कितने बजे शुरू होगा कार्यक्रम?
भारतीय समयानुसार रात करीब 9 बजे कार्यक्रम शुरू होने का अनुमान है।
दावोस में आज कौन-कौन से दिग्गज रखेंगे अपनी बात?
दावोस बैठक के दौरान प्रमुख वैश्विक नेताओं के विशेष संबोधन भी होंगे। 20 जनवरी (मंगलवार) को माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला शाम 7:30 बजे (IST) विशेष संबोधन और संवाद करेंगे। 21 जनवरी (बुधवार) को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस 3:30 बजे (IST) भी विशेष सत्र को संबोधित कर सकते हैं। इनके अलावा एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग 2:00 बजे (IST) अपने विचार रखेंगे।
WEF 2026 से पहले दावोस हाई-सिक्योरिटी मोड में
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 की शुरुआत से पहले स्विट्जरलैंड का दावोस शहर पूरी तरह उच्च-सुरक्षा मोड में नजर आने लगा है। दुनिया के सबसे चर्चित वैश्विक सम्मेलनों में शुमार इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हैं। स्विस मीडिया आउटलेट 20 मिनुटेन के मुताबिक, आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही ट्रेन से आने वाले मेहमानों का स्वागत स्विस आर्मी की फ्लाइट-डिफेंस तोपें कर रही हैं, जो सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजामों का संकेत है।
प्रोमेनाड बना ग्लोबल शोकेस
दावोस की मुख्य सड़क प्रोमेनाड पर होटल, दुकानें और यहां तक कि चर्च भी अस्थायी रूप से नए रूप में ढल गए हैं। कंपनियों और देशों ने पूरे के पूरे भवन किराए पर लेकर सड़क को एक निरंतर प्रदर्शनी स्थल में बदल दिया है। इस साल सऊदी अरब की मौजूदगी खास तौर पर चर्चा में है कांग्रेस सेंटर के पास मिग्रोस बिल्डिंग को ब्रांड कर उसे 'सऊदी WEF पैलेस' जैसा रूप दिया गया है।
अमेरिका, भारत और यूक्रेन की सक्रिय मौजूदगी
प्रोमेनाड पर इंग्लिश चर्च इस बार आधिकारिक तौर पर अमेरिकी आयोजनों का केंद्र बना है। अमेरिका अपनी स्थापना की 250वीं वर्षगांठ 'फ्रीडम' थीम के तहत मनाने की तैयारी में है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष जैसे विषयों पर कार्यक्रम होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति की मौजूदगी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
भारत की मौजूदगी भी एक बार फिर प्रोमेनाड पर सबसे बड़ी में शामिल है। वहीं यूक्रेन अपने पवेलियन के जरिए रूस के युद्ध की जमीनी हकीकतों से वैश्विक प्रतिनिधियों को अवगत करा रहा है। WEF बार-बार स्पष्ट करता है कि इनमें से कई पवेलियन औपचारिक रूप से फोरम का हिस्सा नहीं हैं।
अजीत डोभाल, चार केंद्रीय मंत्री समेत छह मुख्यमंत्री होंगे शामिल
भारत का प्रतिनिधित्व इस बैठक में बेहद मजबूत है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी और के राम मोहन नायडू शामिल होंगे। इसके अलावा छह मुख्यमंत्रियों में महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के एन. चंद्रबाबू नायडू, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, तेलंगाना के ए. रेवंत रेड्डी और झारखंड के हेमंत सोरेन बैठक में भाग लेंगे।
डावोस मंच पर भारतीय युवाओं की मौजूदगी
बर्फ से ढकी डावोस की गलियों में जहां दुनिया भर के शीर्ष कारोबारी और राजनीतिक नेता जुटे हैं, वहीं भारत से आए दो युवा भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। ये युवा भारत की जमीनी चुनौतियों से जुड़े समाधान दुनिया के सामने रख रहे हैं एक नागरिक समस्याओं के समाधान में जनता और प्रशासन के सहयोग की बात कर रहा है, तो दूसरा ब्लू-कॉलर सेक्टर के लिए आसान बाजार पहुंच पर काम कर रहा है।
इनमें से एक हैं 22 वर्षीय ईशान प्रताप सिंह, जो एक सिविक एंटरप्रेन्योर हैं और कोऑपरेशन17 नामक वैश्विक सोशल स्टार्टअप के संस्थापक और चेयरमैन हैं। ईशान वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के ग्लोबल शेपर हैं और उन्हें दुनिया भर से चुने गए 40 युवा नेताओं में शामिल किया गया है, जो WEF डावोस 2026 की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेंगे। इस मंच पर वे भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
असम की दृष्टि मेधी क्विकघी की सह-संस्थापक हैं, जो भारत में ब्लू-कॉलर सेक्टर के लिए आसान बाजार पहुंच का निर्माण कर रही है और उनका ध्यान उन्हें कौशल प्रदान करने, प्रशिक्षित करने और सशक्त बनाने पर केंद्रित है।
वैश्विक सप्लाई चेन में बड़ा बदलाव की ओर
वैश्विक सप्लाई चेन अब संरचनात्मक अस्थिरता के दौर में प्रवेश कर चुकी हैं, जिससे कंपनियां और सरकारें निवेश व उत्पादन की रणनीतियों पर दोबारा सोचने को मजबूर हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की रिपोर्ट के अनुसार, चार में से तीन बिजनेस लीडर अब विकास के चालक के रूप में लचीलेपन को प्राथमिकता दे रहे हैं। वार्षिक बैठक से पहले जारी ग्लोबल वैल्यू चेन्स आउटलुक 2026 रिपोर्ट बताती है कि भू-राजनीति, औद्योगिक नीतियां, ऊर्जा संक्रमण और तेज तकनीकी बदलाव वैश्विक वैल्यू चेन्स को नए सिरे से आकार दे रहे हैं। यह रिपोर्ट उद्योग, सरकार और शिक्षा जगत के 100 से अधिक परामर्शों और 300 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारियों के सर्वे पर आधारित है।
दावोस में पीटीएम का प्रदर्शन
दावोस में पीटीएम का प्रदर्शन
- फोटो : ANI
पास्तून तहफ्फुज मूवमेंट (PTM) ने स्थानीय मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पीटीएम के केंद्रीय समिति सदस्य जुबैर शाह आगा ने आरोप लगाया कि सरकार सेना के साथ मिलकर पास्तूनों की हत्याओं, जबरन गुमशुदगियों और खनिज-संपन्न जमीन की लूट में शामिल है।
जुबैर शाह आगा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान हुए इस प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को जबरन रोका गया और कुछ को स्विस इमिग्रेशन अधिकारियों व पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताते हुए दावा किया कि हिरासत में लिए गए लोगों पर WEF की सुरक्षा के लिए खतरा बताकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा है।
दावोस में पहली बार पहुंचे असम के सीएम
हिमंत बिस्वा सरमा
- फोटो : ANI
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम पहली बार डब्ल्यूईएफ में भाग ले रहा है और इसका मकसद वैश्विक निवेशकों को यह संदेश देना है कि असम अब एक उभरता हुआ राज्य और अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब निवेशक भारत में निवेश के बारे में सोचें, तो असम को भी एक प्रमुख गंतव्य के रूप में देखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के हालिया आंकड़ों के अनुसार असम देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला राज्य बनकर उभरा है और ग्रोथ चार्ट में शीर्ष पर है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने हाल ही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 7 प्रतिशत से ऊपर संशोधित किया है।
ओपनिंग कॉन्सर्ट में जॉन बैटिस्ट का शानदार प्रदर्शन
संगीतकार जॉन बैटिस्ट
- फोटो : ANI
WEF दावोस 2026 की आधिकारिक शुरुआत ओपनिंग कॉन्सर्ट के साथ हुई। इस मौके पर ग्रैमी अवॉर्ड विजेता अमेरिकी संगीतकार जॉन बैटिस्ट ने मंच पर प्रस्तुति दी। उनके लाइव परफॉर्मेंस ने दावोस में जुटे वैश्विक नेताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों और मेहमानों के बीच सम्मेलन का औपचारिक आगाज किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की WEF अधिकारी जेफ मेरिट से मुलाकात
सीएम देवेंद्र फडणवीस और WEF की कार्यकारी समिति के सदस्य जेफ मेरिट
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में WEF की वार्षिक बैठक के दौरान शहरी परिवर्तन प्रमुख और WEF की कार्यकारी समिति के सदस्य जेफ मेरिट से मुलाकात की। इस बैठक में शहरी विकास, सतत बुनियादी ढांचे और महाराष्ट्र में स्मार्ट सिटी व शहरी परिवर्तन से जुड़े संभावित सहयोग पर चर्चा हुई।
दावोस में यूपी प्रतिनिधिमंडल की निवेशकों के साथ अहम बैठकें
दावोस में आयोजित विश्व स्वास्थ्य सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि
- फोटो : ANI
दावोस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त, फार्मास्यूटिकल्स, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) और सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (CoEs) से जुड़े निवेशकों के साथ उपयोगी और सकारात्मक बैठकें कीं।
राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन और सुविधा एजेंसी 'इन्वेस्ट यूपी' के अनुसार, इन बैठकों के दौरान निवेशकों ने उत्तर प्रदेश के अनुकूल निवेश पारिस्थितिकी तंत्र और नीतिगत समर्थन की सराहना की। एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इन चर्चाओं से राज्य में निवेश संभावनाओं को और मजबूती मिली है।
WEF प्रमुख बोरगे ब्रेंडे बोले: वैश्विक अर्थव्यवस्था से है उम्मीद
बोर्गे ब्रेंडे
- फोटो : ANI
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के अध्यक्ष और सीईओ बोर्गे ब्रेंडे ने कहा है कि इस साल उन्हें आशावादी बनाने वाला एक ही शब्द है अर्थव्यवस्था। ब्रेंडे ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती और संवाद की निरंतर जरूरत को मौजूदा दौर में उम्मीद की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि तेजी से बिखरती दुनिया के बावजूद वैश्विक अ र्थव्यवस्था ने लचीलापन दिखाया है। ब्रेंडे के मुताबिक, WEF के मूल में संवाद है और यही संगठन का सबसे बड़ा उद्देश्य भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, संवाद कोई विलासिता नहीं, बल्कि जरूरत है।
खराब तबीयत के चलते UN प्रमुख ने दावोस दौरा रद्द किया
एंटोनियो गुटेरेस
- फोटो : ANI
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने खराब स्वास्थ्य के चलते दावोस दौरे को रद्द कर दिया है। उनके प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। दावोस में वे विश्व आर्थिक मंच (WEF) से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने वाले थे।
दावोस में CM चंद्रबाबू नायडू का निवेशकों को संदेश
एन. चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश
- फोटो : ANI
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश की विकास यात्रा में दुनिया भर के निवेशकों और उद्योगों को भागीदार बनाना उनकी सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हम यहां मौजूद हर व्यक्ति को आंध्र प्रदेश की ग्रोथ का पार्टनर बनाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने दावोस से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि 1990 के दशक में दावोस की उनकी यात्रा ने उन्हें यह समझने में मदद की कि दुनिया किस दिशा में आगे बढ़ रही है और आंध्र प्रदेश को किस तरह आगे बढ़ना चाहिए।
मुक्त व्यापार और नियम-आधारित व्यवस्था के समर्थन में स्विट्जरलैंड
स्विट्जरलैंड ने मंगलवार को कहा कि वह नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवाधिकारों और मुक्त व्यापार का समर्थन करता है और ये मूल्य हमेशा से देश की पहचान रहे हैं। यहां विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के उद्घाटन पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए स्विस राष्ट्रपति गाइ पारमलिन ने कहा कि स्विट्जरलैंड अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों को और विविध बनाना चाहता है, विशेष रूप से व्यापार और विज्ञान के क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में बढ़ते संरक्षणवाद के बावजूद स्विट्जरलैंड मुक्त व्यापार की सफलता में विश्वास रखता है और इस दिशा में अपने समझौतों के नेटवर्क का विस्तार करना चाहता है।
मध्य प्रदेश सरकार की जॉन कील्स होल्डिंग्स से मुलाकात
मध्य प्रदेश सरकार ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान श्रीलंका के प्रमुख कारोबारी समूह जॉन कील्स होल्डिंग्स पीएलसी के चेयरमैन कृष्णन बालेंद्र से मुलाकात की। राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में मध्य प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, हॉस्पिटैलिटी, फूड प्रोसेसिंग और पर्यटन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही राज्य की औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी साझा की गई।
ग्रेटर नोएडा में बनेगा 1 गीगावॉट का AI कंप्यूटर हब
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना
- फोटो : ANI
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने एम ग्रीन ग्रुप के साथ हुए समझौता ज्ञापन को राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। यह समझौता ग्रेटर नोएडा में एक गीगावॉट क्षमता वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंप्यूटर हब की स्थापना के लिए किया गया है। AM ग्रीन ग्रुप, ग्रीनको ग्रुप के संस्थापकों द्वारा समर्थित ऊर्जा संक्रमण मंच है।
विश्व आर्थिक मंच (WEF) 2026 के इतर बातचीत में वित्त मंत्री खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश वर्ष 2030 तक छह गीगावॉट ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इस दिशा में यह निवेश मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि AM ग्रीन ग्रुप इस परियोजना में लगभग 2.7 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिससे न केवल प्रदेश की डिजिटल और तकनीकी क्षमता को मजबूती मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
MMRDA को पहले दिन 96 अरब डॉलर के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए
- फोटो : ANI
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने WEF की वार्षिक बैठक 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दावोस में समिट के पहले ही दिन MMRDA ने 10 बड़े समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर कर करीब 96 अरब डॉलर (लगभग 8.73 लाख करोड़ रुपये) के निवेश प्रतिबद्धताएं सुनिश्चित कीं।
इन ऐतिहासिक समझौतों से मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 9.6 लाख रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इससे MMR को न केवल भारत बल्कि एशिया के एक प्रमुख टैलेंट कैपिटल के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
भारत बना रहा है संपूर्ण सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, बोले अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
- फोटो : ANI
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि भारत तेजी से एक संपूर्ण सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण कर रहा है और वैश्विक उद्योग भारत को एक भरोसेमंद सप्लाई-चेन पार्टनर के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया आज भारत को वैश्विक नवाचार के एक अहम चालक के रूप में देख रही है।
वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में मौजूद वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में डिजाइन, फैब्रिकेशन, पैकेजिंग, मैटेरियल्स, गैस और उपकरणों समेत पूरी वैल्यू चेन को विकसित कर रहा है।
तकनीकी खराबी के कारण लौटा ट्रंप का विमान, बैकअप प्लेन से दावोस रवाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : अमर उजाला प्रिंट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एयर फोर्स वन विमान मंगलवार रात जॉइंट बेस एंड्रयूज से दावोस के लिए रवाना हुआ, लेकिन उड़ान के कुछ देर बाद मामूली तकनीकी खराबी के चलते उसे वापस लौटना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रपति के दल ने बैकअप विमान से स्विट्जरलैंड के दावोस के लिए उड़ान भरी।
यह राष्ट्रपति ट्रंप की दोबारा पद संभालने के बाद वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में पहली प्रत्यक्ष उपस्थिति है। ट्रंप बुधवार को अमेरिकी नीतियों पर बोलने वाले हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कम गैस कीमतों और मजबूत अर्थव्यवस्था का जिक्र किया।
WEF और ट्रंप की यात्रा के विरोध में स्विट्जरलैंड में प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन
- फोटो : PTI
स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर में WEF और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के विरोध में हुए प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। रैली के बाद प्रदर्शनकारियों और दंगा-नियंत्रण पुलिस के बीच तीखी झड़पें हुईं। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। प्रदर्शनकारी WEF को वैश्विक असमानता और कॉरपोरेट हितों का मंच बताते हुए इसका विरोध कर रहे थे, वहीं ट्रंप की मौजूदगी को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
वैश्वीकरण पश्चिम और अमेरिका के लिए विफल नीति, बोले अमेरिकी वाणिज्य मंत्री
हॉवर्ड लुटनिक, वाणिज्य मंत्री, अमेरिका
- फोटो : X / @WhiteHouse
अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा है कि वैश्वीकरण एक विफल नीति साबित हुई है, जिसने पश्चिमी देशों और अमेरिका को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक मॉडल ने अमेरिकी श्रमिकों को पीछे छोड़ दिया है और यही वजह है कि ट्रंप प्रशासन इस व्यवस्था को लेकर बिल्कुल स्पष्ट रुख अपनाए हुए है।
विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में बातचीत करते हुए लटनिक ने कहा कि दशकों तक पश्चिमी देशों की नीतियां निर्यात बढ़ाने, उत्पादन को विदेशों में शिफ्ट करने और दुनिया भर में सबसे सस्ती श्रम शक्ति तलाशने पर केंद्रित रहीं।
दावोस व्यापार वार्ताओं का मंच नहीं, विचार साझा करने का फोरम है: अश्विनी वैष्णव
दावोस में अश्विनी वैष्णव
- फोटो : ANI
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि भारत प्रमुख वैश्विक शक्तियों के साथ लगातार संपर्क में है, लेकिन WEF औपचारिक व्यापार वार्ताओं का मंच नहीं है। उन्होंने कहा कि दावोस मुख्य रूप से विचारों के आदान-प्रदान और संवाद के लिए जाना जाता है।
दावोस में अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की संभावित बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर वैष्णव ने कहा कि दावोस का प्रारूप पैनल चर्चाओं और द्विपक्षीय बैठकों तक सीमित रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार से जुड़े औपचारिक मुद्दों पर बातचीत संबंधित देशों की अपनी समय-सारिणी और बातचीत प्रक्रिया के तहत होती है।
अदाणी समूह का 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश रोडमैप
अदाणी समूह ने भारत की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप बड़े पैमाने पर निजी पूंजी निवेश के नए चरण का संकेत देते हुए छह लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की रूपरेखा पेश की है। यह निवेश विमानन, स्वच्छ ऊर्जा, शहरी अवसंरचना, डिजिटल प्लेटफॉर्म और उन्नत मैन्युफैक्चरिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में किया जाएगा। दावोस में अपने निवेश प्लान साझा करते हुए समूह ने बताया कि ये परियोजनाएं महाराष्ट्र, असम और झारखंड में लागू की जाएंगी। अडानी समूह के अनुसार, यह रणनीति केवल अलग-अलग परिसंपत्तियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि एकीकृत और तकनीक-आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म विकसित करने पर केंद्रित है।
भारत को ‘सेकेंड टियर’ बताना गलत, केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने IMF की टिप्पणी को किया खारिज
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा के उस सुझाव को खारिज कर दिया, जिसमें भारत को एआई अर्थव्यवस्थाओं के दूसरे स्तर में रखा गया था। वैष्णव ने स्पष्ट किया कि भारत वैश्विक स्तर पर AI के पहले समूह में शामिल है।
विश्व आर्थिक मंच की एक पैनल चर्चा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि IMF के मानदंड क्या रहे हैं, लेकिन स्टैनफोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार AI के प्रसार, AI की तैयारी और AI टैलेंट के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है।
निवेश के नए अवसर तलाश रहा झारखंड
हेमंत सोरेन
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सतत विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ते हुए हरित ऊर्जा, कौशल विकास और संतुलित इकोसिस्टम के क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रहा है। WEF की वार्षिक बैठक में पहली बार शामिल हुए मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड में पारंपरिक खनन क्षेत्र के अलावा भी निवेश की कई संभावनाएं मौजूद हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।
नीतिगत स्थिरता और मजबूत गवर्नेंस से गुजरात निवेश के लिए सबसे बेहतर
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी
- फोटो : एक्स@sanghaviharsh
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा है कि राज्य का नीतिगत गवर्नेंस मॉडल और मजबूत स्थिरता इसे निवेश के लिए देश का सबसे आकर्षक गंतव्य बनाते हैं। उन्होंने वैश्विक निवेशकों से गुजरात में डेटा पार्क, उन्नत मैन्युफैक्चरिंग और रक्षा क्षेत्र की इकाइयां स्थापित करने का आह्वान किया। WEF की वार्षिक बैठक के दौरान पीटीआई से बातचीत में संघवी ने कहा कि धोलेरा स्मार्ट सिटी वैश्विक स्तर पर डेटा सेंटर्स के लिए एक आदर्श स्थान के रूप में उभर रही है, जबकि गिफ्ट सिटी दुनिया भर की कंपनियों के लिए एक प्रमुख फिनटेक हब बन चुकी है।
भारत की तेज ग्रोथ जारी रहेगी: वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अगले पांच वर्षों में वास्तविक रूप से 6 से 8 प्रतिशत और नाममात्र रूप से 10-13 प्रतिशत की दर से वृद्धि करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह तेज रफ्तार विकास मध्यम महंगाई और मजबूत आर्थिक गतिविधियों के सहारे संभव होगा।
विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के मौके पर यहां CII और EY के सहयोग से आयोजित सत्र ‘बेट ऑन इंडिया- बैंक ऑन द फ्यूचर’ को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि भारत सरकार का फोकस नीतियों और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर है, ताकि निवेश और विकास को गति दी जा सके। उन्होंने बताया कि टेलीकॉम टावर लगाने की प्रक्रिया में बड़ा सुधार किया गया है। पहले जहां एक टावर की स्थापना के लिए औसतन 270 दिन लगते थे, वहीं अब यह समय घटकर सिर्फ 7 दिन रह गया है। इतना ही नहीं, 89 प्रतिशत अनुमतियां अब ‘जीरो टाइम’ में मिल रही हैं।
डीके शिवकुमार ने बंगलूरू को बताया ‘भविष्य का शहर’
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने वार्षिक बैठक में बंगलूरू की नवाचार क्षमता, मजबूत बुनियादी ढांचे और बेहतर जीवन गुणवत्ता को रेखांकित किया। डीके शिवकुमार ने 'क्या शहर इसके लिए तैयार है' सत्र को संबोधित किया, जिसमें दुनिया भर के शहरों में मोबिलिटी, ऊर्जा और तकनीक के लिए एकीकृत और लोगों-केंद्रित समाधानों पर चर्चा हुई। इस सत्र में वैश्विक नेताओं ने भविष्य के शहरों की चुनौतियों और संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
भारत बना भरोसेमंद वैश्विक साझेदार: राजन भारती मित्तल
भारती एंटरप्राइजेज के वाइस-चेयरमैन राजन भारती मित्तल ने कहा है कि मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक हालात के बीच भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। राजन भारती मित्तल के मुताबिक, भारत की ग्रोथ स्टोरी पूरी तरह बरकरार है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को लेकर दिलचस्पी बनी हुई है।
स्विट्जरलैंड के दावोस पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : ANI
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप स्विट्जरलैंड पहुंच चुके हैं। राष्ट्रपति का विमान एयर फोर्स वन ज्यूरिख में उतरा। इसके बाद वह दावोस रवाना हुए, जहां उनका कार्यक्रम पहले कारोबार जगत के नेताओं से मुलाकात और फिर वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाषण देने का है। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब यूक्रेन युद्ध, वैश्विक मंदी और सुरक्षा मुद्दों पर दुनिया की निगाहें अमेरिका की भूमिका पर टिकी हैं।
दावोस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा है कि यूरोप सही दिशा में नहीं बढ़ रहा है। कुछ जगहों की तो पहचान ही नहीं बची है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावोस में विश्व यूरोपीय संघ (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में अपना भाषण शुरू करते हुए 'बहुत सारे दोस्तों' और 'कुछ दुश्मनों' का अभिवादन किया। ट्रंप ने दावोस में कहा है कि मुझे चुनकर अमेरिकी लोग बहुत खुश हैं। दो साल पहले हम एक मृत देश थे, लेकिन अब हम फिर से जीवित हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूरोप के कुछ स्थान तो पहचाने भी नहीं जा सकते; मुझे यूरोप से प्यार है, लेकिन यह सही रास्ते पर नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश ग्रीनलैंड को बचा नहीं सकता सिवाय अमेरिका के।
डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में कहा, "हम विदेशी राष्ट्रों पर कर बढ़ा रहे हैं ताकि उनके द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई की जा सके। हमने कुछ बेहतरीन व्यापारिक समझौते किए हैं; हर कोई जानता है कि जब अमेरिका का विकास होता है, तो आप भी उसका अनुसरण करते हैं: डोनाल्ड ट्रम्प ने दावोस में कहा। वेनेजुएला कई वर्षों से एक अद्भुत जगह रही है, लेकिन वे गलत नीतियों के कारण खुद को बर्बाद कर रहे थे। वेनेजुएला ने हमले के बाद समझौता करने को कहा; ट्रंप ने कहा कि वे छह साल में जितना पैसा कमाएंगे, उससे कहीं ज्यादा पैसा वे छह महीने में कमा लेंगे।"
कड़ी सुरक्षा के बावजूद आयोजन स्थल के बाहर ट्रंप का विरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक को संबोधित करने के लिए यहां पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही, उनके भाषण स्थल में प्रवेश करने के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सैकड़ों लोग बाहर विभिन्न स्थानों पर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए जमा हो गए।
दावोस में ट्रंप ने चीन पर बोला हमला- कहा मूर्ख लोग उनसे पवनचक्कियां खरीदते हैं
दावोस में ट्रंप ने कहा कि चीन में ही सारी पवनचक्कियां बनती हैं, लेकिन मुझे वहां कोई नजर नहीं आ रही; वे उन्हें यूरोप के बेवकूफ लोगों को बेचते हैं और खूब पैसा कमाते हैं। उन्होंने कहा कि पवनचक्कियां पक्षियों को मारती हैं, प्राकृतिक दृश्यों को नष्ट करती हैं; मूर्ख लोग इन्हें खरीदते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में विश्व स्वास्थ्य संगठन की वार्षिक बैठक में यह बात कही।
ट्रंप ने ग्रीनलैंड विवाद पर डेनमार्क को एहसान फरामोश बताया
दावोस में डोनाल्ड ट्रंप ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ग्रीनलैंड में अमेरिकी सेना की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अमेरिका की पिछली रक्षात्मक भूमिका आज उस पर नियंत्रण करने के उनके के प्रयास को उचित ठहराती है।
ट्रंप ने कहा “हमने ग्रीनलैंड को बचाया और अपने दुश्मनों को हमारे गोलार्ध में पैर जमाने से सफलतापूर्वक रोका।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि युद्ध के बाद, हमने ग्रीनलैंड को डेनमार्क को वापस दे दिया। ऐसा करना कितनी बड़ी मूर्खता थी? लेकिन हमने ऐसा किया। लेकिन अब वे कितने कृतघ्न हो गए हैं।"
वैश्विक सुरक्षा के लिए अमेरिका के पास ग्रीनलैंड का होना जरूरी: डोनाल्ड ट्रंप
दावोस में ट्रंप ने कहा, "ग्रीनलैंड एक विशाल, लगभग पूरी तरह से निर्जन और अविकसित क्षेत्र है, जो अमेरिका, रूस और चीन के बीच एक महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थान पर असुरक्षित रूप से स्थित है।" उनका कहना है कि दुर्लभ पृथ्वी धातुओं के बढ़ते महत्व के साथ ही इसका महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा, "हमें इसकी जरूरत इस वजह से नहीं है, हमें इसकी जरूरत रणनीतिक राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए है।" उन्होंने आगे दावा किया कि यह उत्तरी अमेरिका का हिस्सा है और इसलिए हमारा क्षेत्र है। इसलिए यह अमेरिका का एक प्रमुख राष्ट्रीय सुरक्षा हित है।
ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का किया दावा
अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने एक बार फिर मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रुकवाने का दावा किया। उन्होंने कि मैंने एक वर्ष में दुनिया में आठ युद्ध रुकवाए हैं। ट्रंप ने कहा कि युक्रेन में भी एक खूनी युद्ध जारी है। वे इसे भी रुकवाएंगे।
ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया शानदार दोस्त
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को भारत के साथ एक 'अच्छे' व्यापार समझौते को लेकर भरोसा जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की। ट्रंप ने पीएम मोदी को 'शानदार नेता' और 'मेरे दोस्त' बताया। डब्ल्यूईएफ की बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मुझे आपके प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है।
स्मृति ईरानी ने रखी भारत की महिला-नेतृत्व वाली विकास गाथा
स्मृति ईरानी
- फोटो : ANI
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दावोस से भारत की महिला नेतृत्व वाली विकास कहानी को वैश्विक नेताओं के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाएं न केवल सामाजिक परिवर्तन की अगुवा हैं, बल्कि आर्थिक विकास की भी मजबूत धुरी बन रही हैं।
ईरानी ने बताया कि आयुष (AYUSH) और महिला वेलनेस से जुड़े छोटे-छोटे व्यवसायों की भूमिका तेजी से बढ़ रही है, खासकर वे संस्थान जो महिलाओं के स्वामित्व और नेतृत्व में संचालित हैं। ऐसे छोटे वित्तीय संस्थान और उद्यम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और सहयोगी संस्थान मिलकर देशभर में एक लाख महिला उद्यमियों का समर्थन कर रहे हैं, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें और रोजगार सृजन में योगदान दें।
WEF स्थल पर धुएं की ‘मामूली’ घटना
WEF
- फोटो : ANI
डब्ल्यूईएफ के आयोजन स्थल पर धुएं की एक मामूली घटना सामने आई, जिसके बाद एहतियातन आपात सेवाओं को मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय सम्मेलन स्थल पर विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख और शीर्ष वैश्विक नेता मौजूद थे। दमकल और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया। किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
ट्रंप का दावा- टैरिफ से अमेरिका को मिलेंगे 600 अरब डॉलर
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि टैरिफ के जरिए अमेरिका को करीब 600 अरब अमेरिकी डॉलर की आय होगी और अगले साल यह आंकड़ा और भी ज्यादा रहने की उम्मीद है। अपने भाषण में ट्रंप ने अमेरिका में निवेश के तेज बहाव पर जोर देते हुए कहा कि देश में निवेश का स्तर अभूतपूर्व है। उन्होंने निवेशक भावना का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका में लोग जिस पैमाने पर निवेश कर रहे हैं, वैसा हमने पहले कभी नहीं देखा।
उभरती अर्थव्यवस्था से निर्णायक आर्थिक शक्ति बना भारत
पिछले एक दशक में भारत ने उभरती अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर एक निर्णायक वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और और केंद्रीय मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा कि मजबूत आर्थिक वृद्धि और व्यापक डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना ने इस परिवर्तन को गति दी है। संघवी ने कहा कि दशकों तक भारत को केवल एक उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में देखा जाता रहा, लेकिन आज यह परिभाषा देश की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती।
भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता अंतिम चरण में? दावोस से मिला बड़ा संकेत
राजन भारती मित्तल
- फोटो : ANI
भारत और यूरोपीय संघ के बीच लंबे समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में पहुंचता नजर आ रहा है। दावोस में डब्ल्यूईएफ के दौरान उद्योग जगत और कूटनीतिक हलकों में इस समझौते को लेकर काफी आशावाद देखने को मिला।
भर्ती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राजन भारती मित्तल ने कहा कि इस समझौते को लेकर गति निर्णायक स्तर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उम्मीद है कि भारत-EU व्यापार समझौता जल्द होगा। यह दोनों पक्षों के लिए एक अच्छा समझौता साबित होगा। इससे तकनीक साझा होगी, निर्यात बढ़ेगा और जो नुकसान हुआ है, उसे दूर किया जा सकेगा। यूरोपीय संघ को भारत जैसे बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी।
मित्तल ने भारत-ईयू संबंधों को लंबे समय से लंबित बताते हुए उम्मीद जताई कि यह समझौता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की आगामी भारत यात्रा के दौरान औपचारिक रूप से संपन्न हो सकता है।
मुंबई के पास बनेगा महाराष्ट्र का पहला इनोवेशन सिटी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई के पास राज्य का पहला इनोवेशन सिटी विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उस समय 400 से अधिक निवेशकों के सामने इस प्रस्ताव को रखा गया था और अब इस परियोजना के लिए स्थान को अंतिम रूप दे दिया गया है। फडणवीस के अनुसार, इनोवेशन सिटी परियोजना का काम अगले छह से आठ महीनों के भीतर शुरू किया जाएगा।
भारत की टेक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता पर दुनिया का भरोसा
WEF की वार्षिक बैठक में भारत की आर्थिक वृद्धि और तकनीकी महत्वाकांक्षाओं को लेकर वैश्विक भरोसा मजबूत नजर आया। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में वैश्विक कंपनियों और निवेशकों के साथ भारत की भागीदारी लगातार गहरी हो रही है।
दावोस से साझा जानकारी में उन्होंने बताया कि बहुराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स कंपनी मैर्सक भारत के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर शिपिंग, बंदरगाह, रेलवे और सेमीकंडक्टर सामग्री से जुड़े लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर काम कर रही है। इससे वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की बढ़ती भूमिका को मजबूती मिलती है।
निवेश के लिए मध्य प्रदेश पर बढ़ा वैश्विक भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य को भारत में निवेश के लिए एक आदर्श गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की नीतियों और कार्यशैली ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार समुदाय के बीच मजबूत सकारात्मक माहौल बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में मौजूद सभी भारतीय नेता भारत की विकास गाथा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने और राज्यों में अधिकतम निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार देना, गरीबी कम करना, संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और दुनिया के साथ मजबूत साझेदारी बनाना है।
ट्रंप ने स्विट्जरलैंड के दावोस में 'बोर्ड ऑफ पीस चार्टर' पर किए हस्ताक्षर
ट्रंप ने स्विट्जरलैंड के दावोस में 'बोर्ड ऑफ पीस चार्टर' पर किए हस्ताक्षर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत अन्य सदस्यों के साथ स्विट्जरलैंड के दावोस में 'बोर्ड ऑफ पीस चार्टर' पर हस्ताक्षर किए।
दावोस में तेलंगाना की बड़ी सफलता, वैश्विक कंपनियों से निवेश समझौते
ए. रेवंत रेड्डी
- फोटो : एएनआई
WEF की वार्षिक बैठक में तेलंगाना सरकार को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में गए राज्य प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक उद्योग जगत के शीर्ष नेताओं के साथ सार्थक बातचीत की और कई महत्वपूर्ण निवेश समझौते किए।
राज्य सरकार के अनुसार, इन समझौतों से तेलंगाना में बड़े पैमाने पर निवेश आने का रास्ता खुला है। इसके साथ ही सरकार का दूसरा प्रमुख उद्देश्य दुनिया के सामने ‘तेलंगाना राइजिंग 2047’ विजन को प्रस्तुत करना भी WEF-2026 में सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
ब्लैकस्टोन का बड़ा बयान- भारत का भविष्य बेहद मजबूत
ब्लैकस्टोन के चेयरमैन और सीईओ स्टीफन ए श्वार्जमैन
- फोटो : X (@blackstone)
ब्लैकस्टोन के CEO स्टीफन श्वार्जमैन ने कहा कि भारत अब उभरता हुआ बाजार नहीं, बल्कि पहले ही मजबूत अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने AI को नई औद्योगिक क्रांति बताया और कहा कि भारत में लंबी विकास संभावनाएं हैं। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव को उन्होंने अस्थायी बताया, जबकि निजी निवेश में भारत को भविष्य का बड़ा अवसर बताया। ब्लैकस्टोन भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राइवेट क्रेडिट और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की योजना बना रहा है।
क्या पांच साल में AI मानव बुद्धिमत्ता से आगे निकल जाएगा?
एलन मस्क
- फोटो : पीटीआई
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एआई पूरी मानव जाति की सामूहिक बुद्धिमत्ता से आगे निकल सकता है। मस्क ने यह बात ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक के साथ चर्चा में कही। इस बातचीत में कंप्यूटिंग क्षमता के तेजी से बढ़ते स्तर और अर्थव्यवस्था में स्वायत्त प्रणालियों के बढ़ते उपयोग पर चर्चा हुई।
मस्क के अनुसार, सुपर-ह्यूमन इंटेलिजेंस की ओर बदलाव इस दशक में चरणबद्ध तरीके से होगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास की गति संकेत देती है कि एक बड़ा पड़ाव जल्द आने वाला है। मस्क ने कहा कि संभव है कि इस साल के अंत तक हमारे पास ऐसा AI हो जाए जो किसी भी इंसान से ज्यादा स्मार्ट हो, और अगले साल तक यह तय है। पांच साल के भीतर AI पूरी मानवता से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है।
भारत को बड़ी उपलब्धि, आंध्र प्रदेश में बनेगा चौथी औद्योगिक क्रांति का नया केंद्र
डब्ल्यूईएफ ने चौथी औद्योगिक क्रांति के लिए दुनिया भर में पांच नए केंद्र स्थापित करने का फैसला किया है, जिनमें एक केंद्र भारत के आंध्र प्रदेश में बनाया जाएगा। भारत में पहले से ही ऐसे दो केंद्र मौजूद हैं, एक मुंबई में और दूसरा तेलंगाना में। अब आंध्र प्रदेश में नया केंद्र बनने से भारत की तकनीकी और नवाचार क्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
चौथी औद्योगिक क्रांति नेटवर्क एक ऐसा मंच है, जो सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों को एक साथ जोड़ता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उभरती तकनीकों का उपयोग समाज के लिए लाभकारी हो, साथ ही उनसे जुड़े जोखिमों को भी कम किया जा सके।
85 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलेगा स्किल डेवलपमेंट का लाभ
डब्ल्यूईएफ ने शुक्रवार को कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के क्षेत्र में एक बड़ी वैश्विक पहल की घोषणा की है, जिसका लाभ दुनिया भर में 85 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत भारत और जॉर्डन में नए स्किल्स और एजुकेशन एक्सेलरेटर शुरू किए जाएंगे। इससे वैश्विक स्तर पर 45 राष्ट्रीय एक्सेलरेटरों के नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी, जिन्होंने अब तक सामूहिक रूप से 1.48 करोड़ लोगों को समर्थन दिया है।
वार्षिक बैठक का हुआ समापन
वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और भू-राजनीतिक तनावों के बीच दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भारत की भूमिका को लेकर दुनिया ने भरोसा जताया। पांच दिन चली इस बैठक में भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, स्थिर नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना की गई। वैश्विक नेताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने माना कि अनिश्चितताओं के इस दौर में भारत विकास और स्थिरता का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।