नेपाल में गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने और करीब तीन मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए गंडक नदी से जुड़े बिहार के जिलों में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहं जिलों में फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम पूर्वानुमानित किया गया है। ये सभी जिले गंडक कैचमेंट क्षेत्र में आते हैं। वहीं, दोलखा और सिंधुपालचोक जिलों में भी फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम बताया गया है, जो कोसी कैचमेंट क्षेत्र में हैं।
इसके अलावा, कोसी, बागमती और गंडक कैचमेंट के कई अन्य क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का मध्यम जोखिम भी पूर्वानुमानित किया गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और जरूरी बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।