फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Bihar Visit Live: पहलगाम हमले के बाद PM मोदी का सख्त संदेश; कहा- आतंकियों को कल्पना से बड़ी सजा देंगे

Thu, 24 Apr 2025 01:17 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधुबनी

खास बातें

PM Modi In Madhubani Bihar Today News In Hindi : पहलगाम में आतंकी हमले की घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार से आतंकियों को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में इस हमले की साजिश रचने वालों और इसे अंजाम देने वालों को चेताते हुए कहा कि उन्हें सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 
विज्ञापन
बिहार से पीएम मोदी ने आतंकियों को दिया सख्त संदेश। - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:17 PM, 24-Apr-2025

पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज बिहार की सरजमीं से मैं पूरी दुनिया से यह कहना चाहता हूं कि भारत इन लोगों की पहचान करेगा, उन्हें ढूंढेगा और हर आतंकी तथा उनकी मदद करने वालों को सजा देगा। हम उन्हें पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता। इंसाफ मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दुनिया में जो भी इंसानियत के पक्ष में है, वह हमारे साथ है। इस वक्त दुनिया में जो हमारे साथ खड़ा है, हम उनके शुक्रगुजार हैं।

01:11 PM, 24-Apr-2025

बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।

01:07 PM, 24-Apr-2025

करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख और आक्रोश एक जैसा  
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है। कोटि-कोटि देशवासी दुखी हैं। सभी पीड़ित परिवारों के इस दुख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इन परिवारजनों का अभी इलाज चल रहा है। वे जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है। इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने अपना भाई खोया, किसी ने अपना जीवनसाथी खोया। इनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड़ बोलता था, कोई मराठी, कोई गुजराती था, कोई यहां बिहार का लाल था। आज उन सभी की मृत्यु पर करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख और आक्रोश एक जैसा है। 

विज्ञापन
01:03 PM, 24-Apr-2025

बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए 11000 करोड रुपए खर्च किये जाएंगे 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट से मिथिला की बिहार की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। पटना एयरपोर्ट का भी विस्तार किया जा रहा है। विकास के इन कार्यों से बिहार में भी रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। हमारे किसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ई कनेक्टिविटी जितनी मजबूत होगी गांव उतने ही मजबूत होंगे। देश उतना ही सशक्त होगा। हम सब जानते हैं कि कोसी क्षेत्र बाढ़ से बहुत परेशान रहा है, सरकार बिहार में बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए 11000 करोड रुपए खर्च करने वाली है।  

01:01 PM, 24-Apr-2025

समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और बेगूसराय के लाखों लोगों को नमो भारत रैपिड रेल से मिलेगी मदद 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज भारत रेल रोड जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर से भी तेज गति से जुड़ रहा है। पटना में मेट्रो का काम चल रहा है। देश के दो दर्जन से अधिक शहर मेट्रो सुविधा से जुड़े हैं। आज पटना से जयनगर के बीच नमो भारत रैपिड रेल की शुरुआत की हुई है। इससे पटना से जयनगर के बीच का सफर बहुत कम समय में पूरा हो जाएगा। समस्तीपुर दरभंगा मधुबनी और बेगूसराय के लाखों लोगों को नमो भारत रैपिड रेल से मदद मिलेगी साथियों आज यहां अनेक नई रेलवे लाइनों का उद्घाटन और लोकार्पण हुआ है सहरसा से मुंबई तक आधुनिक अमृत भारत ट्रेन शुरू होने से हमारे श्रमिक परिवारों को बहुत सुविधा हो गई।

विज्ञापन
12:59 PM, 24-Apr-2025

स्वास्थ्य क्षेत्र में हुआ काफी विकास 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमारे सामने आरोग्य जैसे क्षेत्र का भी उदाहरण है कभी एम्स जैसे अस्पताल दिल्ली जैसे बड़े शहरों में ही होते थे, आज यहां दरभंगा में ही एम्स बन रहा है। बीते 10 सालों में देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुनी हो चुकी है। यहां झंझारपुर में भी नया मेडिकल कॉलेज बन रहा है। साथियों गांव में भी अच्छे अस्पताल बने इसके लिए देशभर में डेढ़ लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं। बिहार में ऐसे 10000 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनेंगे। इसी तरह जन औषधि केंद्र गरीब और मिडिल क्लास के लिए बहुत बड़ी राहत बन चुके हैं, जहां 80% डिस्काउंट पर सस्ती दवाई मिलती हैं। बिहार में 800 से ज्यादा जन औषधि केंद्र बनवाए गए हैं। इससे बिहार के लोगों का 2000 करोड़ रूपया दवाई पर होने वाला खर्च बचा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत भी बिहार में लाखों परिवारों का मुफ्त इलाज हो चुका है। इससे इन परिवारों को हजारों करोड़ रूपों की बचत हो गई।

12:57 PM, 24-Apr-2025

लद्दाख और सियाचिन जैसे जगहों तक 4G और 5G मोबाइल कनेक्शन पहुंच गया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीटा दशक भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर का दशक रहा है। यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित भारत की बुनियाद को मजबूत कर रहा है। देश के 12 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवार के घरों में पहली बार नल से जल पहुंचा है। ढाई करोड़ से अधिक गांव में बिजली का कनेक्शन पहुंचा है, जिन्होंने कभी सोचा नहीं था की गैस के चूल्हे पर खाना बनाया उन्हें गैस सिलेंडर मिले हैं। अभी हाल में अपने खबर पढ़ी होगी लद्दाख और सियाचिन में जहां सामान्य सुविधाएं पहुंचाने तक मुश्किल होती है। वहां 4G और 5G मोबाइल कनेक्शन पहुंच गया है, यह दिखाता है कि आज देश की प्राथमिकता क्या है।

12:55 PM, 24-Apr-2025

करीब डेढ़ लाख परिवार अपने नए पक्के घर में कर रहे हैं गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज ही बिहार के करीब डेढ़ लाख परिवार अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश कर रहे हैं। देश भर के 15 लाख गरीब परिवारों को नए घरों के निर्माण के स्वीकृति पत्र भी दिए गए हैं। इसमें भी साढे तीन लाख लाभार्थी हमारे बिहार के ही हैं। आज ही करीब 10 लाख गरीब परिवारों को उनके पक्के घर के लिए आर्थिक मदद भेजी गई है, जिसमें बिहार के 80000 ग्रामीण परिवार और एक लाख शहरी परिवार शामिल हैं।

12:55 PM, 24-Apr-2025

कमाई के नए मौके मिले हैं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मजदूर से लेकर किसान और गाड़ी वाले से लेकर दुकानदार तक सबको कमाई के नए मौके मिले हैं। इससे उसे समाज को सबसे अधिक फायदा हो रहा है जो पीडिया से वंचित रहे। मैं आपको पीएम आवास योजना का उदाहरण दूंगा। इस योजना का लक्ष्य है कि देश में कोई भी गरीब परिवार बेघर ना हो। सब के सिर पर पक्की छत हो। अभी इन माता बहनों को मैं घर की चाबी दे रहा था तो उनके चेहरे पर जो संतोष नजर आ रहा था। उन में जो नया आत्मविश्वास नजर आ रहा था वह वाकई इन गरीबों के लिए काम करने की प्रेरणा का कारण बन जाता है। आज इसी लक्ष्य के साथ बीते दशक में चार करोड़ से अधिक पक्के घर बनवाए गए हैं। बिहार में भी अब तक 57 लाख गरीब परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं। यह घर गरीब दलित पिछड़ी अति पिछड़े पसमांदा परिवार ऐसे समाज के वंचित परिवारों को मिले हैं आने वाले सालों में तीन करोड़ पक्के ऐसे घर गरीबों को मिलने जा रहे हैं।

12:49 PM, 24-Apr-2025

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिली नई गति 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीते दशक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। गांव में गरीबों के घर बने, सड़क बनी, पक्के रास्ते बने, गांव में गैस कनेक्शन पहुंचे, पानी के कनेक्शन पहुंचे और शौचालय बने हैं। ऐसे हर काम से गांव में लाखों करोड़ रुपए पहुंचे हैं और रोजगार के नई अवसर भी बने हैं।

12:49 PM, 24-Apr-2025

सहायता समूह को करीब 1000 करोड़ की मदद दी गई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज बहुत बड़ी संख्या में गरीब दलित महादलित, पिछड़े, अति पिछड़े समाज की बहन बेटियां जनप्रतिनिधि बनाकर सेवाएं दे रही हैं और यही सच्चा सामाजिक न्याय है। यही सच्ची सामाजिक भागीदारी है। लोकतंत्र ज्यादा से ज्यादा भागीदारी से ही सशक्त होता है। इसी सोच के साथ लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का कानून भी बनाया गया। इसका लाभ देश के हर राज्य की महिलाओं को होगा। हमारी बहन-बेटियों को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलेगा। साथियो देश में महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए रोजगार स्वरोजगार के नए अवसर बनाने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। बिहार में चल रहे जीविका दीदी के कार्यक्रम से अनेक बहनों का जीवन बदला है। आज यहां बिहार की बहनों के स्वयं सहायता समूह को करीब 1000 करोड़ की मदद दी गई है। इससे बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण को और बल मिलेगा। यह देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने की लक्ष्य की प्राप्ति में बहुत सहयोगी बनेगा।

12:47 PM, 24-Apr-2025

पीएम ने सीएम को इस बात के लिए दिया धन्यवाद 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीते 10 साल में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का फंड पंचायत को मिला है। यह सारा पैसा गांव के विकास में लगा है। साथियों ग्राम पंचायत की एक और बड़ी समस्या भूमि बात से जुड़ी है। कौन सी जमीन आबादी की है, कौन सी खेती है, पंचायत की जमीन कौन सी है, सरकारी जमीन कौन सी है और इन सारे विषयों पर अक्सर विवाद रह जाता था। इसके समाधान के लिए जमीनों का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। जमीनों के डिजिटलीकरण से अनावश्यक विवादों को सुलझाने में मदद मिली है। साथियों हमने देखा है कि पंचायत ने जैसे सामाजिक भागीदारी को सशक्त किया है। बिहार देश का पहला राज्य था, जहां महिलाओं को इनमें 50% आरक्षण की सुविधा दी गई और इसके लिए मैं नीतीश जी का अभिनंदन करता हूं।

12:43 PM, 24-Apr-2025

  2 लाख से ज्यादा ग्राम पंचायत को इंटरनेट से जोड़ा गया
पीएम मोदी ने कहा कि आज राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि साथियों बिहार वह धरती है, जहां से पूज्य बापू ने सत्याग्रह के मंत्र का विस्तार किया था।  पूज्य बापू का दृढ़ विश्वास था कि जब तक भारत के गांव मजबूत नहीं होंगे तब तक भारत का तेज विकास नहीं हो पाएगा। देश में पंचायती राज की परिकल्पना के पीछे यही भावना थी कि बीते दशक में पंचायत को सशक्त करने के लिए एक के बाद एक कदम उठाए गए। टेक्नोलॉजी के माध्यम से भी पंचायत को मजबूत किया गया बीते दशक में 2 लाख से ज्यादा ग्राम पंचायत को इंटरनेट से जोड़ा गया।

पंचायत को पर्याप्त फंड मिले, यह भी सरकार की रही है प्राथमिकता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि साढ़े 5 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर गांवमें बने चाहतों के डिजिटल होने से एक और फायदा हुआ है कि जीवन मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि धारक प्रमाण पत्र जैसे कई दस्तावेज आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। आजादी के अनेक दशकों बाद जहां देश को संसद की नई इमारत मिली, वहीं देश में 30,000 नए पंचायत भवन भी बनाए गए। पंचायत को पर्याप्त फंड मिले, यह भी सरकार की प्राथमिकता रही है।

12:33 PM, 24-Apr-2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबसे पहले लोगों से अपील की कि आप जहां बैठे हैं वहीं बैठे हुए ही उन लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए 2 मिनट के लिए मौन धारण कीजिये, जिस परिवार ने अ[ने घर वालों को खोया है। 

12:23 PM, 24-Apr-2025

ललन सिंह की ओर इशारा कर क्या बोले सीएम नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने यह खुलासा भी कर दिया कि वह क्यों एनडीए से बाहर गए थे। उन्होंने साफ कहा कि हमसे गलती हो गई कि बीच में उधर गए थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि पार्टी के लोग ही गड़बड़ कर दिया। उधर चलने कहे। फिर इन्हीं को गड़बड़ लगा तो वापस आने के लिए कहे। यही तो पार्टी के अध्यक्ष ही थे। इसी मंच से नीतीश कुमार ने दुहराया कि अब एनडीए में वह एकजुट रहते हुए लगातार काम करते रहेंगे। 

12:15 PM, 24-Apr-2025

मखाना बोर्ड, ग्रीन फील्ड की स्थापना, कोसी परियोजना, राष्ट्रीय स्तर के संस्थान और आईआईटी के विस्तार की घोषणा
प्रगति यात्रा की चर्चा करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि "हमने बिहार में सारे कामकाज को देखा और जहां कमी लगी, उन सभी को स्वीकृति दी। हमलोग सारा काम कर रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। इस बार केंद्र ने बजट में बिहार को विशेष सहायता के लिए बड़ी राशि की घोषणा की गई। फरवरी 2025 में मखाना बोर्ड, ग्रीन फील्ड की स्थापना, कोसी परियोजना, राष्ट्रीय स्तर के संस्थान, आईआईटी पटना के विस्तार की घोषणा की गई। मैं श्रद्धेय आदरणीय प्रधानमंत्री का इसके लिए नमन करते हैं। खुशी की बात है कि केंद्र सरकार द्वारा खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत की। बिहार को 2025 में इस खेल के आयोजन का मौका मिला है। खूब ताली बजाओ इनके लिए। सब यही करवाए है। प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है पटना आकर खेलो इंडिया के उद्घाटन में पधारें।" 

12:09 PM, 24-Apr-2025

वह लोग कुछ नहीं करते थे, हमलोगों ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि "आप सब जानते हैं कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला किया गया है। हम शोक संतप्त हैं। पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है। इन सबके लिए मैं आदरणीय प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। आप जानते हैं कि जब 2005 में हमलोगों की सरकार बनी, तब से हमलोग लगभग लगातार रहे हैं। एक बात जान लीजिए कि पहले के पंचायत में बहुत बुरा हाल था। कोई काम वह लोग नहीं करते थे। वर्ष 2006 में हमलोगों ने पंचायती राज और 2007 में नगर निकायों के कानून में संशोधन किया गया है। हमलोगों ने 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया। कितनी बड़ी संख्या में महिलाओं को हो रहा है।"

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले हो जायेगा सारा बचा हुआ काम
सीएम नीतीश कुमार ने कहा- "अबतक जो हमलोगाें ने किया, आप जानते हैं कि पंचायतों को काम कराने की जिम्मेदारी दी गई है। 1649 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण हो गया है। शेष में बिहार विधानसभा चुनाव के पहले सारा काम करा दिया जाएगा। पहली सरकार में उन लोगों ने कुछ नहीं किया। 24 नवंबर 2005 में जब एनडीए की हमारी सरकार बनी, तब से हम लगातार बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी पर हम लोगों ने बहुत काम किया है। हम बिहार का बजट लगातार बढ़ा रहे हैं। इस बार तीन लाख 18 हजार करोड़ का बजट पेश किया गया है।"

12:06 PM, 24-Apr-2025

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम का किया स्वागत 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान व केंद्रीय मंत्रियों ललन सिंह, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह के साथ मंचासीन तमाम नेताओं का नाम लेते हुए अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि "यह खुशी की बात है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद मोदी बिहार आए हैं। मैं उनका स्वागत और अभिनंदन करता हूं। यह सौभाग्य की बात है कि पंचायती राज दिवस पर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा इतनी योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया जा रहा है। नई ट्रेनों का शुभारंभ किया जा रहा है। पीएम आवास योजना के आवंटन पत्र दिए जा रहे हैं। पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि दी जा रही है।

12:01 PM, 24-Apr-2025

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने किया पीएम का स्वागत
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने स्वागत करते हुए कहा कि आज पंचायती राज दिवस के मौके पर बिहार के एक जिले के एक पंचायत में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हैं। उन्होंने कहा कि "पुलवामा के बाद भी देश आपके साथ था और अब पहलगाम हमले के बाद भी लोग आपके साथ हैं। इस घटना से मर्माहत होने के बावजूद यहां आना पंचायतों को आगे बढ़ाने की आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है। आपने विकसित भारत के लिए पंचायती राज को आत्मनिर्भर बनाने का जो प्रयास किया है, वह जमीन पर दिख रहा है। आपने 10 साल में पंचायतों के लिए जो किया गया, 13वें वित्त आयोग की अनुशंसा पर राशि मिलना, उस राशि को सात गुना बढ़ाकर सशक्त करने का फैसला किया। पंचायतों में महिलाओं को सशक्त करने का आपका सपना भी फलीभूत हो रहा है।"

11:55 AM, 24-Apr-2025

मधुबनी में सभास्थल पर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी पहुंच गए हैं। दरभंगा में विशेष विमान से उतरने के बाद वह हेलीकॉप्टर से मधुबनी पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पंचायती राज दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिहार के सभी केंद्रीय मंत्रियों के साथ क्षेत्रीय सांसद-विधायक के अलावा सत्तारूढ़ दलों के सभी एमपी व कई एमएलए-एमएलसी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए थे। सभी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पहलगाम हमले के कारण इस सभा में तामझाम नहीं रखा गया है। सादगी से कार्यक्रम करने की घोषणा की गई है।

11:43 AM, 24-Apr-2025

मधुबनी के लिए निकले प्रधानमंत्री मोदी

दरभंगा में विशेष विमान से उतरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी के भैरवस्थान की सभा के लिए हेलीकॉप्टर से निकल गए हैं। प्रधानमंत्री विशेष विमान से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कई वरिष्ठ मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

11:37 AM, 24-Apr-2025

विशेष विमान से पहुंचे दरभंगा, निकलेंगे हेलीकॉप्टर से
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दरभंगा पहुंच चुके हैं। विशेष विमान से वह दरभंगा पहुंचे हैं। अब वह यहां से मधुबनी जिले में आयोजित कार्यक्रम स्थल के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।

11:24 AM, 24-Apr-2025

पीएम की सभा के कारण जदयू नहीं गया सर्वदलीय बैठक में
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गुरुवार को जहां पीएम मोदी दिल्ली की बैठकों के बाद बिहार के लिए निकलने वाले थे, उधर सर्वदलीय बैठक की भी तैयारी है। पहलगाम हमले को लेकर होने वाली सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड की ओर कोई नहीं है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बताया कि पीएम मोदी की मधुबनी सभा में सभी प्रमुख नेताओं के रहने के कारण सर्वदलीय बैठक में पार्टी प्रतिनिधि नहीं हैं, लेकिन वहां होने वाले हर फैसले के साथ है पार्टी।

11:18 AM, 24-Apr-2025

पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे मधुबनी

दरभंगा एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर से मधुबनी रवाना होंगे। मधुबनी में उन्हें 11:45 बजे से कार्यक्रम में शामिल होना है। दरभंगा में विमान को देर होने के कारण मधुबनी के कार्यक्रम में कुछ देर है। प्रधानमंत्री दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के अंतर्गत बिहार के 2 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को लगभग 930 करोड़ रुपये के सामुदायिक निवेश कोष के लाभ का वितरण भी पीएम मोदी करेंगे। 

11:06 AM, 24-Apr-2025

दरभंगा एयरपोर्ट से उतरकर जाएंगे मधुबनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरने वाले हैं। यहां से वह हेलीकॉप्टर से मधुबनी जाएंगे। पीएम मोदी को 10:50 में दरभंगा में उतरना था, लेकिन देर हो चुकी है। कुछ देर में वह दरभंगा आएंगे और यहां से मधुबनी निकलेंगे।

11:02 AM, 24-Apr-2025
सहरसा से मुंबई के लिए अमृत भारत ट्रेन को आज पीएम दिखाएंगे हरी झंडी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

सहरसा-मुंबई अमृत भारत को भी दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मधुबनी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सहरसा से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह बिहार की दूसरी अमृत भारत ट्रेन होगी। सहरसा स्टेशन पर सारी तैयारियां हो गई हैं। सांसद-विधायकों को स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बुलाया गया है।

10:55 AM, 24-Apr-2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार से देशभर को देंगे सौगात। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

देशभर के 10 लाख पीएमएवाई-जी लाभार्थियों की किस्तें जारी करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएमएवाई-ग्रामीण के 15 लाख नए लाभार्थियों को मधुबनी से ही स्वीकृति पत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही वह यहीं से देशभर के 10 लाख पीएमएवाई-जी लाभार्थियों को किस्तें भी जारी करेंगे। बिहार में 1 लाख पीएमएवाई-जी और 54,000 पीएमएवाई-यू घरों के गृह प्रवेश को चिह्नित करते हुए मधुबनी में राज्य के कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी वह सौंपेंगे।

10:50 AM, 24-Apr-2025

इन ट्रेनों को हरी झंडी, इन रेल लाइनों की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहरसा-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस, जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड रेल का उद्घाटन करेंगे। वह पिपरा-सहरसा व सहरसा-समस्तीपुर के बीच ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वह मधुबनी से ही सुपौल-पिपरा रेल लाइन, हसनपुर-बिथान रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। खगड़िया-अलौली रेल लाइन भी वह राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वह छपरा और बगहा में दो 2-लेन रेल ओवर ब्रिज का भी उद्घाटन करेंगे। 

10:43 AM, 24-Apr-2025

13480 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
करीब एक घंटे बाद 11:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे 13480 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करते हुए इन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद पहली बार प्रधानमंत्री किसी जनसमूह को यहीं संबोधित करेंगे।

10:42 AM, 24-Apr-2025

PM Modi Bihar Visit Live: पहलगाम हमले के बाद PM मोदी का सख्त संदेश; कहा- आतंकियों को कल्पना से बड़ी सजा देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पहुंच रहे हैं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद विदेश दौरे के बीच से ही लौटे पीएम मोदी का 24 अप्रैल को बिहार के मधुबनी में पंचायती राज दिवस पर पहले से कार्यक्रम तय था। वह कुछ ही देर में मधुबनी पहुंचेंगे। यहां वह 13500 करोड़ की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री यहीं से देश में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार भी देंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें