फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार, निशांत समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, PM रहे मौजूद

Thu, 07 May 2026 12:49 PM IST
Ashutosh Pratap Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मंत्रिमंडल का गठन के 22 दिनों बाद बृहस्पतिवार को पहला विस्तार किया गया। इस विस्तार में 32 नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।

विज्ञापन
PM मोदी की मौजूदगी में सम्राट कैबिनेट का मेगा विस्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:14 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: बिहार विकास की रफ्तार और तेज होगी: नित्यानंद राय

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है और जिन्होंने शपथ ली है उन्हें हृदय से बधाई। उन्होंने कहा कि बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ता रहेगा। नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना बिहार के लिए गौरव की बात है।

02:14 PM, 07-May-2026

नए मंत्रियों को पीएम मोदी का आशीर्वाद, बिहार विकास की कामना: जीतन राम मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी नए मंत्रियों को आशीर्वाद दिया। मांझी ने कहा कि सभी नेताओं ने बिहार के विकास और राज्य की प्रगति के लिए प्रार्थना की है।


01:08 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: मंत्री पद की शपथ लेने वाले नेताओं की सूची

मंत्री पद की शपथ लेने वाले नेताओं की सूची

 

दल / कोटा मंत्री का नाम
भाजपा विजय कुमार सिन्हा
BJP रामकृपाल यादव
भाजपा केदार गुप्ता
भाजपा नीतीश मिश्रा
भाजपा मिथिलेश तिवारी
भाजपा रमा निषाद
भाजपा दिलीप जायसवाल
भाजपा श्रेयसी सिंह
भाजपा प्रमोद चंद्रवंशी
भाजपा लखविंदर पासवान
भाजपा संजय टाइगर
भाजपा इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र
भाजपा नंद किशोर राम
भाजपा रामचंद्र प्रसाद
भाजपा अरुण शंकर प्रसाद
जदयू निशांत कुमार
जदयू श्रवण कुमार
जदयू अशोक चौधरी
जदयू रत्नेश सदा
जदयू मदन सहनी
जदयू लेसी सिंह
जदयू श्वेता गुप्ता
जदयू बुलो मंडल
जदयू दामोदर रावत
जदयू भगवान सिंह कुशवाहा
जदयू सुनील कुमार
जदयू शीला मंडल
जदयू जमा खान
लोजपा (रामविलास) संजय सिंह
लोजपा (रामविलास) संजय पासवान
हम पार्टी संतोष सुमन
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) दीपक प्रकाश

विज्ञापन
12:57 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: राजद का सरकार पर हमला

राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि कामचोर और नाकारी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरे पटना शहर को बंद कर दिया गया है! जो 5 साल देश के सबसे गरीब राज्य की जनता को चूसकर अपना घर भरेंगे, वो सभी नाकारे भ्रष्ट "महाराज" शपथ ले रहे हैं और बेचारी "प्रजा", जिसे बताया जाता है कि यह राजतंत्र नहीं उनका लोकतंत्र है, वह सड़कों पर धीरे धीरे रेंग रही है, महाराज के अहंकार को झेल रही है! 5 साल की सुनिश्चित अनदेखी के लिए खुद को तैयार कर रही है!
 

12:55 PM, 07-May-2026

शपथ के बाद पीएम मोदी का रोड शो

बिहार में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरा आकार ले लिया। पटना के गांधी मैदान में नए मंत्रियों ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना में भव्य रोड शो किया, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी।

 

विज्ञापन
12:42 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: रोहिणी आचार्य का निशाना, निशांत कुमार की मंत्री एंट्री पर उठाए सवाल

रोहिणी आचार्य ने निशांत कुमार को बिना चुनाव लड़े मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि “चोर दरवाजे से शॉर्टकट एंट्री” पाने के लिए निशांत को बधाई और शुभकामनाएं। रोहिणी आचार्य ने आगे “स्वयंभू नैतिक पुरुष” कहकर चाचा जी (नीतीश कुमार) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “2005 से पहले ऐसा नहीं होता था, चाचा रंगबदलू जी।”
 

12:37 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह का समापन

बिहार कैबिनेट विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह के समापन की अनुमति राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने दी। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम के समापन की औपचारिक घोषणा की गई।

12:31 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: श्रेयसी सिंह ने ली शपथ

सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, मो. जमा खान, नंद किशोर प्रसाद और इंजीनियर शैलेंद्र भी मंत्रिमंडल में शामिल हुए। इसके अलावा प्रमोद कुमार, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, संजय कुमार सिंह, संजय कुमार और दीपक प्रकाश ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
 

12:30 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: शैलेंद्र उर्फ बुलो मंडल ने ली शपथ

समारोह में रत्नेश सादा, शैलेंद्र उर्फ बुलो मंडल, शीला कुमारी मंडल, केदार प्रसाद गुप्ता और लखेंद्र रौशन ने भी शपथ ली।

12:26 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ

गांधी मैदान में  पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। इसके अलावा विजय सिन्हा, लेसी सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

 

12:25 PM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: कई नेताओं ने एक साथ ली शपथ

आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ और नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, निशांत कुमार और लेशी सिंह ने एक साथ शपथ ली। वहीं भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, संतोष सुमन और रमा निषाद ने भी एक साथ मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
 

11:59 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: गांधी मैदान पहुंचे पीएम मोदी



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डाक बंगला चौराहा से गुजरते हुए गांधी मैदान पहुंच गए। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

11:42 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: पटना पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

11:34 AM, 07-May-2026
निशांत कुमार ने अपने पिता और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया - फोटो : अमर उजाला

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: गांधी मैदान रवाना होने से पहले पिता से लिया आशीर्वाद

 

गांधी मैदान निकलने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।

11:19 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates:  एनडीए कैबिनेट विस्तार पर परत्यानंद राय का बयान

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि आज बिहार की एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री समेत एनडीए के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में मिली जीत सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिसने देश को गौरव दिलाया है।

 

11:10 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: गांधी मैदान में कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम, नेताओं का जमावड़ा

निशांत और संजय झा एक साथ गांधी मैदान के लिए रवाना हो रहे हैं। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

10:50 AM, 07-May-2026
प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब - फोटो : अमर उजाला

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

भाजपा कार्यालय के सामने और पटना की मुख्य सड़कों के किनारे भारी संख्या में लोग अपने प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों से डटे हुए हैं। पूरे शहर को भाजपा के झंडों और बैनरों से पाट दिया गया है, जिससे माहौल पूरी तरह से भगवामय नजर आ रहा है। कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच जबरदस्त उत्साह है। नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजभवन और विधानसभा परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

10:27 AM, 07-May-2026
पटना में कई रास्तों पर बैरिकेडिंग - फोटो : अमर उजाला

पटना में कई रास्तों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रभावित



मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम को लेकर पटना में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. वीरचंद पटेल मार्ग स्थित जदयू कार्यालय लेन में जाम की स्थिति बनी हुई है, वहीं आर ब्लॉक के पास चाणक्य होटल के सामने रास्ते को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है. कार्यक्रम को देखते हुए गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं.

10:14 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट के विस्तार कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान और विधानसभा क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सड़कों की घेराबंदी की गई है और जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। आज होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। गांधी मैदान से कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के वीडियो भी सामने आए हैं।

09:45 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले उपेंद्र कुशवाहा

पटना में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री बदलने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना तय था। उन्होंने कहा, “बिहार को मजबूती से आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस पर चिंता की जा रही है। सभी लोग मिलकर राज्य के विकास को आगे बढ़ाएंगे।”

उपेंद्र कुशवाहा ने आरजेडी पर हमला बोलते हुए कहा, “RJD के लोगों को समझ आ गया है कि आने वाले कई चुनावों तक जनता उन्हें घास नहीं डालने वाली, इसलिए वे कुछ भी बोल रहे हैं।” उन्होंने कहा, “हमने शुरुआती दौर में ही निशांत कुमार को शुभकामनाएं दी थीं। देर से ही सही, अब नीतीश कुमार भी सहमत हो गए हैं और JDU ने भी उन्हें नेता के तौर पर आगे किया है। हम सब मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएंगे।”

 

09:45 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले शैलेश कुमार मंडल

 

पटना में बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जेडीयू नेता शैलेश कुमार मंडल ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार एक नियमित प्रक्रिया है और यह होना ही था। उन्होंने कहा, “आज सभी नेता शपथ ग्रहण करेंगे और उसके बाद अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे।”
 

 

09:31 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले रत्नेश सदा- ‘आज गौरव का दिन’


बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जेडीयू नेता रत्नेश सदा ने खुशी जताते हुए कहा कि आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा, “आज मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। हमें फोन आ गया है। हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना आदर्श मानते हैं।” पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रत्नेश सदा ने कहा कि जनता ने वहां हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा को जीत दिलाई है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 

09:16 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: PM मोदी के रोड शो और शपथ ग्रहण से कई रूट रहेंगे बंद



पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आज सम्राट सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनेगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शामिल होंगे। पीएम मोदी का एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो भी प्रस्तावित है। इसे लेकर सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक कई प्रमुख रूटों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा। गांधी मैदान, बेली रोड, डाकबंगला, पटना जंक्शन और अशोक राजपथ समेत कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने इमरजेंसी सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को कम से कम 3 घंटे पहले निकलने और जगदेव पथ मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

08:45 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: सहयोगी दलों में पुराने चेहरों पर भरोसा



लोजपा (रामविलास) की ओर से नए चेहरों पर दांव लगाए जाने की संभावना कम मानी जा रही है। ऐसे में संजय सिंह और संजय कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं हम पार्टी से जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना लगभग तय बताया जा रहा है।

08:45 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: भाजपा में कई बड़े चेहरे शामिल



भाजपा की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का नाम बड़े पद के साथ लगभग फाइनल माना जा रहा है। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय का नाम भी मजबूत बताया जा रहा है, हालांकि जातीय समीकरण को लेकर उनके खिलाफ अंदरखाने विरोध की चर्चा भी है। इसके अलावा दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, नीतीश मिश्रा और रमा निषाद का नाम लगभग तय बताया जा रहा है। वहीं प्रमोद चंद्रवंशी, संजय टाइगर, सुरेंद्र मेहता, लखेंद्र पासवान और अरुण शंकर प्रसाद के नाम भी मजबूत दावेदारों में शामिल हैं।
 

08:33 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: जदयू में भी नए चेहरों की चर्चा

 

जदयू की ओर से भी कुछ नए नाम सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे चर्चित नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का बताया जा रहा है। इसके अलावा भागलपुर के बुलो मंडल का नाम भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

08:33 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: अंतिम समय में जारी होगी मंत्रियों की सूची

 

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। भाजपा में परंपरा रही है कि मंत्रियों की अंतिम सूची शपथ ग्रहण के ठीक पहले जारी की जाती है। हालांकि अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, भाजपा इस बार एक-दो नए चेहरों को मौका देने की तैयारी में है। पटना की दीघा सीट से विधायक संजीव चौरसिया का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है।

08:18 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Vistar News Live Updates: कई नए चेहरे ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। NDA के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखे जा रहे इस आयोजन पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
 

07:18 AM, 07-May-2026

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार, निशांत समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, PM रहे मौजूद

बिहार की राजनीति में 7 मई का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। इस बार का शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार बिहार के किसी कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद शामिल होंगे। इस आयोजन को बीजेपी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

गांधी मैदान बनेगा ऐतिहासिक आयोजन का गवाह

सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को दिन के पहले हिस्से में किया जाएगा। इसके लिए पटना के गांधी मैदान में भव्य स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण और वीआईपी मूवमेंट को लेकर युद्धस्तर पर काम कर रहा है। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एनडीए के तमाम बड़े नेताओं की उपस्थिति भी गांधी मैदान में देखने को मिलेगी।

33 मंत्री पद अभी खाली

बिहार विधानसभा के संख्या बल के अनुसार मुख्यमंत्री सहित कुल 36 विधायक मंत्री बन सकते हैं। फिलहाल बीजेपी से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं, जबकि जेडीयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। ऐसे में अब मंत्रिपरिषद में कुल 33 पद खाली हैं, जिन पर नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

परिवार के सदस्यों को मिल सकता है मौका

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा अपने परिवार के सदस्यों को मंत्री बना सकते हैं। माना जा रहा है कि मांझी अपने बेटे को और उपेंद्र कुशवाहा अपनी पत्नी को मंत्री पद दिला सकते हैं।

सामाजिक समीकरणों पर रहेगा फोकस

सूत्रों के मुताबिक संभावित मंत्रियों की सूची लगभग तैयार है। इसमें अनुभव, जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है। बीजेपी और जेडीयू दोनों ही दल ऐसे चेहरों को मौका देने की तैयारी में हैं, जो आगामी चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभा सकें।

शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के कारण इस कार्यक्रम को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में एनडीए अपनी ताकत और एकजुटता का बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। ऐसे में 7 मई का यह कार्यक्रम बिहार की राजनीति में नई तस्वीर पेश कर सकता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें