कंबल में बैठकर करें ये योग और व्यायाम
- फोटो : Adobe
सर्दियों की सुबह कंबल छोड़ने का मन नहीं करता, लेकिन शरीर की असक्रियता और भी नुकसानदेह है। ठंड के मौसम में जोड़ों में जकड़ आ जाती है, आलस्य बढ़ता है और वजन भी तेजी से चढ़ता है। अच्छी खबर यह है कि आप कंबल में बैठे-बैठे भी कुछ आसान योगासन और व्यायाम कर सकते हैं, जिनसे शरीर गर्म रहेगा और दिनभर सुस्ती नहीं आएगी। ये आसन खासतौर पर उन लोगों के लिए हैं जो ठंड में बाहर निकलकर एक्सरसाइज नहीं कर पाते। सर्दियों में फिट रहने के लिए जिम या पार्क जाना जरूरी नहीं। थोड़ी सी जागरूकता और रोज 10–15 मिनट का अभ्यास कंबल में बैठे-बैठे भी आपको स्वस्थ रख सकता है।
कंबल में बैठे-बैठे किए जाने वाले आसान आसन और व्यायाम
ग्रीवा संचालन (Neck Rotation)
कंबल ओढ़े आराम से बैठकर गर्दन को धीरे-धीरे दाएं–बाएं और आगे–पीछे घुमाएं। यह गर्दन की जकड़न कम करता है और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है।
हथेली और उंगलियों का व्यायाम
हाथों को आगे बढ़ाकर मुट्ठी खोलना-बंद करना करें। ठंड में सुन्न पड़ती उंगलियों के लिए यह बेहद फायदेमंद है।
पवनमुक्तासन का आसान रूप
कंबल में बैठकर एक-एक करके घुटनों को मोड़ें और पेट की ओर लाएं। इससे गैस, कब्ज और कमर की अकड़न में राहत मिलती है।
कपालभाति
कंबल में पालथी मारकर बैठें और धीमी गति से कपालभाति करें। यह शरीर में गर्मी पैदा करता है और इम्युनिटी मजबूत करता है।
अनुलोम-विलोम
नाक से सांस लेने-छोड़ने का यह अभ्यास ठंड में बेहद असरदार है। यह फेफड़ों को मजबूत करता है और सर्दी-जुकाम से बचाव करता है।
कंधे घुमाने का अभ्यास
कंबल ओढ़े बैठे-बैठे कंधों को गोल-गोल घुमाएं। इससे शोल्डर पेन और जकड़न कम होती है।