बांका जिले के कटोरिया विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को बीजेपी प्रत्याशी पूरन लाल टुड्डू के समर्थन में विशाल जनसभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन शामिल हुए। सभा में उमड़ी भारी भीड़ ने ‘फिर एक बार, मोदी सरकार’ के नारों से माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, तकनीकी और सांस्कृतिक रूप से नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हमारी आस्था की जीत है, जिसे कांग्रेस ने पहले रोका था।
शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि बिहार में अब लालटेन की रोशनी बुझ चुकी है, अब हर ओर कमल खिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि एनडीए प्रत्याशी पूरन लाल टुड्डू को भारी मतों से विजयी बनाएं और मोदी-नीतीश सरकार को मजबूत करें।
सभा में जिला अध्यक्ष पप्पू यादव, नेता रणजीत यादव समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरन लाल टुड्डू ने कहा कि वे कटोरिया को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाकर विकास की नई पहचान देंगे।