पीयू छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के गौरव वीर सोहल आगे चल रहे हैं।
गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स सेक्टर 42 से श्रीयाल चौहान प्रधान पद के लिए चुनी गई। इन्हें 413 वोट मिले। उपप्रधान पद पर जानकी राणी विजेता हुई। इन्हें 290 वोट मिले।
सेक्टर 11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर गर्ल्स में बीए थर्ड ईयर की महकदीप अध्यक्ष पद पर विजयी रही हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर राधिका शर्मा और महासचिव पद पर मलीहा शर्मा ने जीत दर्ज की। सेक्टर 11 के ही पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज में हिंदुस्तान स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सचिन सिंह ने 668 वोट पाकर जीत दर्ज की, जबकी हरभजन लाल 968 वोट पाकर उपाध्यक्ष चुने गए। सचिव पद पर 980 वोट हासिल करके प्रियांश ठाकुर ने जीत हासिल की।
गुरु गोबिंद सिंह महिला महाविद्यालय, सेक्टर 26 में बीकॉम तृतीय वर्ष की भूमि अध्यक्ष चुनी गई हैं। उपाध्यक्ष अकोईजाम जेसिता बीए तृतीय वर्ष, सचिव दिव्या जे. मांगैन बीसीए द्वितीय वर्ष और संयुक्त सचिव वंशिका बीएससी प्रथम वर्ष चुनी गई हैं। निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपनी जीत का जश्न मनाया। प्राचार्य डॉ. जतिंदर कौर ने नवनिर्वाचित परिषद सदस्यों को हार्दिक बधाई दी।
देव समाज कॉलेज फॉर विमेन की अध्यक्ष खुशी बन गई हैं। खुशी ने कहा कि हम सबके हैं और सब मेरे। मैं सबके लिए काम करूंगी। हम सभी को मिलकर छात्राओं के कल्याण के लिए काम करना है।
चुनाव में अंतिका उपाध्यक्ष, हरलीन कौर सचिव और परनीत कौर संयुक्त सचिव बनी है। परिषद के लिए चुनी गई छात्राओं ने कहा कि हम सब मिलकर काम करेंगे।
एसडी कॉलेज में आईएसएफ ने बाजी मार ली है।
वोट नहीं डालने देने पर पंजाब विश्वविद्यालय के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर छात्रों ने हंगामा कर दिया है। कुछ छात्रों को वोट नहीं डालने देने पर छात्रों ने जब बैलेट बॉक्स लेने के लिए गाड़ी आई तो उसके आगे रास्ता रोककर प्रदर्शन किया। इस दाैरान चेयरपर्सन वंदना अरोड़ा और छात्रों के बीच जमकर गहमागहमी हुई।
मतदान का टाइम 12 बजे तक है। 11 से पहले जितने छात्र विभाग के अंदर प्रवेश कर गए हैं केवल वही वोटिंग कर पा रहे हैं। जो लेट आ रहे हैं उनको अब विभाग के अंदर एंट्री नहीं दी जा रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि बारिश के चलते यह समय एक्सटेंड किया जाना चाहिए था क्योंकि जो बच्चे दूर से आ रहे हैं, उन्हें वोटिंग करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
कॉलेज में वोट देने के दौरान किसी भी स्टूडेंट को मोबाइल अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। कुछ स्टूडेंट बाहर खड़े हैं जिनके हाथ में कई सारे मोबाइल हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल के लिए वोटिंग का समय 10.30 बजे कर दिया गया है। तेज बारिश की वजह से पीयू चुनाव में रौनक कम हो गई है। डीएसडब्ल्यू अमित चौहान ने 10.30 बजे तक स्टूडेंट के आने का समय बढ़ाया है।
डीएवी काॅलेज में बम स्क्वायड की टीम भी पहुंची और कॉलेज के सभी कमरे चेक किए गए। एसएचओ, दो इंस्पेक्टर और कई सब इंस्पेक्टर समेत 50 से 60 मुलाजिम कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात हैं।
सेक्टर 11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर गर्ल्स एंड बॉयज में सुबह 9.30 पर मतदान शुरू हो गया है। बारिश के कारण इक्का दुक्का मतदाताओं ने ही अभी मतदान किया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार मतदान दोपहर 1 बजे तक होगा। कॉलेज में कुल 4914 मतदाता हैं। जिनमें 2498 छात्र और 2425 छात्राएं शामिल हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी में बारिश के कारण अभी तक वोटिंग शुरू नहीं हुई है। बारिश को देखते हुए पीयू प्रशासन ने 10:00 बजे से वोटिंग करवाने का निर्णय लिया है।
सेक्टर-32 में एसडी कॉलेज में सुबह 9.30 बजे से मतदान शुरू हुआ है, जो दोपहर 11.30 बजे तक चलेगा। लेकिन बारिश की वजह से अभी 100 छात्रों ने भी वोट नहीं डाला है। कॉलेज में 9885 कुल छात्र हैं। कॉलेज की तरफ से साफ किया गया है कि पोलिंग बूथ में एंट्री 11.30 बजे तक ही होगी। इसके बाद किसी को एंट्री नहीं दी जाएगी। हालांकि 11:30 के बाद भी अगर कोई पुलिंग बूथ में होगा तो उसे 12:00 तक मतदान करने की छूट दी जाएगी। कॉलेज की तरफ से 56 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। यह पोलिंग बूथ स्टूडेंट के रोल नंबर के हिसाब से तय किए गए हैं।
पीयू प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विश्वविद्यालय में 450 पुलिसकर्मियों और 135 पीयू सिक्योरिटी गार्ड्स को तैनात किया गया है।
शहर के 11 कॉलेजों में भी चुनाव हो रहे हैं, जहां लगभग 45,000 विद्यार्थी अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को चुनेंगे। प्रशासन ने छात्रों से सुबह 9 बजे तक पहुंचकर मतदान करने की अपील की है ताकि बारिश के कारण होने वाले संभावित ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। दोपहर 12 बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू होगी और शाम तक नए छात्र परिषद अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी।
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) छात्र संघ चुनाव आज हैं। मतदान सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। पीयू में चुनाव में 16,124 विद्यार्थी अपने मत का प्रयोग करेंगे।