फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News LIVE: जदयू ने इन्हें बनाया विधानसभा के उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार, 23 फरवरी को होगा चुनाव

Wed, 21 Feb 2024 05:47 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar News : बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान आज भी हंगामा हुआ। सीनियर आईएएस अधिकारी केके पाठक को हटाने की मांग सीएम नीतीश कुमार भड़क गए। इधर, तेजस्वी यादव ने बेतिया में जन विश्वास यात्रा के दौरान एनडीए सरकार पर हमला बोला। 
विज्ञापन
बिहार न्यूज लाइव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:38 PM, 21-Feb-2024

23 फरवरी को होगा उपाध्यक्ष का चुनाव

जदयू के विधायक नरेन्द्र नारायण यादव को राजग की ओर से बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वह गुरुवार सुबह नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा है कि उपाध्यक्ष का पद खाली है। 23 फरवरी को बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। बता दें कि आज ही उपाध्यक्ष पद से जदयू के वरीय नेता महेश्वर हजारी ने इस्तीफा दिया था। चर्चा है कि उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। 

04:12 PM, 21-Feb-2024

मुजफ्फरपुर में एक दिव्यांग (मूक) किशोर द्वारा एक मासूम बच्ची से दरिंदगी किए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल, 12 साल के दिव्यांग ने बच्ची के साथ गलत काम किया है। इस घटना के बाद आरोपी दिव्यांग किशोर घर से फरार बताया जा रहा है। हालांकि पीड़िता के परिजन के द्वारा इस मामले में कोई भी शिकायत नहीं करवाई गई है। यह घटना जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

03:36 PM, 21-Feb-2024

बिहार के नालंदा में मैट्रिक की परीक्षा देने आया एक परीक्षार्थी लापता हो गया। मामला बिहार शरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के पीसीपी इंटर कॉलेज से जुड़ा हुआ है। छात्र की गुमशुदगी का मामला सोहसराय थाना में दर्ज करवाया गया है। गुमशुदा छात्र की पहचान छबिलापुर थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर गांव निवासी राजेश प्रसाद के बेटे उदित कुमार (15) के रूप में हुई है।


 

विज्ञापन
02:42 PM, 21-Feb-2024
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार - फोटो : अमर उजाला

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बिहार वासियों से की आगामी चुनाव में वोट देने की अपील

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि बिहार वासियों से अपील है कि आप आगामी चुनाव में वोट देने जरूर आएं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बिहार की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अलग-अलग दलों के प्रतिनिधियों ने मतदान के समय को बढ़ाने समेत कई अलग-अलग मांगें रखीं। बिहार में 40 लोकसभा सीट हैं। इनमें 34 सामान्य और छह आरक्षित लोकसभा सीट हैं। बिहार में 7.64 करोड़ मतदाता हैं। 100 वर्ष से ज्यादा उम्र के वोटर 21 हजार के लगभग हैं। 9.26 लाख नए मतदाता इस साल बने हैं। 1.6 करोड़ मतदाता 20 से 29 साल के हैं। इस चुनाव में युवाओं की भागीदारी अधिक है। महिला वोटरों की संख्या में भी इजाफा हुआ है, जिनकी उम्र 2024 में 18 वर्ष हुई है। अगर उनका वोटर आईडी कार्ड नहीं बना तो वह बनवा सकते हैं।
 
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आगे कहा कि सभी बूथों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। सबसे पहली बार बिहार में 2020 में दिव्यांगजन के घर पर जाकर उन्हें वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। यह प्रयास सफल रहा और पूरे देश में इसे लागू किया गया। हम लोग पूरे चुनाव को किसी तरह की गलत चीजों से दूर रखने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए एक एप बनाया गया है। आप इसके जरिए शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। यह पूरी तरह से गोपनीय रहेगी। हम आपकी शिकायत पर संज्ञान लेंगे। उन्होंने बताया कि वोटर्स की मदद के लिए भी एप बनाया गया है। बिहार के तमाम मतदाताओं से वोट देने की अपील की और कहा कि सभी लोग वोट देने जरूर जाएं। निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव होगा, इसके लिए हम लोग कटिबद्ध हैं।

02:19 PM, 21-Feb-2024
राजद नेता तेजस्वी यादव - फोटो : अमर उजाला

'नीतीश चाचा को भाजपा ने हाईजैक कर लिया', जन विश्वास यात्रा में बोले राजद नेता तेजस्वी

जन विश्वास यात्रा पर निकले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दूसरे दिन मोतिहारी के स्पोर्ट्स क्लब पहुंचे। जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वह प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर दिखे। पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश चाचा को बीजेपी वालों ने हाईजैक कर लिया है। जब वे हम लोगों के साथ थे तो कहते थे कि बीजेपी वालों ने मीडिया को हाईजैक कर लिया है। लेकिन अब लग रहा है कि उन्हीं को बीजेपी ने हाईजैक कर लिया है।

तेजस्वी ने आगे कहा कि जिस काम को, जब नीतीश कुमार बीजेपी के साथ थे तो कहते थे कि नौकरी असंभव है। लेकिन उस काम को, जब वह महा गठबंधन में आए तो महज 17 महीने में पांच लाख लोगों को नौकरी दी है। न जाने क्यों नीतीश कुमार पलटी मार कर फिर से बीजेपी के साथ चले गए, ये बात वही बताएंगे।

विज्ञापन
02:03 PM, 21-Feb-2024

DIG के नाम पर जदयू नेता से साइबर ठगी
मुजफ्फरपुर में साइबर ठग ने बेतिया रेंज के DIG के नाम पर सोशल मीडिया एप मैसेंजर पर फर्जी अकाउंट से मैसेज भेजकर एक जदयू नेता से 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित औराई थाना क्षेत्र के राजखंड का रहने वाले बेचन महतो हैं। मामले को लेकर बेचन महतो ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

01:32 PM, 21-Feb-2024
शेड के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है - फोटो : अमर उजाला

सीवान से उज्बेकिस्तान काम करने गए मजदूरों पर गिरा शेड, कई लोगों की दब कर मौत, 12 से अधिक घायल

बिहार के सीवान से उज्बेकिस्तान में काम करने गए मजदूरों पर शेड गिरने से कई लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हैं और कई मजदूर शेड के नीचे दबे बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सीवान और आसपास के जिलों से भारी संख्या में मजदूर उज्बेकिस्तान के एक जिले अल मलिक मोफतीन में काम करने गए थे। जहां भारी बर्फबारी के बीच एक वर्कशॉप इंटर इंजीनियरिंग कंपनी में भी काम चल रहा था। इसी बीच अचानक इंटर इंजीनियरिंग कंपनी का शेड गिर गया, जिसमें नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। करीब 80 मजदूरों के शेड के नीचे दबे होने की बात सामने आ रही है।

11:17 AM, 21-Feb-2024

आप लोग बहुत कम संख्या में सदन में आइएगा
नीतीश कुमार ने कहा कि आप मेरा मुर्दाबाद करते रहिए और हम जिंदाबाद करते रहेंगे। आप जिंदा रहिए और हमको मुर्दा करते रहिए। जितना मुर्दाबाद करिएगा उनता ही खत्म होते रहिएगा। नीतीश कुमार ने गुस्से में कहा कि अगली बार आप लोग बहुत कम संख्या में सदन में आइएगा। सारा काम सरकार की तरफ से किया जा रहा है। जो गड़बडी थी, सब में सुधार करवा दिया।  आप कहते हैं सरकारी अधिकारी को हटाइए। यह मांग गलत है। 

10:35 AM, 21-Feb-2024

बेगूसराय में लड़के के भाई को बेरहमी से पीटा
बेगूसराय में एक बार फिर प्रेम प्रसंग की वजह से दबंगों ने लड़के के भाई को पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के बिहट की है। पीड़ित की पहचान बिहट निवासी राज किशोर झा के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है। पीड़ित राहुल कुमार ने बताया कि वह बरौनी रिफाइनरी में ठेकेदार के अंदर काम करता है और मंगलवार की शाम जब वह वापस लौट रहा था उसी क्रम में गांव के ही पंकज सिंह उर्फ कारू सिंह ने उसे पकड़ लिया और अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर लाठी डंडे से पिटाई शुरू कर दी।

09:50 AM, 21-Feb-2024

Bihar News LIVE: जदयू ने इन्हें बनाया विधानसभा के उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार, 23 फरवरी को होगा चुनाव

पटना समेत कई इलाकों में सुबह हल्की बारिश के बाद धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं लखीसराय में नौ लोगों की मौत ने सबको हैरान कर दिया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में 14 लोग आ गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर है। इधर, बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान आज भी हंगामा के आसार हैं। मंगलवार को राजद विधायकों ने जमकर हंगामा किया था और भाजपा पर दलितों का अपमान करने का आरोप लगाया था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जन विश्वास यात्रा पर निकले हैं। आज बेतिया में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब 11 बजे तेजस्वी यादव सड़क मार्ग से मोतिहारी से बेतिया पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे साहू जैन उच्च विद्यालय के ग्राउंड में आम सभा होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें