Khao Gali Night Market Salimgarh Fort: दिल्ली की शामें सिर्फ रोशनी और ट्रैफिक की नहीं, बल्कि स्वाद और संस्कृति की भी हैं। दिल्ली के लाल किले के पास स्थित सलीमगढ़ किले के नजदीक खाओ गली नाइट मार्केट (Khao Gali Night Market) खुल रही है जो दिल्लीवालों और टूरिस्ट दोनों की पसंदीदा फूड डेस्टिनेशन बन जाएगी। यहां हर शाम खाने-पीने का ऐसा जश्न मनाया जाएगा, जहां देसी स्वाद और दिल्ली की नाइटलाइफ़ का शानदार संगम देखने को मिलेगा।सलीमगढ़ किला के पास की यह खाओ गली नाइट मार्केट न सिर्फ स्वाद का केंद्र बनेगी, बल्कि दिल्ली की पुरानी और नई संस्कृति के संगम की जीवंत मिसाल हो सकती है।
दिल्ली का खाओ गली नाइट मार्केट
यह जगह एमसीडी लोहे के पुराने पुल से ठीक पहले सलीमगढ़ किले के पास बनेगा। यहां अलग-अलग रंगों की 50 से अधिक फूड वैन और फूड ट्रक लगाए जाएंगे। लोग यहां अपने पसंदीदा स्ट्रीट फूड का मजा ले सकेंगे।
फूड गली शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। इस एक ही जगह पर आपको सभी तरह के मशहूर फूड्स का स्वाद चखने को मिलेगा। यहाँ आप पाव भाजी, मोमो, बर्गर, चाट-पकौड़ी और छोले भटूरे जैसे लोकप्रिय व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।
यहां फूड स्टॉल लगाने के लिए नाममात्र की फीस देनी होगी। निगम ने वेंडरों से आवेदन मांगे थे ताकि उन्हें फूड वैन लगाने की अनुमति दी जा सके। दिल्ली वाले दिनभर की थकान के बाद शाम में यहां स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे।
इस नई पहल से उम्मीद है कि दिल्ली की पहचान केवल ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित न रहकर खान-पान और नाइट लाइफ के लिए भी बनेगी। उद्घाटन के बाद यह खाओ गली जल्द ही दिल्ली के पर्यटन मानचित्र पर नई चमक जोड़ देगी।
लखनऊ की चटोरी गली और इंदौर की तर्ज पर दिल्ली में नाइट मार्केट बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। परिवार, दोस्तों और कपल्स के लिए यह नाइट आउटिंग की परफेक्ट जगह बनेगी।
कैसे पहुंचें मार्केट
अगर आप मेट्रो से यात्रा करना चाहते हैं तो यह स्थान लाल किला मेट्रो स्टेशन (येलो लाइन) से 10 मिनट की पैदल दूरी पर है। यहां से पास लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और दरियागंज है।