Best Places To Celebrate Bakrid in India: इस्लाम धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक बकरीद का त्योहार इसी माह मनाया जा रहा है। बकरीद को ईद-उल-अजहा के नाम से भी जाना जाता है। इस साल भारत में बकरीद 17 जून 2024 को मनाई जा रही है। देश में जिलहिज्जा का चांद दिखने के बाद मुस्लिम धर्मगुरुओं ने 17 जून को बकरीद मनाने की घोषणा की है।
ईद उल अजहा का त्योहार कुर्बानी का त्योहार है। इसमें बकरे की कुर्बानी दी जाती है, इसलिए इसे बकरा ईद भी कहते हैं। बकरीद के पाक मौके पर परिवार, रिश्तेदार और दोस्त एकत्र होते हैं और मिलकर त्योहार मनाते हैं। हालांकि अगर ईद उल अजहा के त्योहार को यादगार और खास बनाना चाहते हैं तो आपको अच्छा मौका मिल रहा है। दफ्तर में शनिवार और रविवार की छुट्टी मिलती है तो 17 जून यानी बकरीद की भी छुट्टी मिलाकर तीन दिन के लिए कहीं घूमने की योजना बना सकते हैं।
यहां देश की ऐसी जगहों के बारे में बताया जा रहा है, जहां बकरीद की रौनक देखते ही बनती है। यहां आप दोस्तों या परिवार के साथ ईद उल अजहा के मौके पर घूमने आ सकते हैं।
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ईद उल अजहा का पर्व लजीज पकवानों के साथ मनाया जाता है। इस शहर में बड़ा इमामबाड़ा और छोटा इमामबाड़ा है, जो ईद के उत्साह में खिल उठता है। यहां आने वाले टुन्डे कबाब का लुत्फ उठाने के साथ ही कई तरह के स्वादिष्ट पकवानों का स्वाद चख सकते हैं।
केरल
भारत का दक्षिणी राज्य केरल अपनी परंपराओं के अनूठे मिश्रण के लिए जाना जाता है और ईद उल अजहा यहां विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। मालाबार क्षेत्र, विशेष रूप से कोझिकोड और मलप्पुरम जैसे शहर, ईद के दौरान एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करते हैं।
कोलकाता
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ईद बहुत उत्साह के साथ मनाई जाती है। यहां बकरीद की सेलिब्रेशन शहर की समृद्ध बहुसांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। चहल-पहल वाले बुर्रा बाजार में नाखोदा मस्जिद स्थित है जो कि प्रार्थना और उत्सव का केंद्र बिंदु है।
हैदराबाद
ऐतिहासिक चारमीनार क्षेत्र त्योहारों का दिल है, जहां प्रकाश और चहल-पहल वाली गतिविधियां पर्व के मौके पर बढ़ जाती हैं। पर्यटक यहां मुंह से पानी ला लेने वाले लजीज हैदराबादी पकवानों जैसे हलीम और बिरयानी का लुत्फ उठा सकते हैं। पास में ही मक्का मस्जिद में ईद की नमाज अदा करने जा सकते हैं।
श्रीनगर
कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में ईद उल अजहा का पर्व खास महत्व रखता है। श्रीनगर का ऐतिहासिक जामा मस्जिद सेलिब्रेशन का केंद्र बिंदु है, जहां नमाजी एकत्र होकर नमाज पढ़ते हैं और त्योहार मनाते हैं। हिमालय की अद्भुत पृष्ठभूमि और इस अवसर पर आध्यात्मिक माहौल त्योहार के उत्साह को बढ़ा देता है