महेंद्रगढ़ में पांच बजे तक 73.2 प्रतिशत मतदान हुआ है। 77.1 प्रतिशत वोटिंग के साथ निजामपुर खंड सबसे आगे है।
प्रथम चरण के नौ जिलों में सरपंच और पंच के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश में शाम साढ़े चार बजे तक 73.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि देर शाम तक रिकार्ड मतदान हो जाएगा। भिवानी में 70.7, झज्जर 70.4, जींद 73.9, कैथल 71.6, महेंद्रगढ़ 72.2, नूंह में 76.8, पंचकूला में 81.5 और पानीपत में 73.4 प्रतिशत और यमुनानगर में 77.1 फीसदी मतदान हो चुका है।
पानीपत में शाम 4 बजे तक पानीपत में 66.9 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब तक सबसे अधिक मतदान पानीपत खंड में 70.3 प्रतिशत हुआ। इसके बाद खंड सनौली खुर्द और बापौली में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। समालखा में 66.6 प्रतिशत, इसराना में 65.2 प्रतिशत और मतलौडा में 63.1 प्रतिशत हुआ है।
रोहतक मंडल के आयुक्त जगदीप सिंह ने बुधवार को भिवानी जिले के अपने पैतृक गांव गागड़वास पहुंच कर पंच और सरपंच चुनाव में अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान आयुक्त जगदीप सिंह ने कहा कि पंचायती राज संस्थान का चुनाव प्रजातंत्र की सबसे छोटी कड़ी है, लेकिन यह लोकतंत्र के लिए एक नींव का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में प्रत्येक नागरिक को वोट देने का समान रूप से अधिकार दिया है। हमें अपने मत का प्रयोग जरूर करना चाहिए।
जींद में तीन बजे तक औसतन 60 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नरवाना खंड 67.6 प्रतिशत के साथ जिले में सबसे आगे है। सबसे कम मतदान अलेवा ब्लॉक में 47.5 प्रतिशत हुआ है।
पंचकूला में अब तक सबसे अधिक 60.6 फीसदी मतदान हुआ है। नूंह में अब तक 59.2 फ़ीसदी मतदान हो चुका है। वहीं महेंद्रगढ़ में मतदान प्रतिशत 49.6 फीसदी है।
नूंह में दो गांवों से लड़ाई और पथराव की कुछ घटनाएं सामने आईं हैं। हालांकि पुलिस ने कहा कि ये घटनाएं मतदान केंद्र पर नहीं हुईं और मतदान प्रक्रिया इससे अप्रभावित रही। नूंह के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि मतदान बूथ पर कोई घटना नहीं हुई है। हालांकि, दो गांवों में मारपीट और पथराव की कुछ घटनाएं हुई हैं।
कैथल के गांव जुलानी खेड़ा में भारी तनाव बना हुआ है। दो पक्षों के समर्थकों में आमने सामने पथराव हुआ है। वहीं झज्जर के जाहिदपुर गांव में दो पक्षों के बीच ईवीएम जमीन पर पटकी गई। एसपी वसीम अकरम ने कहा कि चुनाव शुरू होने से पहले ही विवाद हुआ था।
नारनौल के खोड़मा गांव में सरपंच पद के लिए कोर्ट ने स्टे दिया है। यहां पंचों के चुनाव हो रहे हैं।
कैथल के गांव खरक पांडवा के एक पक्ष के लोगों ने एसडीएम कार्यालय मे प्रदर्शन और घेराव किया।
पंचकूला में दोपहर एक बजे तक 59 हजार 556 वोट डाले गए हैं। मतदान प्रतिशत 50.6 प्रतिशत है।
नौ जिलों में अब तक 36 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है। भिवानी में 35 फीसदी, झज्जर में 34.2 फीसदी, जींद में 36 फीसदी, कैथल में 36.2 फीसदी, महेंद्रगढ़ में अब
तक 33.5 फीसदी, नूंह में अब तक 42.4 फीसदी, पंचकूला में 40.5 फीसदी, पानीपत में 35 फीसदी और यमुनानगर में अब तक 37 फीसदी मतदान हुआ है।
पूंडरी में मतदान केंद्र पर पूंडरी चौकी प्रभारी और भाजपा के मंडल अध्यक्ष के बीच नोंकझोंक हो गई। बूथ पर भीड़ बाहर निकालने को लेकर दोनों आपस में उलझ गए। चौकी प्रभारी ने मोबाइल में वीडियो बना लिया। वीडियो में दोनों आपस में धक्का मुक्की भी कर रहे हैं।
भिवानी जिले के गांव बामला में मतदान के दौरान दो समुदायों के बीच हुए झगड़े के बाद एक समुदाय के ग्रामीणों ने दिल्ली-पिलानी नेशनल हाइवे 709ई पर बामला बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जाम लगा दिया। जाम पर डटे ग्रामीणों ने हाईवे पर पेड़ की टहनियां डालकर रास्ता बंद कर दिया। सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जाम पर डटे ग्रामीणों ने एक पक्ष के लोगों पर वोटिंग के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाया है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसकी सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायाजा लिया। फिलहाल ग्रामीण जाम स्थल पर डटे हैं।
जींद में 12 बजे तक 36 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नरवाना खंड 41.3 प्रतिशत के साथ जिले में सबसे आगे है। सबसे कम मतदान अलेवा ब्लॉक में 31 प्रतिशत हुआ है। जींद ब्लॉक में 35.6, जुलाना में 34.1 प्रतिशत, पिल्लूखेड़ा में 32.8, सफीदों में 33.7, उचाना में 36.5 तथा उझाना में 39.1 प्रतिशत मतदान हो चुका है। बिधरना गांव के बूथ नंबर 110 पर अब तक सर्वाधिक 64 प्रतिशत मतदान हो चुका है। जिले में अभी कोई भी लड़ाई-झगड़े या मतदान प्रभावित होने की सूचना नहीं आई है। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं।
नौ जिलों में सुबह 11 बजे तक 26 फीसदी वोट डाले जा चुके हैं। पहले 4 घंटे में नूंह जिला वोटिंग में सबसे आगे रहा है। यहां 31 फीसदी लोगों ने वोट डाले हैं। भिवानी, झज्जर और कैथल जिले में वोटिंग की धीमी रफ्तार बनी हुई है।
कैथल के खड़क पांडवा में फर्जी वोटिंग के विरोध में लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया है। एक पार्टी ने दूसरी पार्टी पर मतदान में धांधली का आरोप लगाकर चुनाव का बहिष्कार किया है।
महेंद्रगढ़ जिले में 11 बजे तक 25.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। 28.8 प्रतिशत के साथ निजामपुर खंड मतदान प्रतिशत में सबसे आगे है।
झज्जर के कोट गांव में पोलिंग बूथ के बाहर ग्रामीणों ने हंगामा किया। जिसके बाद पोलिंग बंद कर दी गई। तहसीलदार व डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर मतदान शुरू करवाया।
नारनौल में निजामपुर खंड के गांव रोपड़ सराय में मतदान केंद्र के बाहर दो गुटों में पथराव हो गया। पथराव में 10 से 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो गंभीर हैं। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायलों को जयपुर ले जाया गया। मतदान केंद्र पर वोटिंग जारी है मतदान केंद्र पर तनाव का माहौल बना हुआ है।
भिवानी में बुधवार सुबह सात बजे ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। महिलाओं और युवाओं के साथ मतदान के प्रति बुजुर्गों में भी काफी रुझान दिखाई दिया। महज तीन घंटे में ही जिले के बूथों पर 17.2 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दिव्यांग और बीमार लोगों ने भी मतदान केंद्रों पर स्वजनों के सहारे मतदान किया। तोशाम क्षेत्र 100 वर्षीय सुनहरी देवी ने भी मतदान किया वहीं गांव देवराला में 98 वर्षीय समसु ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। गांव चांग के मतदान केंद्र पर रामकौर देवी को परिजन चारपाई पर ही लेटाकर मतदान केंद्र पर वोट डलवाने के लिए लेकर पहुंचे। भिवानी जिले में 659450 मतदाताओं में से सुबह सात बजे से 10 बजे तक 118057 मतदाताओं ने मतदान का इस्तेमाल किया।
पानीपत में सुबह 10 बजे तक 17.3 प्रतिशत पोलिंग हुई है। 4.5 लाख मतदाताओं में से अब तक 79228 ने मतदान किया।
नारनौल के गांव मोरूंड में पोलिंग रोक दी गई है। मतदान केंद्र नंबर 70 पर एक महिला बार बार वोट डालती हुई पकड़ी गई है
हरियाणा पंचायत चुनाव के पहले चरण में पंच, सरपंच के लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई। सुबह 9 बजे तक नौ जिलों में 7.3 फीसदी वोट डाले जा चुके हैं। पहले दो घंटे में कैथल और नूंह वोटिंग में सबसे आगे रहे हैं। यहां 8.1 फीसदी लोगों ने वोट डाले हैं। झज्जर अभी सबसे पीछे है, यहां 6.0 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया है। 364527 लोगों ने अभी तक वोट डाले हैं।
नारनौल के गांव टहला में मतदान की पूर्व रात मंगलवार को सरपंच समर्थित दो गुटों में भिड़ंत हो गई। जिसके चलते गांव में भारी तनाव पैदा हो गया। पोलिंग पार्टियों ने उक्त मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस बल देर रात मौके पर पहुंच स्थिति पर काबू पाया। वहीं बुधवार मतदान के चलते दोबारा तनाव की स्थिति न पैदा हो इसके लिए गांव टहला के मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नारनौल के नांगल चौधरी में गांव नायन में बूथ नंबर 64 पर महिलाओं द्वारा घूंघट कर वोट डालने पर उम्मीदवारों ने विरोध जताया। इस दौरान उम्मीदवारों के समर्थक आपस में उलझ गए। उम्मीदवारों का कहना है कि महिला का चेहरा देखकर वोट डालने दिया जाए। घूंघट में फर्जी वोट पड़ने की संभावना रहती है।
कैथल के गांव फरल के बूथ नंबर 45 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी होने के कारण मतदान 15 मिनट देरी से शुरू हुआ। वहीं चलाना में बूथ नंबर 26 पर डेढ़ घंटे में 12 फीसदी मतदान हो चुका है। 971 कुल वोटों में से 126 मतदाताओं ने मतदान कर दिया है। इसमें 55 महिला शामिल हैं।
नौ जिलों में प्रथम चरण के लिये सरपंच और पंच के लिए मतदान जारी है। सुबह 8.30 बजे तक 4.9 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सबसे अधिक पंचकूला में 7 प्रतिशत मत पड़े हैं।
झज्जर जिले के ढलानवास गांव में दो उम्मीदवारों के बीच विवाद के कारण करीब 10 मिनट मतदान प्रक्रिया रुकी रही। जिले में पहले एक घंटे में 1.3 प्रतिशत मतदान हुआ है।
महेंद्रगढ़ में पहले एक घंटे में 0.1 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब तक सभी 8 खंडों में 575 वोट पोल हुए हैं। पानीपत में सुबह 8 बजे तक सिर्फ 721 वोट पोल हुई। ये महज 0.2 प्रतिशत है।
कैथल के अति संवेदनशील गांव जुलानी खेड़ा में सुबह 6:00 बजे से ही मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। थाना प्रभारी बलदेव मलिक की अगुवाई में पुलिस बल तैनात है। शांतिपूर्वक मतदान के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं। डीएसपी सज्जन कुमार द्वारा चुनाव में सुरक्षा पहलुओं की मॉनिटरिंग निरंतर की जा रही है।
जींद के मोरखी गांव में मतदाताओं की भीड़ लगी है। वहीं झज्जर के भागलपुरी गांव में वोट डालने के लिए लोग लाइन में खड़े हैं।
कनीना खंड में 14 लोगो ने मतदान कर दिया है।
जींद में गांव जलालपुर कला निवासी ईश्वर ने पहली वोट डाली।
मतदान प्रक्रिया में शामिल होने वाली अधिकारी और कर्मचारी बूथों पर पहुंच चुके हैं। इन नौ जिलों में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के लिए 30 नवंबर को मतदान हो चुका है।
सरपंच-पंच के लिए मतदान के तुरंत बाद परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। रात 8 बजे से लेकर 10 बजे तक जीतने और हारने वाले की तस्वीर साफ हो जाएगी।