शादियों का सीजन दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। ऐसे में दुल्हन व दूल्हे की शॉपिंग का यह बिल्कुल सही समय है। जहां इन दिनों मार्केट में बेहतरीन ब्राइडल और ग्रूम कलेक्शन मौजूद है वहीं फेस्टीव सीजन की वजह से कई जगहों पर आपको सेल भी मिलेगी।
तो अगर आप भी शादी के सामानों की खरीदारी की अपनी लिस्ट तैयार कर चुके हैं तो हम आपको उन शहरों की जानकारी दे रहे हैं जहां शॉपिंग न सिर्फ आपकी रुचि व पसंद के हिसाब से होगी बल्कि आपका बजट भी बिगड़ेगा नहीं।
बार्गेनिंग कैपिटल दिल्ली
शादी की खरीदारी करते वक्त अगर आप किसी अच्छी बार्गेन (मोल-भाव) डील की तलाश में हैं तो दिल्ली आपके लिए परफेक्ट जगह है। ब्राइडल लहंगे, ड्रेस मटेरियल, ट्रैडिशनल ज्वेलरी के लिए दिल्ली में चांदनी चौक और लाजपत नगर अच्छे ऑप्शन्स हैं। वहीं दूल्हे की शेरवानी के लिए चांदनी चौक के अलावा करोलबाग में काफी वेरायटी उपलब्ध है। फुटवेयर्स के लिए करोलबाग अच्छा विक्लप है।
जहां ब्रांडेड स्टोर्स के लिए कनॉट प्लेस और साउथ एक्सटेंशन में बेहतरीन ऑपशन्स हैं वहीं बार्गेनिंग के लिए जनपथ, लाजपत नगर, सरोजनी नगर जैसी मार्केट हर फैशनपरस्त की पहली पसंद होगी।
फैशन कैपिटल मुंबई
मुंबई को अगर देश की फैशन कैपिटल कहें तो गलत न होगा। ऐसे में शादी के लिए शॉपिंग करते वक्त इस शहर को कैसे भूल सकते हैं। यहां दादर और गांधी मार्केट में जहां ड्रेस मटेरियल, साड़ी, लहंगे, आर्टिफिशियल ज्वेलरी के ढेर सारे विकल्प हैं वहीं फीनिक्स मॉल या फीनिक्स मार्केट सिटी के डिजाइनर बुटीक आपको जरूर भाएंगे।
कोल्हापुरी चप्पलों और पारंपरिक एसेसरीज के लिए आप कोलाबा और बांद्रा के बाजार देख सकते हैं। यहां के बाजार शादी की तैयारी के दौरान आपकी सभी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं, वह भी आपके मनचाहे बजट में।
ज्वेलरी के लिए जयपुर
वैसे तो राजस्थानी संस्कृति अपनेआप में इतनी समृद्ध है कि इससे जुड़ी किसी भी एसेसरीज या ड्रेसिंग को आप अपनी ब्राइडल या ग्रूमिंग ड्रेसिंग में ढाल सकते हैं लेकिन यहां के गहनों की बात ही कुछ और है। पारंपरिक दुल्हन के लिए जयपुर में जहां गहनों के अनेक विकल्प हैं वहीं यहां खरीदारी करना भी बेहद आसान है।
जयपुर में जेम पैलेस और जोहरी बाजार गहनों की खरीदारी के लिए बेहतरीन ठिकाने हैं। सोने, चांदी और जेम स्टोन्स के गहनें यहां की विशेषता हैं। शादी के मौके पर दुल्हन को रिच लुक देना है तो गहनों की जो डिजाइन्स और गुणवत्ता आपको जयपुर में मिलेगी वह देश के किसी दूसरे हिस्से में मिलनी मुश्किल है।
इसके अलावा, यहां की एम.आई. रोड पर मिलने वाली ऑक्सिडाइज्ड चांदी की ज्वेलरी भी यहां की खास विशेषता है जो न सिर्फ पारंपरिक पोशाकों पर फबती है बल्कि वेस्टर्न ड्रेस पर भी इसका अलग ही लुक होता है।
घाघरे-चोली के लिए मशहूर अहमदाबाद
गुजराती घाघरा-चोली और पारंपरिक गहनों की खरीदारी करनी है तो अहमदाबाद भी एक अच्छा विकल्प है। यहां का लॉ गार्डेन न सिर्फ ट्रैडिशनल हैंडक्राफ्ट्स के लिए प्रसिद्ध है बल्कि पारंपरिक पोशाकों की शॉपिंग के लिए भी शानदार जगह है। साथ ही, यहां के ट्रैडिशनल सामान आप मेहमानों को रिटर्न गिफ्ट देने के लिए भी ले सकते हैं।
अहमदाबाद बाद की तीन दरवाजा बाजार में कॉटेन की बेहतरीन पोशाकें मिल सकती हैं और यहां बार्गेन भी खूब होती है। इसके अलावा, यह गुजराती ज्वेलरी का भी बड़ा हब है।
सिल्क की साड़ियों के लिए चेन्नई
भले ही चेन्नई को एक शॉपिंग स्थल के रूप में कम ही लोग देखते होंगे लेकिन शादी में सिल्क की साड़ियां लेनी हों तो चेन्नई से अच्छा ऑप्शन मिलना मुश्किल है। यहां कि कांजिवरम सिल्क की साड़ियों के बिना आपकी साड़ियों का कलेक्शन अधूरा ही कहलाएगा। या शॉपिंग के दौरान यह जरूर ध्यान रखें कि सिल्क के नाम पर आप ठग न लिए जाएं।
चेन्नई में सिल्क की साड़ियां लेते वक्त यह जरूर ध्यान दें कि उनपर सेंट्रल सिल्क बोर्ड ऑफ इंडिया का टैग है या नहीं क्योंकि यह सिल्क की गुणवत्ता को प्रमाणित करता है।
सिल्क की साड़ियों की शॉपिंग के लिए सारंगी, नल्ली, पोथी जैसे स्टोर्स जाने जाते हैं जिनकी चेन अब सिर्फ चेन्नई ही नहीं बल्कि दूसरे शहरों में भी उपलब्ध हैं।