंतेवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी छविंद्र कर्मा ने मतदान किया।
कबीरधाम के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे और शीतल महोबे ने कवर्धा के गंगानगर स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व पर जिले के सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील भी की।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे 5 साल के काम के कारण नक्सलवाद पीछे हट गया है। पहले सड़क के किनारे मतदान केंद्र थे, अब अंदर के गांवों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अपने ही गांव में लोग मतदान करेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को प्रथम चरण के चुनाव को लेकर मतदान जारी है। ऐसे में कबीरधाम में दो विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी अपने वोट नहीं डाल सकेंगे। दरअसल यह स्तिथि राजनांदगांव और कवर्धा विधानसभा में है। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी औरे पूर्व सीएम डाक्टर रमन सिंह का मतदान केंद्र क्रमांक 237 गर्ल्स स्कूल कवर्धा है। वे आज दोपहर 3:30 बजे अपने परिवार के मतदान केंद्र में मतदान करेंगे। कवर्धा में नाम दर्ज होने के कारण वो यहीं वोट डालेंगे। पूर्व सीएम रमन सिंह कवर्धा के मूल निवासी हैं। इसी प्रकार कवर्धा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर भी अपने विधानसभा क्षेत्र के किसी भी मतदान केंद्र में मतदान नहीं कर पाएंगे। उनका मतदान केंद्र रायपुर में है। वे मूलत रायपुर के रहने वाले है।
कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा सीट पर सुबह नौ बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि कवर्धा सीट पर 14 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
कोंडागांव विधानसभा सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। शुरुआती दो घंटे में 9 बजे तक 14.20 फीसदी मतदान हुआ है। केशकाल विधानसभा में सुबह सात से 9 बजे तक 12.84 फीसदी मतदान हो चुका है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी संतराम नेताम ने परिवार के साथ वोट डाला।
राजनांदगांव जिले में सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। एक घंटे में सुबह 9 तक 6.43 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बीजापुर जिले में 9 बजे तक 4.5% मतदान हो गया है।
कांकेर जिले सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। शुरुआती दो घंटे में सुबह नौ बजे तक जिले में 16 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
वोटिंग प्रतिशत
कांकेर विधानसभा 15.9%
भानुप्रतापपुर 16.90%
अंतागढ़ 17.44%
जगदलपुर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी जतिन जैसवाल ने कतार में लगकर मतदान किया।
कबीरधाम जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। कबीरधाम जिले के पंडरिया और विधानसभा क्षेत्र कवर्धा के कुल 804 मतदान केंद्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है।
कोंडागांव जिले में प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह है। सुबह से ही मतदाता मतों का प्रयोग करने के लिए कतारों में लग रहे। भाजपा प्रत्याशी लता ने उसेंडी सरगीपाल स्कूल पहुंचकर मतदान किया। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम ने सुबह 7:00 बजे प्रथम चरण के मतदान में अपने मत का प्रयोग किया।
बस्तर जिले की चित्रकोट विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विनायक गोयल ने धर्माउर में मतदान किया।
जगदलपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी किरणदेव ने शहर के फ्रेजरपुर स्कूल में मतदान किया।
कांकेर में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला, एसपी दिव्यांग पटेल और जिला पंचायत के सीईओ सुमित अग्रवाल ने आदर्श मतदान केंद्र माहुरबंदपारा में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने सेल्फी कॉर्नर और "हम साथ-साथ हैं" फोटो कॉर्नर में एक साथ तस्वीर भी खिंचाई। सभी मतदाताओं को मतदान अवश्य करने का संदेश भी दिया।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने फरसागुड़ा में मतदान किया। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केदार कश्यप ने गृह ग्राम फरसागुड़ा में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता दर्ज की है। इस दौरान वे काफी आत्मविश्वास में दिखे।
बीजापुर जिले की एक मात्र विधानसभा सीट बीजापुर में पहले चरण के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है। बीजापुर विधानसभा में कुल 168991 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां कुल 245 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 129 अतिसंवेदशील, 96 संवेदशील और 20 सामान्य बूथ हैं। बीजापुर के शांती नगर वार्ड में एक घंटे में तीन प्रतिशत मतदान हुआ।
राजनांदगांव जिले में प्रथम चरण का मतदान सभी सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके अलावा नए जिले मोहला-मानपुर-चौकी की एक सीट नक्सल प्रभावित है। विधानसभा सीट मोहला-मानपुर में सुबह सात से दोपहर 3 बजे तक मतदान चलेगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने से टाइमिंग अलग- अलग है।
कांकेर में पहले चरण के मतदान के लिए मतदान जारी है। मतदाता अपने मत अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसी दौरान कांकेर से एक तस्वीर सामने आई है। यहां मतदाताओं की एक ऐसी लाइन देखने को मिली, जिसमे मतदाता नजर नहीं आ रहे बल्कि उनकी पर्चियां लाइन लगाकर जमीन पर पड़ी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान चल रहा है। पहले चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन 20 सीटों में कई दिग्गजों का भविष्य दांव पर है। कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से तीन बजे तक वोटिंग होगी। जबकि कुछ जगहों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान चलेगा।
सुकमा के टोंडामरका इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था।
सुकमा जिले के कोंटा विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू होगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कांकेर में पहले चरण का मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा। मतदान केंद्रों में सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले की तीन विधानसभा सीटों पर आज मतदान होगा। जिले में कुल 727 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
राजनांदगांव सीट पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा। बूथ नंबर 96 में पोलिंग पार्टी तैयारी में जुटी है।
मतदान के लिए चुनाव आयोग ने कुल 5,303 केंद्र बनाए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 40,78,681 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदाताओं में 19,93,937 पुरुष और 20,84,675 महिलाएं हैं। 69 अन्य मतदाता भी हैं।
कितने बजे से शुरू होगी वोटिंग?
इन सीटों पर सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान: मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दन्तेवाड़ा, बीजापुर, कोटा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 7 नवंबर यानी आज होगा। पहले चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान होना हैं। इन 20 सीटों में कई दिग्गजों का भविष्य दांव पर है। मतदान को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। कुल 40,78,681 मतदाता पहले चरण के चुनाव में उतरे 223 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।