फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi News Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन से पहले पहुंच गए एक रिंग सेरेमनी में, सुबह जाएंगे रोहतास

Thu, 29 May 2025 09:50 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों की बिहार यात्रा के पहले दिन पटना पहुंचे और एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम के बाद वहां से रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर से बिहार चुनाव तक... बात की।
विज्ञापन
अंधेरा होने से पहले भाजपा कार्यालय के पास पहुंचा पीएम मोदी का रोड शो काफिला। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:47 PM, 29-May-2025
पीएम मोदी सीधे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के आवास पहुंच गए। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बेटे की रिंग सेरेमनी में पहुंचे पीएम मोदी

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाजपा दफ्तर में रहते ही तेजी से निकले थे। उसके कुछ देर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन के लिए निकले, लेकिन पहुंच गए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के बेटे की रिंग सेरेमनी के कार्यक्रम में। भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी पहले से इस बारे में नहीं बताया गया था ताकि वहां भीड़ ज्यादा न बढ़ जाए। डीएम ने सुरक्षाबलों के साथ पहुंचकर 3 स्ट्रैंड रोड पहुंचकर जायजा लिया, उसके बाद पीएम मोदी भी पहुंचे। यहां से पीएम मोदी राजभवन में रात्रि विश्राम के लिए निकले।

08:17 PM, 29-May-2025
पटना में भजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ पीएम मोदी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन के लिए निकल गए हैं। भाजपा कार्यालय से वह आयकर गोलंबर होते हुए बेली रोड के रास्ते राजभवन निकले हैं। कुछ ही मिनट में वह राजभवन के अंदर होंगे। बताया जा रहा है कि यहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री रात में राजभवन में ही रुकेंगे। अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी उनकी दोबारा मुलाकात होने की संभावना है। यहां राजनीति की बातें नहीं होंगी। मुख्यमंत्री ने गुरुवार शाम पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत किया था। तब राज्यपाल भी वहीं थे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री पीएम मोदी के साथ एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे थे।

07:58 PM, 29-May-2025
पीएम मोदी के स्वागत में कई घंटों तक ऐसे ही खड़ी रहीं महिलाएं। - फोटो : पीटीआई

पीएम मोदी से पहले विजय सिन्हा और डीएम किधर निकले?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय से राजभवन की ओर निकलने वाला है। पहले डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा तेजी से पैदल निकले। उनके पीछे डीएम डॉ. चंद्रशेखर भी आयकर गोलंबर की तरफ निकले। जय श्रीराम के नारे लगाते हुए लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ भी नारेबाजी की। लोगों ने मोदी जिंदाबाद के साथ पाकिस्तान के खिलाफ भी नारेबाजी की। उधर, विजय सिन्हा आननफानन में अपने बेटे की रिंग सेरेमनी में पहुंच गए, क्योंकि पीएम मोदी ने भी आने की हामी भर दी थी।

विज्ञापन
07:47 PM, 29-May-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब निकलेंगे राजभवन, दोनों डिप्टी सीएम भी जाएंगे
भाजपा कार्यालय में नेताओं से मुलाकात के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन के लिए निकलेंगे। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से एक बार फिर मुलाकात की संभावना है। प्रधानमंत्री के साथ भाजपा कार्यालय से दोनों भाजपाई उप मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और बिहार प्रदेश प्रभारी राजभवन जाएंगे।

07:16 PM, 29-May-2025

राजभवन निकलेंगे प्रधानमंत्री मोदी, सुबह जाएंगे विक्रमगंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय में नेताओं से संवाद कर रहे हैं। यह संवाद अब समापन की ओर है। कुछ देर में प्रधानमंत्री मोदी का काफिला वीरचंद पटेल पथ से राजभवन के लिए निकलेगा। काफिला निकलने के इंतजार में सभी सड़कों पर आवाजाही अभी प्रतिबंधित है। लोग हार्डिंग रोड और बेली रोड होकर बोरिंग रोड नहीं जा पा रहे। कार्यालयों से निकले लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है या अपनी गाड़ी छोड़कर घर का रुख करना पड़ रहा है। पीएम मोदी भाजपा ऑफिस से राजभवन जाएंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। सुबह वह रोहतास के विक्रमगंज के लिए रवाना होंगे।

विज्ञापन
06:59 PM, 29-May-2025
प्रदेश कार्यालय में भाजपा नेताओं से मिलते हुए पीएम मोदी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

आधे घंटे से भाजपा नेताओं के बीच पार्टी कार्यालय में हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी शाम 6:25 में भाजपा कार्यालय के अंदर गई। अंदर मीडिया के प्रवेश पर रोक है। भाजपा नेताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल सभागार में मुलाकात कर रहे हैं। वह भाजपा नेताओं को पूरे दमखम के साथ बिहार विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए मंत्र दे रहे हैं। वह बता रहे हैं कि कैसे भाजपा को बिहार में किए गए केंद्र सरकार के काम और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ की जानकारी दें। वह ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए बिहार के जवानों के प्रति संवेदना भी जता रहे हैं और भाजपा नेताओं से उन परिवारों के आसपास रहने की अपील भी कर रहे हैं।

06:44 PM, 29-May-2025

भाजपा नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑपरेशन सिंदूर के लिए बधाई दी। पीएम मोदी से मिलने वाले नेताओं ने कहा कि बिहार की मिट्टी से आपने कहा था कि आतंकवादियों को उनकी कल्पना से भी बुरे परिणाम भुगतने होंगे, मिट्टी में मिला देंगे और ऑपरेशन सिंदूर ने उस बात को साबित कर दिखाया। इससे जनता में उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस उत्साह को बनाए रखना है। लोगों को बताना है कि देश की सरकार और सेना राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित है। बिहार चुनाव के लिए उन्होंने तैयारियों को लेकर भी बात की।

06:34 PM, 29-May-2025

पीएम मोदी का भाजपा कार्यालय में हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना में भाजपा कार्यालय तो पहुंच गए हैं, लेकिन वह नेताओं से मुलाकात के अलावा ज्यादा वक्त नहीं देंगे। प्रधानमंत्री मोदी भाजपा नेताओं से अटल सभागार में मिल रहे हैं। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, पार्टी के कोटे से बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा व सम्राट चौधरी के साथ बिहार सरकार के मंत्री, भाजपा के सांसद, विधायक और विधान पार्षद उनसे मिल रहे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे कई नेता भी यहां मौजूद हैं। इस मुलाकात में प्रधानमंत्री आगामी चुनाव के लिए नेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए जल्द ही निकल जाएंगे।

06:26 PM, 29-May-2025

शाम 6:25 पर भाजपा कार्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
अंधेरा होने के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार भाजपा कार्यालय पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में पूरे रास्ते पुष्पवर्षा होती रही। भाजपा कार्यालय के मुख्य द्वार पर उनका स्वागत नारे लगाकर हुआ और इस दौरान वंदे मातरम की धुन बजती रही। प्रधानमंत्री की गाड़ी सीधे भाजपा कार्यालय के अंदर चली गई।

06:19 PM, 29-May-2025

वीरचंद पटेल पथ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो बेली रोड से अब वीरचंद पटेल पथ आ गया है। आम आवाजाही के लिए अब बेली रोड कुछ देर में खुल जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी वीरचंद पटेल पथ पर भाजपा कार्यालय के पास उनका काफिला पहुंच चुका है। 

06:04 PM, 29-May-2025
लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रधानमंत्री मोदी। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

भाजपा कार्यालय में लोग स्वागत के लिए तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रुक नहीं रहा है, लेकिन धीमी रफ्तार में बढ़ने के कारण यह अब पटना हाईकोर्ट से आगे आयकर गोलंबर के करीब है। पीएम मोदी का रोड शो यहां से बेली रोड को छोड़कर वीर चंद पटेल पथ की ओर मुड़ जाएगा। यहां भाजपा कार्यालय में भारी भीड़ उनके स्वागत के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री यहां अटल सभागार में आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक रुकेंगे और उसके बाद राज्यपाल से मिलने के लिए राजभवन जाएंगे। रात्रि विश्राम राजभवन में ही करेंगे।

05:54 PM, 29-May-2025
प्रधानमंत्री की एक झलक देखने को आतुर रहे लोग। पीएम ने अभिवादन स्वीकार किया। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

आज जनसभा को संबोधित नहीं करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को रोहतास में जनसभा को संबोधित करेंगे। पटना में जनसभा की योजना नहीं है। प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर भी जनता या मीडिया से कोई बात नहीं की। वह उद्घाटन करते हुए रोड शो के लिए निकल गए। रोड शो के रास्ते में वह अपनी गाड़ी की अगली सीट पर बैठकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। कुछ देर में वह भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं और यहां वह ऑपरेशन सिंदूर से लेकर योजनाओं तक के बारे में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने को लेकर कार्य-योजना की जानकारी देंगे। 

05:51 PM, 29-May-2025

भाजपा दफ्तर में कई मुद्दों पर बात करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयकर गोलंबर के करीब पहुंच रहे हैं। यहां से उनका काफिला बेली रोड से वीरचंद पटेल पथ की ओर मुड़ जाएगा। यहां भाजपा दफ्तर में उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल करेंगे। पीएम मोदी यहां बिहार के दोनों भाजपाई उप मुख्यमंत्रियों के साथ पहुंच रहे हैं। भाजपा के ज्यादातर नेताओं को एयरपोर्ट पर जाने की मनाही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज के कार्यक्रम को विभिन्न स्तर पर मैनेज कर रहे बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन से लेकर राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा तक यहीं पहुंचे हुए हैं। गुरुवार को ऋतुराज सिन्हा से गृह मंत्री अमित शाह ने इस बारे में विस्तार से बात की थी।

05:47 PM, 29-May-2025

आगे की सीट पर बैठक पीएम मोदी कर रहे लोगों का अभिवादन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ देर में भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट का वर्चुअल शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचने वाले हैं। करीब 10 मिनट में वह पहुंच जाएंगे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री की गाड़ी पांच-सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। प्रधानमंत्री आगे की सीट पर बैठे हुए लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। आज से कल तक प्रधानमंत्री करीब 50 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास-लोकार्पण कर रहे हैं।

05:34 PM, 29-May-2025
पटना में रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत करते लोग। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष करेंगे पार्टी दफ्तर में स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला शाम ढलने के पहले पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचने वाला है। पटना एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद पीएम मोदी रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं। पूरे रास्ते पर लोग तिरंगे के साथ उनका स्वागत करते नजर आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव की तरह रोड शो में उनके साथ सीएम नीतीश कुमार नहीं बैठे हैं। सीएम नीतीश कुमार एयरपोर्ट पर मौजूद थे। भाजपा कोटे के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा काफिले में साथ चल रहे हैं। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल उनका स्वागत करेंगे।

05:30 PM, 29-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर की गूंज, युवाओं के साथ महिलाएं दिख रहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से करीब साढ़े पांच किलोमीटर के रोड शो में हर जगह ऑपरेशन सिंदूर की गूंज सुनाई दे रही। सड़कों पर महिलाएं भी उतरी हुई हैं। युवाओं की भारी भीड़ दिख रही है। प्रधानमंत्री के स्वागत में कहीं डमरू तो कहीं ढोल बजाते हुए लोग दिख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी लगातार चल रही है। वह भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के राज्यस्तरीय नेताओं से मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव पर बात करेंगे।

05:25 PM, 29-May-2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंतजार में भाजपा कार्यालय के पास जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

बेली रोड पर पहुंचा पीएम मोदी का काफिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से ही पिछली बार हिंदी के साथ अंग्रेजी में संदेश दिया था कि पहलगाम हमले का बदला आतंकियों के घर में घुसकर लेंगे। शुक्रवार को जब पटना के बेली रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला निकल रहा है तो लोग ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में नारे लगा रहे हैं और पूरे रास्ते प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा कर रहे हैं।

05:19 PM, 29-May-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो शुरू हो चुका है। इस बार प्रधानमंत्री पूरे रास्ते ओपन रूफ वाली गाड़ी से नहीं निकले हैं। रेंज रोवर गाउ़ी में प्रधानमंत्री निकले हैं। पूरे रास्ते में फूलों की वर्षा हो रही है।

05:08 PM, 29-May-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं। वह पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के साथ ही 1200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन एक साथ तीन हजार यात्रियों (1500 आगमन और 1500 प्रस्थान) को सुविधा देने में सक्षम हो गया है। नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करते समय उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। इस नए टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 65,150 वर्ग मीटर है।

04:49 PM, 29-May-2025
ब्रह्मोस मिसाइल के प्रतिरूप लेकर पीएम मोदी का स्वागत करते लोग। - फोटो : एजेंसी

ऑपरेशन सिंदूर के साथ तिरंगा यात्रा करेंगे पीएम मोदी
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो तिरंगा यात्रा में कराया जा रहा है। इस रोड शो में प्रधानमंत्री जिधर से भी गुजरेंगे, वहां तिरंगा झंडा लगा दिया गया है। भाजपा ने इस पूरे कार्यक्रम को विपक्ष के तमाम विरोधों के बीच ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के श्रेय से जोड़ दिया है। हर तरफ प्रधानमंत्री और ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पहले साढ़े पांच बजे का बताया गया था, जिसे साढ़े चार बजे का कर दिया गया, हालांकि उनका इंतजार अब भी हो रहा है।

04:46 PM, 29-May-2025
रोड शो के कारण बेली रोड और वीरचंद पटेल पथ के सभी रास्ते बंद। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारी से लोग परेशान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले जिला प्रशासन ने जांच-पड़ताल के बाद मीडिया को कार्ड जारी किया, लेकिन कार्यक्रम स्थल से कई किलोमीटर दूर ही गाड़ी रोक दी गई। जो मीडियाकर्मी किसी तरह एयरपोर्ट पहुंच भी गए, उनके लिए अंदर प्रवेश संभव नहीं दिखा। सड़कों पर पटना के यातायात पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी पास से नेताओं की गाड़ियां निकलती रहीं, लेकिन प्रेस से लेकर अस्पताल जा रहे लोगों की गाड़ियों को रोक दिया गया। इससे कई जगह पुलिस को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ रहा है।

04:36 PM, 29-May-2025
हाजीपुर की ओर से पटना आ रही गाड़ियों की सघन जांच की गई। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

एयरपोर्ट आज से नया-नया, रेलवे का भी प्रोजेक्ट शुरू कराएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों की बिहार यात्रा पर हैं। गुरुवार को वह पटना में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद रोड शो करते हुए भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचकर राज्य स्तर के नेताओं से मिलेंगे और अपनी बातें रखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री राज्यपाल से मिलने जाएंगे और राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एयरपोर्ट पर उनके साथ होंगे। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री और बिहार के राज्यपाल भी एयरपोर्ट पर रहेंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री पटना के हार्डिंग पार्क टर्मिनल प्लेटफार्म का शिलान्यास एवं सोन नगर-मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेल लाईन का राष्ट्र को समर्पण करेंगे। वह रोहतास की यात्रा के बाद बिहार से लौटेंगे।

04:31 PM, 29-May-2025
बिहार पहुंचने पर सीएम नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पीएम मोदी का स्वागत किया। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

पटना एयरपोर्ट पर एक समय में 3000 यात्रियों को सेवा
प्रधानमंत्री जिस नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, वह 1200 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 65,150 वर्ग मीटर और इस उद्घाटन के साथ यहां एक समय में 3000 यात्रियों (1500 आगमन और 1500 प्रस्थान) की क्षमता हो जाएगी। नए टर्मिनल भवन के बाद अब जय प्रकाश नारायण पटना एयरपोर्ट प्रतिवर्ष एक करोड़ यात्रियों को सेवा देने में सक्षम हो रहा है। टर्मिनल के अंदर यात्रियों की सुविधा के लिए 64 चेक-इन काउंटर बनाए गए हैं। नौ ऑटोमैटिक ट्रे रिट्रीवल सिस्टम (ATRS), पांच एरोब्रिज और चार कन्वेयर बेल्ट की व्यवस्था भी की गई है। 11 विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन और 1100 कारों की क्षमता वाला मल्टीलेवल कार पार्किंग भी बना है। इस टर्मिनल के उद्घाटन के बाद विमानों की संख्या दोगुनी तक हो सकती है।

04:27 PM, 29-May-2025
रोड शो के पहले पटना एयरपोर्ट की ओर जाने वाले हर रास्ते पर ट्रैफिक रुका। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

पटना आने के पहले ही हर तरफ लगा जाम

प्रधानमंत्री का विशेष विमान पटना पहुंचे, इसके पहले ही रोड शो की तैयारी के कारण पटना के बड़े हिस्से में जाम लग गया। एयरपोर्ट की ओर जा रही गाड़ियों को पहले ही रोक दिया गया। अभी कुछ देर में प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वह पटना एयरपोर्ट के विश्वस्तरीय स्वरूप का उद्घाटन करेंगे। वह यहां पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद रोड शो के लिए निकलेंगे।  

01:08 PM, 29-May-2025

PM Modi News Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन से पहले पहुंच गए एक रिंग सेरेमनी में, सुबह जाएंगे रोहतास

बिहार की राजधानी पटना ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टरों और तिरंगे झंडे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत कर रही है। प्रधानमंत्री बिहार विधानसभा चुनाव के साल में राज्य की राजनीति के लिए इस अहम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। वह पटना में रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री के इस रोड शो के लिए भाजपा ने 32 जगहों पर स्टेज बनाए हैं। रोड शो पटना एयरपोर्ट के मॉडल स्वरूप के लोकार्पण के बाद शुरू होगा। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से अरण्य भवन, केंद्रीय विद्यालय, शेखपुरा मोड़ होते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय के सामने से निकलते हुए बेली रोड पर सीधे लंबी यात्रा करेंगे और फिर आयकर गोलंबर से घूमते हुए वीरचंद पटेल पथ स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पहुंचेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें