बेटे ने की अपनी मां की हत्या
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के उधपुरा गांव में अहले सुबह एक विधवा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसका पुलिस ने महज कुछ ही घंटे के बाद खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि किसी महिला के सगे बेटे ने ही की। मोहनिया डीएसपी दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी दी। पुलिस के समक्ष आरोपी भीम शर्मा ने बताया कि मेरी मां का किसी से नाजायज संबंध पिछले कुछ सालों से चल रहा था। तंग आकर मैंने देसी कट्टा से अपनी ही मां के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
गया-पटना रेलखंड पर चाकंद स्टेशन और ओर हाल्ट के बीच रिसौद गांव के समीप मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को रेल प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया है। फलस्वरूप प्रखंड के रौना पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांव का आवागमन प्रभावित हो रहा है। रेल प्रशासन द्वारा उक्त रास्ते को सीमेंट के पिलर से घेर दिए जाने के विरोध में प्रभावित क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान वोट बहिष्कार का ऐलान किया है। रविवार को प्रभावित क्षेत्र के बड़ी संख्या में महिला पुरूष एवं बच्चे रेलवे ट्रैक के समीप उपस्थित होकर एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन किया।
पटना में शराब की खेप बरामद
पटना में आबकारी विभाग की टीम ने कंकड़बाग इलाके से शराब की बड़ी खेप बरामद की है। कंकड़बाग ओवर ब्रिज पर तेज भाग रहे स्कॉर्पियो से यह खेप बरामद हुई है। जांच के बाद पता चला कि इसमें लगभग चार लाख रुपए की शराब तस्कर ले जा रहे थे। गाड़ी के आगे का नंबर प्लेट बिहार का है जबकि पीछे का नंबर प्लेट उत्तर प्रदेश का है। पुलिस ने शराब की खेप को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
नालंदा में अपराधियों ने पत्रकार को मारी गोली
नालंदा में अपराधियों ने पत्रकार दीपक विश्वकर्मा को गोली मार दी। उनकी हालत गंभीर है। सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। घटना बिहार शरीफ राजगीर मुख्य मार्ग के नालंदा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दीपक पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जदयू नेता और महिला के बीच हाथापाई का वीडियो वायरल
मोतिहारी में जदयू नेता और महिला की हाथापाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें महिला और जदयू नेता का कपड़ा भी फटा हुआ दिख रहा है। घटना छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बड़ियापुर की है। घटना के बाद दोनों ने एक दूसरे पर छतौनी थाना में आवेदन दिया है। जिसकी जांच में पुलिस जुटी है। छतौनी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि दो आवेदन मिला है। दोनो में एक दूसरे पार मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।
भोजपुर में किशोर की लाश मिली
भोजपुर जिले में घर से कपड़ा खरीदने के लिए बाजार निकले एक किशोर का शव बरामद हुआ है। उसका शव चांदी थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव स्थित पोखरे के समीप से बरामद हुआ है। शव के मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। मरने वाले की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव गांव निवासी पप्पू रवानी का 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कार और बाइक में भीषण टक्कर
पटना में एम्स दीघा एलिवेटेड रोड पर रविवार की दोपहर कार और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों गाड़ियों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते दोनों गाड़ियां बीच सड़क पर पूरी तरह जल गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्नि दस्ते की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ईवीएम से पहले पोस्टल बैलेट की गिनती करवाई जाए
राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर से चुनाव आयोग के सामने बड़ी मांग रख दी है। राजद ने मांग की है कि आगामी लोकसभा चुनाव में ईवीएम से पहले पोस्टल बैलेट की गिनती करवाई जाए। दरअसल, बिहार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों की बुलाई गई थी। इसमें राजद ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जब मतगणना के अंतिम परिणाम की घोषणा पोस्टल बैलेट की गिनती करने के बाद ही की जाती है तो उसकी गणना पहले कराकर उम्मीदवारों को प्राप्त मतों की घोषणा करने के बाद ईवीएम की गिनती कराने में भी उतना हीं समय लगेगा जितना पोस्टल बैलेट की गिनती बाद में कराकर अंतिम परिणाम घोषित करने में लगता है।
पटना में दिनदहाड़े गोलीबारी
पटना में दिनदहाड़े गोलीबारी हुई है। घटना पाटलिपुत्र थाना इलाके के तुलसी पथ कॉलोनी में हुई। गेट लगाने के विवाद को लेकर अपराधियों ने गोलीबारी की। इसमें 19 साल के सुमन कुमार को गोली लग गई। उसकी हालत गंभीर है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गंगा नदी में डूबकर वार्ड पार्षद की मौत
मुंगेर में गंगा नदी में डूबने वार्ड पार्षद की मौत हो गई। वह नहाने के लिए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनियारचक घाट गए थे। नहाने के दौरान गहराई में जाने से वार्ष पार्षद डूब गए। इसके बाद राहत-बचाव दल की टीम ने काफी मशक्क्त के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों को भीड़ लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान नौवागढ़ी दक्षिणी पंचायत के सिघेश्वर टोला के वार्ड संख्या 4 निवासी योगेंद्र प्रसाद मंडल का 42 वर्षीय पुत्र वार्ड सदस्य संतोष कुमार मंडल के रुप में हुई है।
कैमूर में महिला की हत्या
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के उधपुरा गांव में एक विधवा महिला की हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने महिला को दो गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दुर्गावती पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में भेज दिया। मृत महिला की पहचान उधपुरा गांव निवासी स्व. विजय शंकर शर्मा की पत्नी सबिता कुंवर (50) वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।