फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Bicycle Day 2026: साइकिल चलाओ, देश बचाओ! विश्व साइकिल दिवस पर नेताओं और युवाओं ने दिया बड़ा संदेश

Wed, 03 Jun 2026 10:19 AM IST
Shivani Awasthi लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Cycle Day Celebration: हर वर्ष 3 जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2018 में इस दिवस को आधिकारिक मान्यता दी थी। इसका उद्देश्य साइकिल को एक सरल, सस्ती, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधन के रूप में बढ़ावा देना है।
 
विज्ञापन
साइकिल दिवस कैसे मनाया गया पूरे देश में - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

World Bicycle Day 2026: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 3 जून 2026, मंगलवार को देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों, रैलियों और जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए लोगों को साइकिल अपनाने का संदेश दिया गया। इस साल साइकिल दिवस की थीम एक हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना है। इसी संदेश को देशभर में प्रेसित किया गया। 

विज्ञापन



केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अपील

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी विश्व साइकिल दिवस पर देश के युवाओं से विशेष अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा , 'यह केवल एक व्यायाम या एक दिन की हॉबी नहीं, बल्कि सशक्त और स्वस्थ जीवन शैली की पहचान है। साइकिल हमें फिट रखती है, शरीर को ऊर्जावान बनाती है और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखती है।'

मंत्री ने साइकिलिंग को पर्यावरण संरक्षण का सबसे सस्ता, सुंदर और टिकाऊ माध्यम बताते हुए कहा कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से प्रदूषण कम होगा, पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और देश को भी फायदा पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने के लिए साइकिल एक प्रभावी और सकारात्मक समाधान है।
विज्ञापन


मनसुख मांडविया ने ‘फिट इंडिया’ आंदोलन के तहत चलाए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों युवा इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और इसे जन आंदोलन का रूप दे रहे हैं। उन्होंने सभी युवाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस अभियान को मिल रहे स्नेह, समर्थन और ऊर्जा के लिए उनका हृदय से आभार है।

मांडविया ने बताया कि आने वाले रविवार को पूरे देश में 'संडे ऑन साइकिल' का आयोजन विश्व साइकिल दिवस को समर्पित होगा। उन्होंने सभी युवाओं से आग्रह किया कि वे उत्साहपूर्वक इसमें भाग लें। युवाओं से फिट इंडिया ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने और अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इससे जोड़ने की अपील की।

मंत्री ने कहा, "इस खास दिन पर हम सभी संकल्प लें कि साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे और एक फिट, स्वस्थ तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।"
 

 


जम्मू में मनाया गया साइकिल दिवस

जम्मू-कश्मीर में भी विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रीनगर में आयोजित साइक्लोथॉन के जरिए युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

'नशे को ना और खेलों को हां' की अपील

जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने विश्व साइकिल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं भी इस अवसर पर साइकिल चलाई। उन्होंने युवाओं से 'नशे को ना और खेलों को हां' की थीम को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए और भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सरकार हर महीने उच्चस्तरीय खेल आयोजनों का आयोजन करेगी ताकि खेल अवसंरचना की कमियों को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि नई सरकार के सामने कई चुनौतियां और सीमित संसाधन हैं, लेकिन खेलों के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
 

 


खेल परिषद की सचिव नुज़हत गुल का संदेश

जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुज़हत गुल ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह साइक्लोथॉन लोगों को आलस्य छोड़कर फिटनेस अपनाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से पूरे देश को यह संदेश दिया जा रहा है कि प्रदेश 'फिट इंडिया' अभियान के साथ मजबूती से खड़ा है। इस अवसर पर जम्मू साइक्लोथॉन का लोगो और शुभंकर (मास्कॉट) भी लॉन्च किया गया। साथ ही इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कश्मीर साइक्लोथॉन की भी शुरुआत कर दी गई है और जल्द ही उसके लिए भी पंजीकरण शुरू होंगे।
 




प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा 

वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले गोल्फ प्रतियोगिता और मैराथन का आयोजन किया गया था तथा अब साइक्लोथॉन आयोजित किया जा रहा है। जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में साइक्लोथॉन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना है। साथ ही ऐसे कार्यक्रम जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

 

 

साइकिल दिवस - फोटो : ANI

लखनऊ में साइकिल रैली का आयोजन


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लखनऊ विश्वविद्यालय में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
 



डीजल-पेट्रोल की खपत को करें कम

लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अमिता कनौजिया ने कहा कि आज का संदेश है, “ऊर्जा बचाएं और हरित जीवनशैली अपनाएं।” उन्होंने कहा कि देश में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती खपत चिंता का विषय है। यदि बच्चे और युवा छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का उपयोग करें, तो ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण प्रदूषण को भी कम किया जा सकता है।
 
 

 

विज्ञापन

साइकिल दिवस का महत्व - फोटो : AI

क्यों मनाया जाता है विश्व साइकिल दिवस?

हर वर्ष 3 जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2018 में इस दिवस को आधिकारिक मान्यता दी थी। इसका उद्देश्य साइकिल को एक सरल, सस्ती, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधन के रूप में बढ़ावा देना है।


विश्व साइकिल दिवस का इतिहास

संयुक्त राष्ट्र ने अप्रैल 2018 में एक प्रस्ताव पारित कर 3 जून को विश्व साइकिल दिवस घोषित किया था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों के प्रति जागरूक करना था। साइकिल को सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति में सहायक माना जाता है।


क्या है साइकिल दिवस का महत्व?

विश्व साइकिल दिवस का महत्व केवल परिवहन तक सीमित नहीं है। साइकिल चलाने से,

  • शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।

  • हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है।

  • प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है।

  • ईंधन की बचत होती है।

  • यातायात का दबाव कम होता है।

  • सतत और हरित विकास को बढ़ावा मिलता है।

 

विश्व साइकिल दिवस 2026 की थीम

इस वर्ष विश्व साइकिल दिवस का प्रमुख संदेश एक हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना" (Cycling for a Greener Future) है। विभिन्न देशों में “फिटर, हेल्दीयर और ग्रीनर फ्यूचर” के उद्देश्य के साथ साइकिलिंग को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें