कई बार दिखने में सुंदर आम घर लाने के बाद बेस्वाद निकलते हैं या अंदर से कच्चे होते हैं। ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल आता है कि आखिर असली, रसदार और मीठे आम की पहचान कैसे करें। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप बिना काटे ही मीठे आम को पहचान सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे 5 ऐसे आसान तरीके, जिन्हें अपनाकर आप बाजार से हमेशा बेहतरीन और स्वादिष्ट आम ही घर लाएंगे।
मीठे और असली आम पहचानने के 5 आसान तरीके
रंग देखकर तुरंत फैसला न करें
बहुत से लोग सोचते हैं कि जितना ज्यादा पीला आम होगा, वह उतना मीठा होगा। लेकिन यह जरूरी नहीं है। कई आम कैमिकल से जल्दी पकाए जाते हैं, जिससे उनका रंग चमकदार पीला दिखने लगता है। असली और प्राकृतिक रूप से पके आम में हल्का हरा, पीला और नारंगी रंग मिला हुआ दिखाई देता है। बहुत ज्यादा चमकदार रंग वाले आमों से सावधान रहें।
खुशबू बताएगी आम कितना मीठा है
अगर आम खरीदते समय उसके डंठल के पास से मीठी और फ्रूटी खुशबू आए, तो समझ जाइए कि आम अंदर से भी स्वादिष्ट होगा। वहीं अगर किसी तरह की केमिकल जैसी गंध आए या कोई खुशबू न हो, तो वह आम अच्छी क्वालिटी का नहीं हो सकता।
हाथ से दबाकर करें टेस्ट
मीठा और पका आम हल्का नरम महसूस होता है। अगर आम पत्थर की तरह सख्त है, तो वह अभी कच्चा हो सकता है। वहीं बहुत ज्यादा दबा हुआ आम अंदर से खराब भी निकल सकता है। हल्का नरम और भारी महसूस होने वाला आम अक्सर रसदार और मीठा होता है।
छिलके पर काले धब्बों से न डरें
कई लोग छोटे-छोटे काले धब्बे देखकर आम खरीदना छोड़ देते हैं, लेकिन यही धब्बे कई बार संकेत होते हैं कि आम प्राकृतिक रूप से पका है और अंदर से मीठा हो सकता है। हालांकि बहुत ज्यादा बड़े काले निशान खराबी का संकेत भी हो सकते हैं, इसलिए संतुलन देखकर ही खरीदें।
वजन और आकार पर दें ध्यान
अच्छा आम अपने आकार के मुकाबले थोड़ा भारी महसूस होता है। हल्के वजन वाले आम कई बार सूखे या कम रस वाले होते हैं। अल्फांसो जैसे आम छोटे लेकिन भारी होते हैं, जबकि दशहरी लंबे और खुशबूदार माने जाते हैं। इसलिए सिर्फ आकार देखकर फैसला न करें।