सुखना लेक पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पंजाब के गवर्नर बनवारीलाल पुरोहित सुखना लेक पहुंचे।
सुखना लेक पर एयरशो शुरू हो गया है। लोग चिनूक के करतब देखकर रोमांचित हो गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुछ ही देर में सुखना लेक पहुंचेंगी।
पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वायुसेना दिवस की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया-भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर आइए हम अपने वायु योद्धाओं को धन्यवाद दें जो हमारे आसमान की रक्षा करते हैं और हमारी सुरक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। सभी को 90वें भारतीय वायु सेना दिवस की शुभकामनाएं।
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भारतीय वायु सेना दिवस पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया-इस अवसर पर देश और वायु सेना में जनहित में अपनी सेवाएं देने वाले वीर जवानों को बहुत-बहुत बधाई... देशवासियों को राष्ट्रविरोधी ताकतों और प्राकृतिक आपदाओं से बचाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाने वाले वीर जवानों की वीरता और साहस को मैं सलाम करता हूं।
सुखना लेक पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले एयर शो में 80 से अधिक विमान हिस्सा लेंगे। इसमें राफेल, चिनूक, तेजस, जगुआर, मिग -29 और मिराज-2000 समेत लड़ाकू विमान अपनी कलाबाजियों से लोगों में रोमांच और जोश भरेंगे।
सुखना लेक पर काले बादल छा गए हैं। मौसम खराब होने से एयर शो पर संशय बढ़ गया है।
एयरशो में जाने वाले लोगों को कैमरे और बैग के साथ एंट्री नहीं दी जाएगी। सामान लेकर आए लोगों को पिकअप बसों में बैठने नहीं दिया जा रहा।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर कुल 4000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसके अलावा 12 सीआरपीएफ की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं।
एयर शो के कारण राष्ट्रपति आज चंडीगढ़ आ रही हैं। इसके चलते साईं बाबा के महा समाधि दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली श्री साईं पालकी पद शोभा यात्रा स्थगित कर दी गई है।
शिरडी साईं बाबा मंदिर सेक्टर 29 के प्रबंधक सुभाष कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। अब श्री साईं पालकी शोभा पदयात्रा 19 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
खराब मौसम के बावजूद काफी संख्या में लोग पिकअप प्वाइंट पर पहुंचे हैं और सुखना लेक एयर शो को देखने के लिए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। इसके लिए लेक पर सभी तरह की तैयारियां चल रही है।
चंडीगढ़ में अभी मौसम खराब है। बादल छाए हुए हैं, जिसकी वजह से एयर शो में एयरोबैटिक्स समेत कई विमानों के प्रदर्शन पर संशय बना हुआ है।
एयरफोर्स डे पर कार्यक्रम के दौरान जवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। जवानों ने इस दौरान राइफल ड्रिल की प्रस्तुति दी। मार्च पास किया। इसके अलावा जिप्सी को खोल के कुछ ही मिनटों में दोबारा असेंबल करके दिखाया।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि अग्निपथ योजना के माध्यम से वायु योद्धाओं को एयरफोर्स में शामिल करना हम सभी के लिए एक चुनौती है। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह हमारे लिए भारत के युवाओं की क्षमता का दोहन करने और इसे राष्ट्र की सेवा में लगाने का अवसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायु सेना दिवस पर वायु योद्धाओं और उनके परिवारों को बधाई दी। मोदी ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने दशकों से असाधारण निपुणता दिखाई है, राष्ट्र को सुरक्षित किया है और आपदाओं के दौरान उल्लेखनीय मानवीय भावना दिखाई है। उन्होंने ट्वीट किया-वायु सेना दिवस पर, साहसी वायु योद्धाओं और उनके परिवारों को मेरी शुभकामनाएं। नभः स्पृशं दीपतम के आदर्श वाक्य के अनुसार भारतीय वायु सेना ने दशकों से असाधारण निपुणता दिखाई है। उन्होंने राष्ट्र को सुरक्षित किया है और दिखाया भी है। आपदाओं के दौरान उल्लेखनीय मानवीय भावना।
एयरफोर्स डे के मौके पर एयर फोर्स को नई कॉम्बैट ड्रेस मिल गई है।
यह भी पढ़ें: Airforce Day 2022: जानें भारतीय वायुसेना के खतरनाक लड़ाकू विमानों के बारे में, जिनसे दुश्मन खाते हैं खौफ
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हमने यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी परिचालन प्रशिक्षण पद्धति को बदल दिया है कि प्रत्येक अग्निवीर भारतीय वायुसेना में करियर शुरू करने के लिए सही कौशल और ज्ञान से लैस हो। इस साल दिसंबर में, हम शुरुआती प्रशिक्षण के लिए 3,000 अग्निवीर वायु को शामिल करेंगे। आने वाले वर्षों में यह संख्या और बढ़ेगी।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हम अगले साल से महिला अग्निशामकों को शामिल करने की भी योजना बना रहे हैं। बुनियादी ढांचे का निर्माण प्रगति पर है।
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने कहा कि हमें अपने पूर्ववर्तियों की कड़ी मेहनत, लगन और दूरदृष्टि से गौरवशाली विरासत मिली है। इस कोर्स को चार्टर्ड करने वाले हमारे दिग्गजों के योगदान को स्वीकार करने का अधिकार। अब भारतीय वायुसेना को शताब्दी दशक में लाने की जिम्मेदारी हम पर है।
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने एयरफोर्स की 90 वीं वर्षगांठ के अवसर पर चंडीगढ़ में कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि सरकार ने भारतीय वायु सेना में अधिकारियों के लिए एक हथियार प्रणाली शाखा के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर रात 8 बजे तक ट्राइसिटी में सीटीयू की बस सेवा बंद रहेगी क्योंकि ये सभी बसें एयर शो में लोगों को लाने-ले जाने में व्यस्त रहेंगी। ये बसें सुबह 11 बजे से लोगों को उनके पिकअप प्वाइंट से बस में बिठाकर सुखना लेक तक छोड़ने का काम शुरू कर देंगी इसलिए शहर में सामान्य दिनों की तरह सीटीयू की बसें नहीं चलेंगी। इसके अलावा लांग रूट के लिए भी सीटीयू की कई बसें नहीं चलेंगी।
विभाग के पूर्वानुमान ने सभी की चिंताएं बढ़ा दीं हैं। अगर ऐसा हुआ तो ये दूसरी बार होगा, जब मौसम की वजह से एयर शो में बाधा उत्पन्न हुई हो। इससे पहले 22 सितंबर 2021 को 1971 युद्ध के स्वर्णिम विजय दिवस के उपलक्ष्य में वायुसेना की ओर से सुखना पर कराए गए एयर शो में खलल डाला था। शुक्रवार को भी सुबह के समय बादल छाए रहे लेकिन दोपहर में मौसम साफ हो गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शनिवार को शहर में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मौसम ने करवट ले ली है, जिसकी वजह से शनिवार को बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि बारिश दोपहर से पहले हो सकती है। विभाग के बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है।
वायुसेना प्रमुख वायुसेना की युद्धक वर्दी के नए पैटर्न को भी इस मौके पर लांच करेंगे। सुखना लेक पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले एयर शो में 80 से अधिक विमान हिस्सा लेंगे। इसमें राफेल, चिनूक, तेजस, जगुआर, मिग -29 और मिराज-2000 समेत लड़ाकू विमान अपनी कलाबाजियों से लोगों में रोमांच और जोश भरेंगे।
वायुसेना पहली बार गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस को छोड़कर चंडीगढ़ की सुखना लेक पर एयर शो करेगी और दूसरा संयोग यह है कि देश में ही निर्मित लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड पहली बार एयर शो में शामिल होंगे। एयर शो में तीन प्रचंड हिस्सा लेंगे और अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को कुल 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 12 सीआरपीएफ की टुकड़ियां भी तैनात रहेंगी। राष्ट्रपति रविवार को भी शहर में रहेंगी। ऐसे में डीसी विनय प्रताप सिंह ने दोनों दिन के लिए शहर को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। उधर, सुखना लेक के आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। लेक के आसपास कुल 30 पुलिस नाके लगेंगे। यूटी प्रशासन ने पंजाब और हरियाणा से भी कुछ अधिकारियों को बुलाया है ताकि व्यवस्था को अच्छे से संभाला जा सके।
वायुसेना दिवस पर चंडीगढ़ के साथ शनिवार को पूरी दुनिया भारतीय वायुसेना के शौर्य को देखेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा चंडीगढ़ और आसपास के राज्यों से करीब 35 हजार लोग सुखना लेक पहुंचेंगे और एयर शो में अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल की ताकत और तेजस की रफ्तार के साथ अन्य विमानों के करतब देखेंगे। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सुखना लेक और सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय के आसपास के इलाके को एक दिन पहले ही सील कर दिया गया है। सेक्टर-9 में हाउसिंग बोर्ड दफ्तर वाली सड़क को बंद कर दिया गया है। सामने की पार्किंग भी खाली कराकर वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।