रैली समाप्त हो गई है।
मोदी ने पटियाला से परनीत कौर, संगरूर से अरविंद खन्ना, बठिंडा से परमपाल कौर, फरीदकोट से हंसराज हंस और फतेहगढ़ साहिब से गेजा राम वाल्मीकि के लिए वोट की अपील की।
हमारी सरकार ने लंगर को टैक्स से मुक्त किया। साहिबजादों के बलिदान को समर्पित वीर बाल दिवस शुरू किया। देश के लोगों को इतने बड़े बलिदान के बारे में जानकारी नहीं थी, इसलिए ये दिवस शुरू किया।
कांग्रेस ने सत्ता के लिए देश का बंटवारा किया। 70 साल तक हमें करतारपुर साहिब के दूरबीन से दर्शन करने पड़े। बंटवारे के समय अगर मैं होता तो पाकिस्तान से करतापुर लेकर रहता। गुरुओं की सेवा से बड़ा कुछ नहीं है। आज करतारपुर साहिब कॉरिडोर से श्रद्धालु गर्व के साथ दर्शन के लिए जाते हैं।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण का विरोध किया। हमारी आस्था की हर बात से उनको नफरत है। ये घोर सांप्रदायिक, घोर जातिवादी, घोर परिवारवादी लोग है।
पंजाब के लोगों ने खेती से लेकर उद्योगों तक में अपना योगदान दिया है। कट्टर भ्रष्टाचारियों ने पंजाब का हाल खराब कर दिया। यहां राज्य सरकार का आदेश नहीं चलता। यहां खनन माफिया का राज है। कागजी सीएम को दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने से ही फुर्सत नहीं है। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जो अपने गुरु अन्ना हजारे के साथ धोखा कर सकते हैं, जो दिन में 10 बार झूठ बोलते हैं। वे पंजाब का भला नहीं कर सकते।
मोदी ने कहा कि वोट उसे दीजिए जो सरकार बनाए। जो विकसित पंजाब और भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हो। लोकसभा चुनाव देश को मजबूत बनाने का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन देश को बांटना चाहता है। मोदी देश को आगे बढ़ाना चाहता है। मैं पंजाब के लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं। सिख समाज ने हमेशा आगे बढ़कर काम किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पटियाला से मेरी बहुत यादें जुड़ी हैं। यहां दोस्तों के साथ बारादरी गार्डन में घूमना याद है। जब भी पंजाब आता हूं, यहां से प्यार बढ़ जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाबी में अपना संबोधन शुरू किया।
पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी ने पंजाब के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को मदद की जरूरत है। पंजाबियों को एक ऐसे नेता की जरूरत है जो पंजाब को मदद दे सके। पंजाब की नस्ल और फसल बनाने की जरूरत है। जाखड़ ने किसानों के प्रदर्शन पर कहा कि कुछ लोगों ने किसानों के नाम पर अपनी दुकानें चमका रखी हैं।
पीएम को तलवार और सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। मंच पर पटियाला की भाजपा प्रत्याशी परनीत कौर, बठिंडा से उम्मीदवार परमपाल कौर, प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़, फरीदकोट से भाजपा उम्मीदवार हंसराज हंस और मनप्रीत बादल मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंच गए हैं।
किसानों ने पटियाला राजपुरा हाईवे जाम कर दिया है। किसानों की मांग है कि पीएम मोदी से उनकी बात करवाई जाए। किसानों के प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में पटियाला पहुंच जाएंगे।
रैली को लेकर सुरक्षा प्रबंधों पर भाजपा उम्मीदवार परनीत कौर ने कहा कि सुरक्षा कारणों को लेकर संभव है कि रैली स्थल तक पहुंचने में लोगों को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़े, लेकिन देश के प्रधानमंत्री की फतेह रैली का हिस्सा बनकर पटियाला के लोग इस रैली को ऐतिहासिक बनाकर देश भर में अपनी एकता और अखंडता का संदेश दें।
करीब 20 साल बाद कोई पीएम पटियाला से चुनावी हुंकार भरेगा। इससे पहले पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने 2004 में अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए पटियाला में रैली कर उम्मीदवार कंवलजीत सिंह के लिए वोट मांगे थे।
पीएम मोदी चॉपर से पटियाला में वाईपीएस स्कूल के स्टेडियम में आएंगे और फिर वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें पोलो ग्राउंड में रैली स्थल तक लाया जाएगा। मोदी रैली के बाद पटियाला में ठहराव नहीं करेंगे। वह रैली के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। शुक्रवार को जालंधर व गुरदासपुर की रैलियों के लिए वे दिल्ली से ही आएंगे।
पूर्व सीएम और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह रैली में नहीं आएंगे। उनकी तबीयत खराब है।
सुरक्षा कारणों से पटियाला का पुराना बस स्टैंड बंद कर दिया गया है। पूरे पटियाला में भारी बैरिकेडिंग की गई है।
पीएम मोदी के रैली में पहुंचने से पहले एसपीजी पूरे मंच को अपने कब्जे में ले लेगी। सबसे पहले मंच का मुआयना किया जाएगा। इसके लिए बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉयड वहां मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एसपीजी के कुछ कमांडो रैली में सादे कपड़ों में आम नागरिक के बीच भी उपस्थित रहेंगे, ताकि अगर कोई सुरक्षा के इस चक्रव्यूह को भेदने की कोशिश करता है, उसे वहीं दबोच लिया जाए। डीजीपी गौरव यादव ने पीएम मोदी की रैली के लिए पटियाला को हाई अलर्ट पर रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर बाद पटियाला में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पीएम की सुरक्षा के लिए सात सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं।
पीएम मोदी के सबसे नजदीकी सुरक्षा कवच में एसपीजी तैनात रहेगी। दूसरे घेरे में एनएसजी और अन्य बलों के कमांडो, तीसरे में गुजरात पुलिस की विशेष टुकड़ी, चौथे में सीआरपीएफ व केंद्रीय बल के जवान, पांचवें में इंटेलिजेंस, छठे में पंजाब पुलिस के कमांडो और सातवें में पंजाब पुलिस की कर्मी तैनात रहेंगे। पीएम मोदी इस रैली में मंच पर केवल चुनिंदा नेता ही उपस्थित रहेंगे।