Gardening Tips For Tulsi Plant Care in Summer : गर्मी का मौसम आते ही घर के बागीचे या गमले में लगे पौधे तेज धूप में झुलसने लगते हैं। चिलचिलाती गर्मी में पौधे सूख कर मुरझा जाते हैं। इनमें से एक पौधा तुलसी का भा होता है जो अधिकतर घरों में पाया जाता है। तुलसी ना केवल धार्मिक दृष्टिकोण से पवित्र मानी जाती है, बल्कि यह स्वास्थ्यवर्धक गुणों से भी भरपूर है। लेकिन तेज धूप, पानी की कमी और मिट्टी की नमी खत्म होने से तुलसी का पौधा सूखने लगता है। अगर आप कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाएं, तो तुलसी का पौधा गर्मी में भी हरा-भरा और खुशबूदार बना रहेगा। इस लेख में एक ऐसा तरीका बताया जा रहा है, जिसे महीने में दो बार अपनाकर आप तुलसी के पौधे को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचा सकते हैं।
गर्मी में तुलसी को राहत देने के लिए ठंडी खाद तैयार की जा सकती है। इसके लिए किसी महंगी चीजों की जरूरत नहीं घर पर नेचुरल, पोषक तत्वों से भरपूर खाद तैयार करें। गर्मियों में तुलसी के पौधे को सूखने से बचाने के लिए तीन घरेलू उत्पादों से खाद बना सकते हैं।
घर पर कैसे बनाएं गर्मियों के लिए ठंडी नेचुरल खाद
ठंडी खाद बनाने के लिए दो से तीन बड़े चम्मच एलोवेरा जेल, एक कप ताजा छाछ और आधा चम्मच हल्दी पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही एक लीटर पानी रखें।
खाद बनाने की विधि
ठंडी खाद बनाने के लिए एलोवेरा की पत्ती लेकर उसे बीच से काटें और जेल निकाल लें। दो चम्मच जेल काफी रहेगा। अब इसमें छाछ मिलाकर लें। आधा चम्मच हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह से तीनों को मिला लें। इस मिश्रण में एक लीटर पानी मिलाएं और एक बाल्टी में भरकर ढक दें।
कैसे करें खाद का इस्तेमाल
इस प्राकृतिक खाद को हर 15 दिन में एक बार तुलसी के पौधे की जड़ में डालें। ध्यान रखें कि शाम के समय ही खाद वाला पानी पौधे में डालें। इससे लंबे समय तक पानी पौधे की जड़ों और मिट्टी में रह सकता है।