फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar New CM Live: सम्राट चौधरी ने लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा किया पेश, जानिए किसने क्या कहा?

Tue, 14 Apr 2026 08:29 PM IST
Aditya Anand न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar New CM Name Announcement: भाजपा पहली बार बिहार में अपना सीएम बनाने जा रही है। सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले, खरमास का अंतिम दिन नीतीश कुमार के इस्तीफे और विधायकों की बैठक के नाम है। देखें, सबसे पहले हर अपडेट।
विज्ञापन
सम्राट चौधरी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:19 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: भाजपा दफ्तर में बैठक

भाजपा कार्यालय में अब तक बैठकों का दौर जारी है। पार्टी दफ्तर में बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी काफी देर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की समीक्षा की। उन्होंने दफ्तर का निरीक्षण भी किया और कई दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान जदयू एमएलसी संजय गांधी भी भाजपा दफ्तर में नजर आए। बुधवार सुबह 10: 50 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

07:25 PM, 14-Apr-2026
सम्राट चौधरी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। - फोटो : अमर उजाला

Bihar New CM: जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

जदयू विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। वे ‘विकसित बिहार’ के सपनों को साकार करेंगे और राज्य के 14 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। वे हमारे नेता नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल को आगे बढ़ाएंगे। नीतीश कुमार जैसे नेता युग में एक बार जन्म लेते हैं, ऐसे नेता की कमी हमेशा महसूस होगी। उनके जैसा न कभी कोई था और न कभी होगा। उनका कोई विकल्प नहीं है।

06:45 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: मंगल पांडेय ने क्या कहा?

भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पाण्डेय ने सम्राट चौधरी जी को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार के विकास का नया आयाम स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में कई स्वर्णिम अध्याय जोड़े हैं। वो हम सभी के लिए सदैव प्रेरणाश्रोत रहेंगे। अब सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम होंगे। सम्राट चौधरी विकास पुरुष नीतीश कुमार जी का उत्तराधिकारी चुन लिए गए हैं। बिहार का सर्वांगीण विकास सदैव भाजपा की प्राथमिकता रही है।

विज्ञापन
06:31 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Live: सम्राट चौधरी पहुंचे नितिन नवीन से मिलने

सम्राट चौधरी लोकभवन से निकलने के बाद सीधे नितिन नवीन के आवास पर पहुंचे। यहां पर भाजपा अध्यक्ष ने सम्राट को लड्डू खिलाकर बधाई दी। बिहार को जिस मुकाम पर नीतीश कुमार ने पहुंचाया है, उसे आगे बढ़ाने का काम सम्राट चौधरी करेंगे। बिहार में पहले भी एनडीए की सरकार थी और आज भी एनडीए की सरकार बनेगी। वहीं सम्राट चौधरी ने कहा कि जब से राजनीति में आया तब से नीतीश कुमार का मार्गदर्शन मिलता रहा। 30 साल उनसे संबंध है। कुछ खट्टे मीठे संबंध भी रहे लेकिन सबकुछ ठीक रहा। 

06:14 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: सम्राट ने सरकार बनाने का दावा किया पेश

एनडीए के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी लोक भवन पहुंचे और वहां राज्यपाल से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। सम्राट चौधरी के साथ सभी दलों के प्रमुख भी शामिल थे। अब कल या नहीं बुधवार को 11:00 बजे सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। 

विज्ञापन
05:50 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: लोकभवन पहुंचे सम्राट चौधरी

एनडीए की नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी लोकभवन पहुंचे हैं। उनके साथ नितिन नवीन और शिवराज सिंह पहुंचे हैं। जदयू की ओर से उमेश सिंह कुशवाहा भी लोकभवन पहुंचे हैं। 

05:10 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: सम्राट चौधरी को चुना गया एनडीए के विधायक दल का नेता

बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। नीतीश कुमार ने उन्हें माला पहनाई। इसमें एनडीए के सभी विधायक और वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। 

05:03 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: नीरज बबलू और शाहनवाज हुसैन ने क्या कहा?

भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा कि बरसों के बाद भाजपा को यह मौका मिला है। NDA का शासन होगा, बिहार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काफी विकास करेगा। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा कि बहुत खुशी की बात है कि सम्राट चौधरी भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए हैं। वे NDA के नेता भी चुने जाएंगे। वे नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे, NDA की सरकार थी, NDA की सरकार है, बहुत खुशी की बात है कि NDA का मुख्यमंत्री बन रहा है।

04:51 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM 2026: पीएम मोदी और सीएम नीतीश के दिया धन्यवाद

सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा के विधान मंडल का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। देश के प्रधानमंत्री कुशल नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार ने मुझे सरकार का काम करना सिखाया है। उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास की दिशा में निरंतर बढ़ता रहेगा। आपका सफलतम कार्यकाल और सुशासन का मॉडल प्रेरणास्रोत है।

04:23 PM, 14-Apr-2026

Bihar Politics News: सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 20 साल से मैं राजनीति में सक्रिय हूं लेकिन पहले कोई विचारधारा नहीं थी। 2015 में भाजपा के साथ जुड़ने का अवसर मिला। तब से पार्टी ने जब जो दायित्व दिया, उसे मैंने जिम्मेदारी के साथ निभाया। मुझे पार्टी ने कई पदों पर काम करने का मौका दिया। पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया। जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो मुझे उपमुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला। 2025 में जब दोबारा NDA की सरकार बनी तो मुझे गृह विभाग के मंत्री और उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का अवसर मिला। आज मुझे फिर से एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, इसे मैं निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।

04:11 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: शिवराज सिंह चौहान ने दी जानकारी

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सभी विधायकों ने विजय कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तावित सम्राट चौधरी के नाम पर स्वीकृति दी। इसके बाद सर्वसम्मति सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल के नेता के रूप में चुन लिया गया। सम्राट सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। मैं उन्हें बधाई देता हूं। नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार की सेवा की। उन्होंने बिहार को बदल दिया। बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई। नीतीश कुमार ने जो किया, उसकी मिशाल पूरा हिन्दुस्तान दे रहा है। उन्होंने बेटियों को साइकिल दी, महिलाओं को आरक्षण दिया। शराबबंदी नीति लाई। देश में पहला कृषि रोड मैप लाया। अब नीतीश कुमार के काम को सम्राट चौधरी और तेजी से ले जायेंगे। 

04:03 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: सम्राट चौधरी ने नाम प्रस्ताव किसने रखा?

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा ने कहा कि मैं पार्टी के विधानमंडल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखता हूं। इसके बाद रेणु देवी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल समेत विधायकों ने उनके नाम पर स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

03:55 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: सम्राट चौधरी चुने गए विधायक दल के नेता

राजद से जदयू के रास्ते भाजपा पहुंचे सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री दे रही है। वीर चंद्र पटेल मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के विधायक दल की बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अब सम्राट कुछ देर में लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 

03:34 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री

दो बार डिप्टी सीएम रहे सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, अब तक उनके नाम के आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन भाजपा के विश्वस सूत्रों की मानें तो सम्राट चौधरी ही बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा कार्यालय में सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत किया गया। नीतीश कुमार भी सम्राट चौधरी ही मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। कहा जा रहा है कि भाजपा आलाकमान ने नीतीश कुमार के कहने पर ही सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगाई। 

03:23 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: भाजपा की बैठक शुरु

भाजपा के विधायकों की बैठक भी शुरू हो चुकी है। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विजय सिन्ह समेत सभी वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। इस बैठक के बाद एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी। बिहार के नए मुख्यमंत्री के लिए सम्राट चौधरी का नाम लगभग तय हो गया है। चार बजे के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का पर्चा शिवराज सिंह खोलेंगे। 

03:17 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Live: सीएम नीतीश कुमार ने दिया अपना इस्तीफा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंप दिया। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी हैं। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। करीब छह मिनट तक बातचीत के नीतीश कुमार लोकभवन से बाहर निकले। नीतीश कुमार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। 

03:10 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: लोक भवन पहुंचे नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना इस्तीफा देने के लिए लोक भवन पहुंच गए हैं। उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी पहुंचे। कुछ ही देर में वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इससे पहले सीएम हाउस से नितिन नवीन, सम्राट चौधरी और शिवराज सिंह चौहान से निकले। यहां पर सभी नेताओं ने सीएम नीतीश कुमार से बातचीत की। 

02:56 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: नितिन नवीन के साथ सम्राट चौधरी पहुंचे सीएम हाउस

कुछ देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना इस्तीफा देने के लिए राजभवन जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ सीएम हाउस पहुंचे हैं। 

02:40 PM, 14-Apr-2026

Bihar Politics Live: कुछ देर सम्राट पहुंचेंगे सीएम हाउस

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी कुछ देर में मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचेंगे। यहां से दोनों नेता लोकभवन जाएंगे। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे। 

02:04 PM, 14-Apr-2026

Bihar New CM: तीन बजे इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोपहर तीन बजे सीएम हाउस के निकलकर लोकभवन जाएंगे। वहां वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे। बिहार में नए सीएम के रूप में सम्राट चौधरी का नाम लगभग तय हो चुका है। कुछ देर में NDA के विधायक दल की बैठक होगी। इसमें नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होगी। 

01:30 PM, 06-May-2026
शिवराज सिंह का स्वागत करते नितिन नवीन। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Politics Live Updates: शिवराज सिंह और विनोद तावड़े भी पटना पहुंचे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ पर्यवेक्षक बनाए गए शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े भी पटना पहुंचे। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने तीनों को पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

12:57 PM, 14-Apr-2026
नितिन नवीन का स्वागत करते सम्राट चौधरी। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Politics Live Updates: नितिन नवीन पहुंचे पटना

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष विमान से पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय राज्य नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। 

12:51 PM, 14-Apr-2026

Bihar Politics Live: मंत्री लखेंद्र पासवान ने क्या कहा?

कैबिनेट की बैठक के बाद सचिवालय से बाहर निकले मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि बिहार के लोगों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरोसा जताते हुए बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि समृद्ध और सशक्त बिहार बनाया है और आगे भी जो सरकार बनेगी उस सरकार में पूरी भूमिका और मार्गदर्शक के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्य करेंगे।

12:38 PM, 14-Apr-2026

Bihar Cabinet Live: मंत्री रामकृपाल यादव और लेशी सिंह ने क्या कहा?

कैबिनेट बैठक के बाद बिहार सरकार में कृषि विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राज्यपाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की है। वहीं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने कहा, "हम सब भावुक हैं। नीतीश जी के मार्गदर्शन में काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आज पूरा बिहार भावुक है।

12:10 PM, 14-Apr-2026
अंतिम बैठक में नीतीश कुमार के सभी मंत्रियों की एक साथ ली गई यह तस्वीर। - फोटो : amar ujala digital

New CM of Bihar 2026 : किस समय सामने आएगा नए सीएम का नाम?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज तीन बजे के पहले राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। उसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक हैं। वह बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के नेता के नाम पर सहमति बनाने के बाद जदयू सहित एनडीए के बाकी सहयोगी दलों को अपने विधायकों के समर्थन पत्र के साथ जुटना है। शाम चार बजे एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा, ताकि राज्यपाल नई सरकार के लिए शपथ ग्रहण का समय दे सकें।

12:03 PM, 14-Apr-2026

CM Bihar News : अपने मंत्रियों को अलविदा कहने आए थे नीतीश, अब इस्तीफा देंगे

मुख्यमंंत्री नीतीश कुमार अब किसी भी समय इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि उन्होंने आखिरी कैबिनेट बैठक सिर्फ अलविदा कहने के लिए बुलाई थी। बैठक के फैसलों पर जो प्रेस कांफ्रेंस होता है, उसे रद्द कर दिया गया है। नीतीश कुमार के निकलने के बाद जानकारी सामने आई कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट भंग करने के इकलौते एजेंडे पर मुहर लगाई और मंत्रियों से औपचारिक मुलाकात के बाद निकल गए। उन्होंने बताया कि अब वह कुछ समय बाद लोक भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। आगे का सबकुछ भाजपा के नए सीएम देखेंगे कि कौन-क्या होगा?

11:43 AM, 14-Apr-2026

Nitish Kumar Resignation : इस्तीफा अब किसी भी समय, नजर लोक भवन पर

10 बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार का इस्तीफा अब किसी भी समय हो सकता है। आखिरी कैबिनेट बैठक के पहले नीतीश कुमार डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करने गए थे। अब नीतीश कुमार का कोई राजकीय कार्यक्रम नहीं बचा है। अब सभी की नजरें लोक भवन, यानी गवर्नर हाउस पर है। नीतीश कुमार अभी जिस आवास में रहते हैं, उससे 100 मीटर की दूरी पर लोक भवन है। नीतीश निकलेंगे और लोक भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके पहले भाजपा के कुछ दिग्गज भी उनके पास रहेंगे, खासकर दोनों उप मुख्यमंत्रियों के पहुंचने की बात सामने आ रही है। दोनों के अलावा मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी हो सकते हैं।

11:27 AM, 14-Apr-2026

Bihar Cabinet Live: नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक खत्म

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आखिरी कैबिनेट की बैठक खत्म कर बाहर निकले चुके हैं। उन्होंने मुख्य सचिवालय के पोर्टिको में मंत्रियों से बातचीत की। इसके बाद वह अणे मार्ग के लिए रवाना हो गए। 

11:11 AM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Announcement Live: जदयू और भाजपा नेताओं ने क्या कहा?

भाजपा विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि दोपहर 2 बजे से भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसके बाद एनडीए की बैठक होगी। हमारे राष्ट्रीय नेता यहां आ रहे हैं। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आज नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे पर जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने कहा कि यह एनडीए और हमारे नेता नीतीश कुमार का स्पष्ट निर्णय है कि वे बिहार के लिए काम करने हेतु राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश करें। नीतीश कुमार आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जो उत्पादक होगी। 

11:01 AM, 14-Apr-2026

Bihar Cabinet Live: सीएम नीतीश की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक शुरू

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आखिरी कैबिनेट की बैठक कर रहे हैं। इसमें दोनों डिप्टी सीएम समेत मंत्रि परिषद् के सभी मंत्री मौजूद हैं। करीब 40 मिनट तक सीएम नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक करेंगे। 

10:48 AM, 14-Apr-2026

Bihar Cabinet Live: कुछ ही देर में होगी कैबिनेट की बैठक

कुछ ही देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक करेंगे। वह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ मुख्यमंत्री आवास से निकल चुके हैं। दोनों नेता सचिवालय जा रहे हैं। यहां अन्य मंत्री भी पहुंच रहे हैं। 

10:32 AM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Announcement Live: चार बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी

बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आज नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे पर राज्य मंत्री और जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि आज आखिरी कैबिनेट बैठक है, यह अच्छा नहीं लग रहा है। उनके साथ काम करते हुए हमने बहुत कुछ सीखा है। आज शाम चार बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।

10:25 AM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Announcement Live: मैथिली ठाकुर ने सीएम नीतीश के बारे में क्या कहा?

बिहार के मुख्यमंत्री की घोषणा पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर का कहना है कि आज सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सभी लोग विकास पुरुष के नाम से जानते हैं। अगर आज हम बिहार में स्वतंत्र रूप से रह पा रहे हैं तो यह नीतीश कुमार के कारण ही है। 

10:10 AM, 14-Apr-2026

Bihar New CM Live: सम्राट चौधरी ने लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा किया पेश, जानिए किसने क्या कहा?

बिहारवासियों को अपने नए मुख्यमंत्री के नाम की जानकारी आज शाम तक मिल जाएगी। आज सुबह से ही सियासी गलियारे में काफी हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। नीतीश कुमार की अध्यक्षता में यह आखिरी कैबिनेट की बैठक होगी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार जदयू विधायकों के साथ बैठक करेंगे। यहां से वह राजभवन जाएंगे और अपना इस्तीफा राज्यपाल को दे देंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पटना पहुंच रहे हैं। दोनों के आने के बाद भाजपा और एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें