नालंदा में युवक को मारी गोली
नालंदा में गुरुवार को मामूली विवाद में बदमाश ने युवक की गोली मार हत्या कर दी। मामला इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी मल विगहा मोहल्ले की है। मृतक की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी मल बीघा मोहल्ला निवासी मोहम्मद निजाम के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद निसार के रूप में हुई है। जबकि गोलीबारी की घटना में मोहम्मद अब्बास का पुत्र मोहम्मद आदिल एवं मोहम्मद निजाम का पुत्र मोहम्मद एजाज भी जख्मी हो गया है।
पटना हाईकोर्ट में 65 प्रतिशत आरक्षण नियम को चुनौती
पटना हाईकोर्ट बिहार सरकार के 65 प्रतिशत आरक्षण नियम को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। न्यायाधीश विनोद चंद्रन और हरीश कुमार की पीठ ने कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई शुरू की। एडवोकेट जनरल पीके शाही नें भी माना कि सरकारी डाटा के अनुसार ही कई जातियों को उनकी जनसंख्या से ज्यादा प्रतिनिधित्व सरकारी नौकरी में है और सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्देशानुसार उन्हें कोटा से बाहर किया जाना चाहिए। एडवोकेट जनरल ने सोमवार तक का समय मांगा। इसके बाद मुख्य न्यायधीश ने खुद जोड़ कर कहा कि जब बिहार के कुल सरकारी नौकरी 20 लाख में से 13 लाख ईबीसी, बीसी और एससी हैं, यानी करीब 65% आरक्षण। फिर अब आरक्षण बढ़ाने कि जरूरत क्यों?
राधामोहन सिंह का छलका दर्द
लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मंथन चल रही है। ऐसे में भाजपा के वरीय नेता और मोतिहारी से सांसद राधामोहन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कहा मैं रहूं या ना रहूं मोदी जरूरी हैं। नौ बार मुझे मोतिहारी से टिकट मिला और जनता के आशीर्वाद से मैं छह बार सांसद बना। अब मिला तो भी ठीक नहीं मिला तो भी ठीक है। राधामोहन सिंह के इस बयान के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज
बिहार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज दिल्ली में होगी। इसमें गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा रहेंगे। लोकसभा चुनाव के टिकट को लेकर मंथन होगी। दो दिन तक चलने वाली इस बैठक के लिए बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान दिल्ली में ही हैं।
सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग स्थित बिजली ऑफिस के समीप अपने भतीजे के नवनिर्मित मकान के गृह प्रवेश में आए वृद्ध चाचा को एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन वृद्ध की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उन्हें पटना ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन द्वारा घायल को इलाज के लिए पटना ले जाने के लिए क्लीनिक से निकले तो महज 2 किलोमीटर दूर जाते ही वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र की चांगोडीह गांव निवासी 65 वर्षीय कार्यानंद सिंह के रूप में हुई है।
बेगूसराय में बड़ा हादसा, छह घायल
बेगूसराय में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। जहां बारात जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं इस हादसे में छह से ज्यादा लोग घायल हो गए।