बाढ़ को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने की बैठक
बिहार में बाढ़ को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय की बैठक खत्म हो गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने की। उन्होंने बताया कि बिहार में जरूरत पड़ेगी तो लोगों को एयरलिफ्टिंग भी कराया जाएगा। इतना ही नहीं अगर जरूरत पड़ी तो एयरफोर्स को लगाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फ़ूड पैकेजिंग भी गिराया जाएगा।
तटबंध के पास पानी का रिसाव हो रहा है
सुपौल में कोसी तटबंध के कई बिंदुओं पर पानी का भारी दवाब बढ़ रहा है। पूर्वी तटबंध के स्पर संख्या 67.60 के समीप हो रहा पानी का रिसाव हो रह है। सुपौल सदर प्रखंड के बकौर पंचायत के नेमुआ मस्जिद के पास की घटना है। पानी के रिसाव से स्थानीय लोगों में दहशत है। बाढ़ निरोधात्मक कार्य में स्थानीय प्रशासन जुटी है।
नदी का जलस्तर लगातर बढ़ रहा है
मोतिहारी से सटे नेपाल में फतुआ बांध टूट जाने से पूर्वी चम्पारण जिला के ढाका प्रखंड अन्तर्गत हीरापुर, गुरहनवा, वीरता टोला, भवानीपुर, बलुआ गुआबारी, महंगुआ, दोस्तियां, महुआवा सहित दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी फैल चुका है। शनिवार के देर रात से बारिस थमने के बाद नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है। नदी के जल स्तर में वृद्धि को देखते हुए एसडीओ निशा ग्रेवाल ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया है कि तटबंध पर हुए रैन कट को ठीक किया जाए।
चंद सेकेंड में बह गया मस्जिद का ढांचा
पूर्णिया में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से जिले की नदियां उफान पर हैं। बायसी में बहने वाली महानंदा, कनकई और परमान जैसी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। यहां हालत भयावह हैं। बायसी प्रखंड के ताराबाड़ी में कटाव ने भयावह रूप ले लिया है। यहां एक मस्जिद का ढांचा कनकई नदी में समा गया। इस घटना का 28 सेकेंड का लाइव वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे मस्जिद का ढांचा महज चंद सेकेंड में नदी में समा गया।
कोसी बांध के स्पर टूटने अफवाह
कोसी बांध का 74.40 स्पर के टूटने की अफवाह से लोगों के बीच हाहाकार मच गया है। अचानक कोसी नदी में जल स्तर बढ़ने से स्पर के ऊपर से पानी का बहाव शुरू होने से लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। जिला प्रशासन और अंचल प्रशासन बचाव कार्य में जुट गई है। जानकारी के अनुसार नवहट्टा अंचल के पूर्वी तटबंध के अंदर कासिमपुर और हाटी पंचायत के झकराहा टोला के समीप स्पर के ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। नवहट्टा अंचल अधिकारी ने बताया कि स्पर टूटने की बात सामने आई थी लेकिन वह टूटा नही है ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम तैनात कर दिया गया है। जान माल की क्षति नहीं हुई है।