Woolen Clothes Caring Tips: सर्दियों की ऊनी शॉल, स्वेटर और कंबल आदि आपको ठंड से बचाते हैं। ये मौसम, याद और आराम से जोड़ने का जरिया हैं लेकिन जरा सी लापरवाही, गलत धुलाई या गलत स्टोरेज से आपके ऊनी कपड़े खराब हो जाते हैं। हर साल सारे ऊनी कपड़े नए खरीदना आसान नहीं होता। अच्छे स्वेटर और गर्म शाॅल महंगी आती हैं, लेकिन जब आप ठंडा मौसम आने पर अपने पिछले साल वाले ऊनी कपड़े निकालते हैं और वह इस्तेमाल करने योग्य नहीं लगते या पुराने लगने लगते हैं तो मजबूरी में आपको नए कपड़ों पर फिर से पैसा निवेश करना पड़ता है।
अगर ये स्थिति आपकी भी है तो बचाव के लिए ऊनी कपड़ों की देखभाल और रखरखाव के कुछ सरल तरीके सीख लीजिए। ऊनी कपड़े नाज़ुक होते हैं, उन्हें ज़ोर नहीं, समझदारी चाहिए। अगर चाहती हैं कि आपके ऊनी कपड़े हर साल नए जैसे मुलायम, बिना रोएं और बिना बदबू के रहें, तो ये आजमाए हुए तरीके अपनाइए।
ऊनी कपड़ों को बार-बार धोना सबसे बड़ी गलती
ऊन को बार-बार पानी में डालना उसकी प्राकृतिक चिकनाहट खत्म कर देता है। हल्की गंदगी हो तो पूरा स्वेटर धोने के बजाय स्पॉट क्लीनिंग करें। स्वेटर को हर बार मत धोएं, दो-तीन बार पहनने के बाद ही धुलाई करें। मशीन वाॅश से भी बचें।
ठंडे या गुनगुने पानी में ही धोएं
गरम पानी ऊन के दुश्मन की तरह काम करता है। गर्म पानी से ऊनी कपड़े धोने से कपड़ा सिकुड़ जाता है और सख्त हो जाता है। धुलाई के लिए ठंडा या हल्का गुनगुना पानी चुनें। धुलते समय कपड़े को ज्यादा देर भिगोकर न रखें। रगड़ने की बजाय हल्के हाथ से दबाएं।
सही डिटर्जेंट चुनना बेहद जरूरी
ऊनी कपड़े धोने के लिए तेज डिटर्जेंट, ब्लीच या साबुन का उपयोग न करेंं, ये ऊन के रेशों को तोड़ देते हैं। ऊनी कपड़ों के लिए बना लिक्विड डिटर्जेंट ही उपयोग में लाएं। स्वेटर या जैकेट को बेबी शैंपू से भी धो सकते हैं लेकिन साबुन सीधा कपड़े पर न लगाएं।
निचोड़ना नहीं, पानी खुद निकलने दें
धोने के बाद पानी निचोड़ने के लिए कपड़े को मरोड़े नहीं। ऊन को मरोड़ने से उसकी शेप बिगड़ जाती है। इसके बजाय तौलिये में लपेटकर हल्का दबाएं। पानी अपने आप निकलने दें। कभी भी हैंगर पर गीला स्वेटर न टांगें
सुखाने का सही तरीका अपनाएं
सीधी धूप ऊनी कपड़ों को सख्त बना देती है। कपड़े को सुखाने के लिए छांव में सपाट जगह पर सुखाएं। हवा का रास्ता खुला रखें और बार-बार पलटते रहें।
रोएं हटाने का देसी जुगाड़
स्वेटर पर आने वाले रोएं देखने में सबसे खराब लगते हैं। इन्हें हटाने के लिए साफ रेज़र को हल्के हाथ से चलाएं या लिंट रिमूवर का इस्तेमाल करें। खींचकर रोएं निकालने से बचें।
सही स्टोरेज से आधी देखभाल पूरी
सीजन खत्म होने के बाद ऊनी कपड़ों को सही तरीके से रखना बेहद ज़रूरी है। कपड़ों को धोकर पूरी तरह से सुखाकर ही रखना चाहिए। ऊनी कपड़े को अखबार या सूती कपड़े में लपेटकर रखना चाहिए। कपड़ों के आसपास नीम की पत्तियां या कपूर रखें और इन्हें प्लास्टिक बैग में बंद न करें।