केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई GST दरों के लागू होने पर कहा, "GST को 18% से घटाकर 5% करने से 1 लाख करोड़ से 1.5 लाख करोड़ रुपये की बचत का अनुमान है... मैं प्रधानमंत्री का बहुत आभारी हूं... हम नई योजनाएं भी ला रहे हैं। देश में बचत उत्सव मनाया जा रहा है, यह 75 वर्षों में सबसे बड़ा जनहितैषी सुधार है..."
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई जीएसटी दरें लागू होने के बाद स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की।
जीएसटी सुधारों के कार्यान्वयन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "मैं सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टैक्स स्लैब को कम करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे हर घर को बचत करने में मदद मिलेगी। बचत महोत्सव शुरू हो गया है। दुकानदार और ग्राहक दोनों बहुत खुश हैं... हमें अपने दैनिक जीवन में यथासंभव स्वदेशी का उपयोग करने का एक और संकल्प लेने की आवश्यकता है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रैली को संबोधित करते हुए कहा, "आज से जीएसटी को हमने सिर्फ 2 स्लैब तक सीमित कर दिया है-5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत। बहुत सारी चीजें अब टैक्स फ्री हो गई हैं, और बाकी चीजें भी अब सस्ती हो गई हैं। यह GST बचत उत्सव आपके लिए बहुत यादगार बनने वाला है।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "GST में अब तक के सबसे बड़े सुधार करके उसके दर को घटाकर 5% और 0 पर लाया गया है। अन्नदाता किसानों के लिए GST की दर को 5% लाया गया है। यह सुधार भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। आज इन GST सुधारों के लिए हमने यहां व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद भी बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हर व्यापारी और उपभोक्ता उत्साह और उमंग के साथ इस आयोजन के साथ जुड़ रहा है।"
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज नवरात्रि की शुरुआत हुई है। आज ऐतिहासिक दिवस इसलिए भी है कि आज GST सुधार लागू होने का पहला कार्यक्रम पीएम मोदी का अरुणाचल प्रदेश से शुरू हुआ है। अरुणाचल प्रदेश से कोई भी शुभ काम जब शुरू होता है तो वो तुरंत पूरे देश में फैल जाता है...जिससे सबको लाभ मिलेगा।"
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नई जीएसटी दरें लागू होने पर कहा, "सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं...पीएम मोदी और वित्त मंत्री का धन्यवाद करता हूं कि जो इतने साल से मांग चल रही थी कि GST रेट में सुधार किया जाए। उन्होंने इस मांग को स्वीकार किया। इस सुधार से लोगों को काफी राहत मिली है।"
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने नई जीएसटी दरों के लागू होने पर कहा, "ये जो दर कटे हैं क्या उसका लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा या ग्राहकों को मिलेगा इस पर बड़ा सवाल है...तो ये पूरा GST सुधार नहीं है ये दूसरा अवतार नहीं बल्कि डेढ़वा अवतार है। ये लोग हर एक चीज का उत्सव मानते हैं और हमें जो ट्रंप से निपटना है उन्होंने जो टैरिफ लगाया और दूसरी तरफ हमारी वीजा को खत्म कर रहे हैं ये सब ध्यान कही और ले जाने के लिए किया जा रहा है। GST में आपने जो सुधार लाया इसमें आपको 8 साल लगा क्या 8 साल पहले आप सो रहे थे। ये आपको 8 साल पहले करना चाहिए था।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, 'मोदी सरकार का नवरात्रि के शुभ अवसर पर देश की सभी माताओं-बहनों को नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म का उपहार! मोदी जी ने देशवासियों से GST रिफॉर्म का जो वादा किया था, वह आज से पूरे देश में लागू हो गया है। इस GST में 390 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में ऐतिहासिक कमी की गई है। खाद्य एवं घरेलू सामान, होम बिल्डिंग व मैटेरियल्स, ऑटोमोबाइल, कृषि, सेवाएँ, खिलौने, स्पोर्ट्स व हैंडीक्राफ्ट्स, शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य, बीमा जैसे क्षेत्रों में GST में अभूतपूर्व राहत से देशवासियों के जीवन में खुशियाँ आएँगी और उनकी बचत भी बढ़ेगी।"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और निर्मला सीतारमण ने नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा से पहले देश को दिवाली का बहुत बड़ा तोहफा दिया है। हम इसे 'बचत उत्सव' के रूप में मना रहे हैं। जीएसटी 2.0 से 'रोटी-कपड़ा-मकान' की कीमते सस्ती होगी। यह किसानों के लिए फायदेमंद है। इलेक्ट्रॉनिक सामान से लेकर स्वास्थ्य उत्पाद और फिर शिक्षा, वाहन से जुड़े सामान तक - सब कुछ सस्ता होगा। इसलिए यह आम आदमी, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और सभी के लिए राहत लाने वाला एक बड़ा कदम है। इससे न केवल कर की दरें कम होंगी बल्कि इससे सरलीकरण भी होगा क्योंकि केवल दो स्लैब होंगे। कुल मिलाकर, यह एक अच्छा और सरल कर है, बड़ी बचत और कम कर का एक सूत्र।"
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने नई जीएसटी दरों के लागू होने पर कहा, "जीएसटी के रेट कम करके जो डबल सौगात दी गई है उससे निश्चित रूप से 15-20% रेट वस्तुएं के कम होंगे। इसको हम बचत उत्सव के रूप में माना रहे हैं। समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।"
भाजपा नेता योगेन्द्र चंदोलिया ने नई जीएसटी सुधार लागू होने पर कहा, "पीएम मोदी ने जीएसटी सुधार लाया है इससे दुकानदारों की सिर दर्दी खत्म होगी और वहां पर बहुत चीजे सस्ती होगी और उससे आम जनता को काफी लाभ होने वाला है। महंगाई पर भी कंट्रोल होगा। खाने-पीने की चीज़ों के लगभग 90% चीज़ों पर 0 ट्रैक्स है। कुछ चीज़ों पर 5% है यह बहुत बड़ी उपलब्धि है..पीएम मोदी का कहना है इसे उत्सव के रूप में मानना है। लोगों के बीच में जाकर इसके बारे में बताना है और दुकानदारों से मिलना है। आम नागरिकों को इसके टैक्स के बारे में जानकारी देनी है
जीएसटी सुधारों के बाद आम लोगों की राय भी सामने आने लगी है। उपभोक्ता वीके बघेल ने कहा, "... समय के साथ हमें अंतर दिखेगा।" दूसरी तरफ दुकानदार नावेद ने कहा, "सरकार का यह अच्छा कदम है। इसे पहले ही ले लेना चाहिए था। देर आए दुरुस्त आए। लोगों को फायदा होगा। दूध की क़ीमतें कम होनी चाहिए।"
मारुति सुजुकी से लेकर टाटा मोटर्स, महिंद्रा, हीरो, बजाज और होंडा तक, सभी कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतें घटा दी हैं। अब तो 3.50 लाख रुपये में कार और 55,000 रुपये में बाइक मिल रही है। मारुति ने अपनी कारों पर 1.29 लाख रुपये तक की छूट दी है। वहीं, टाटा की सबसे सस्ती कार टिएगो अब 4.57 लाख रुपये से शुरू हो रही है, जिस पर 75,000 रुपये तक की बचत हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर
सोना और चांदी पर लगने वाला जीएसटी अब भी तीन प्रतिशत पर बरकरार है। विशेषज्ञों का कहना है कि जीएसटी के नए दो स्लैब ढांचे का असर इन कीमती धातुओं पर नहीं पड़ेगा। इन्हें अलग श्रेणी में रखा जाता है, जिन पर पहले से ही तीन प्रतिशत की विशेष दर लागू है। पढ़ें पूरी खबर...
पीएम मोदी ने नवरात्रि के साथ जीएसटी प्रणाली में बदलाव पर की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही एक्स पर जीएसटी में बदलाव को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है। GST बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान एक नई ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं।"
New GST Rate Changes List Live Updates : जीएसटी की नई दरें नवरात्र के पहले दिन यानी आज से लागू हो रही हैं। अब जीएसटी के 5 फीसदी और 18 फीसदी के सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं। नई दरें लागू होने के साथ रसोई के सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां, कपड़े, मकान खरीदना-बनवाना, बीमा उत्पाद और एसी-टीवी जैसे कई उत्पाद सस्ते हो गए हैं। इसके अलावा, दूध के टेट्रापैक, रोटी, खाखरा, निजी स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा उत्पादों, पढ़ाई-लिखाई से जुड़ीं कुछ चीजों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। आम आदमी तक कर राहत पहुंचे, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें कड़ी निगरानी कर रही हैं।