Lucknow Cheap Markets : लखनऊ सिर्फ नवाबी अंदाज़ और तहज़ीब के लिए ही नहीं, बल्कि शॉपिंग के सस्ते और रंग-बिरंगे ठिकानों के लिए भी मशहूर है। यहां हर दिन अलग-अलग जगहों पर लगने वाली हाट और मंडियां हैं, जहाँ आपको कपड़े, जूते, घर का सामान, सजावट, खिलौने और रोज़मर्रा की चीज़ें बेहद किफायती दामों पर मिल जाती हैं। अगर आप लखनऊ में सस्ती खरीदारी करना चाहते हैं, तो यह गाइड आपके लिए है।
आलमबाग की मंगल बाजार
लखनऊ के आलमबाग में हर मंगलवार को मंगल की बाजार लगती है, जिसे आलमबाग की बाजार भी कहते हैं। यहां आपको रेडीमेड कपड़ो से लेकर कपड़ों के फैब्रिक, होम डेकोर का सामान, किचन का सामान, फुटवियर, खिलौने, घरेलू सामान और महिलाओं के साज श्रृंगार का सामान बहुत कम दाम में मिल जाता है। मंगल की बाजार में आलमबाग की गलियां सस्ती खरीदारी के लिए भर जाती हैं। लोकल वेंडर्स और स्ट्रीट शॉप्स में दाम बहुत कम होते हैं। यहां पहुंचने के लिए आलमबाग मेट्रो स्टेशन या आॅटो, निजी वाहन या कैब सभी परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं।
निशातगंज की बुध बाजार
महानगर से निशातगंज पुल के नीचे तक एक बड़ी स्थानीय साप्ताहिक बाजार सजती है, जिसे बुध बाजार के नाम से जाना जाता है। ये लखनऊ की सस्ती बाजारों में सबसे मशहूर है। यहां फर्नीचर, होम डेकोर से लेकर कपड़े, पुराना सामान और घर की जरूरत की सभी चीजे सस्ते दामों पर खरीद सकते हैं। यहां बुधवार को स्ट्रीट मार्केट लगती है,जिसमें आप दुकानदार से खूब मोलभाव कर सकते हैं। निशातगंज में लगने वाली बुध बाजार में आसानी से पहुंचा जा सकता है, इसके लिए नजदीकी निशातगंज मेट्रो स्टेशन, बादशाहनगर, महानगर तक आॅटो से जा सकते हैं।
अमीनाबाद की बाजार, बृहस्पतिवार
अमीनाबाद बाजार में हर सामान मिलता है। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के इंडियन से लेकर वेस्टर्न हर तरह के परिधान आसानी से कम दामों में मिल जाते हैं। गुरुवार के दिन यहां दुकानदार सड़क पर बाजार लगाते हैं ताकि लोग आसानी से मोलभाव करके सस्ते से सस्ते दामों में सामान खरीद सकें। शादी से लेकर हर तरह के समारोह, त्योहारों, हर मौके के लिए आपको यहां हर तरह का सामान बजट में मिल जाते हैं।
चोर बाजार, रविवार
लखनऊ के नक्खास इलाके में रविवार को लगने वाला चोर बाजार अपने नाम की तरह ही बहुत दिलचस्प है। वस्तुतः ऐसा कुछ भी नहीं है जो आपको इस बाजार में नहीं मिलेगा। यहां आपको सेकेंड हैंड सामान बहुत ही कम पैसों में मिल जाते हैं। रविवार के दिन लगने वाली चोर बाजार में इलेक्ट्राॅनिक सामान की खरीदारी का मजा ही अलग होगा।