दिल्ली में पतंग मेले का आयोजन हो रहा है
- फोटो : Adobe Stock
Delhi Kite Festival : दिल्ली की सर्द धूप, यमुना के किनारे बहती हवा और आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें, दिल्ली काइट फेस्टिवल सिर्फ एक इवेंट नहीं, शहर की भूली-बिसरी रिवायतों को फिर से ज़मीन पर उतारने की कोशिश है। जहां मोबाइल स्क्रीन के बजाय निगाहें आसमान पर टिकती हैं और धागे में बंधी होती है बचपन की खुशी।
बंसरेरा पार्क (Banshera Park) में आयोजित होने वाला यह 3 दिन का पतंग उड़ाने का महोत्सव दिल्ली के सबसे खूबसूरत और अब भी अंडररेटेड रिवरफ्रंट लोकेशन्स में से एक को उत्सव में बदल देता है। दिल्ली काइट फेस्टिवल सिर्फ एक वीकेंड प्लान नहीं, यह उस दिल्ली की याद है, जहां छतों से नहीं, मैदानों से पतंगें उड़ती थीं और जीत हार से ज्यादा मज़ा मायने रखता था। अगर सर्दियों में कुछ सादा, सुंदर और सुकूनभरा चाहिए तो बंसरेरा की हवा आपका इंतज़ार कर रही है।
दिल्ली काइट फेस्टिवल का आयोजनन कब हो रहा है?
दिल्ली में पतंग फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है, जो कि 16 जनवरी से 18 जनवरी तक चलेगा। तीन दिन चलने वाला ये पतंगबाजी मेला सराय काले खां के बंसरेरा पार्क में लगेगा। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आप इस मैले में जा सकते हैं। आम लोगों की मेले में एंट्री पूरी तरह से मुफ्त रखी गई है। मेले में कुछ एक्टिविटीज़ के लिए नाममात्र शुल्क लिया जा सकता है। यमुना के किनारे बना यह बांस-थीम्ड पार्क खुली हवा और चौड़े मैदानों के कारण पतंग उड़ाने के लिए आदर्श माना जाता है।
पतंग मेले में क्या होगा खास?
यह सिर्फ पतंग उड़ाने तक सीमित नहीं है, यहां
- ओपन काइट फ्लाइंग ज़ोन है जो बच्चे, युवा और परिवार सभी के लिए हैं।
- प्रोफेशनल काइट फ्लायर्स के शो का आयोजन होगा जिसमें सिंक्रोनाइज़्ड और आर्टिस्टिक पतंगबाज़ी का प्रदर्शन किया जाएगा।
- इको-फ्रेंडली पतंग स्टॉल्स में बांस और कागज़ से बनी पतंगें देखने को मिलेंगी।
- लोक संगीत और फोक परफॉर्मेंस का आनंद भी उठाया जा सकता है।
- मेले में फूड स्टॉल्स भी होंगे, जहां सर्दियों के स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा जा सकेगा।
दिल्ली पतंग मेले में कैसे हों शामिल?
अगर आप पतंगबाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहते हैं तो ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। अपनी पतंग ला सकते हैं या वहीं से खरीद सकते हैं। फैमिली या ग्रुप के साथ सीधे ओपन ज़ोन में पतंग उड़ा सकते हैं। यहां बच्चों के लिए अलग से सेफ फ्लाइंग एरिया उपलब्ध हैं। ध्यान रखें मेटल या चाइनीज़ मांझे की अनुमति नहीं होती। सिर्फ सुरक्षित धागे इस्तेमाल किए जाते हैं।
कैसे पहुंचें बंसरेरा पार्क?
सराय काले खां या इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन बंसरेरा पार्क के सबसे करीब है। इसके अलावा बस या कैब से रिंग रोड और एनएच 24 से आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां पार्किंग की सुविधा सीमित है, इसलिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आना बेहतर विकल्प होगा।