Workplace Harassment: कई बार जिंदगी में ऐसे पल आते हैं, जब सामने वाले की हरकत आपको भीतर तक असहज कर देती है। खासकर कार्यस्थल पर जब कोई वरिष्ठ अधिकारी अपनी मर्यादा भूलकर व्यक्तिगत सीमाओं का उल्लंघन करने लगे, तो स्थिति और मुश्किल हो जाती है। नौकरी, करियर और सामाजिक छवि की चिंता में महिलाएं अक्सर अपनी परेशानी जाहिर नहीं कर पातीं।
लेकिन याद रखिए, किसी का पद, उम्र या ओहदा उसे आपकी निजी सीमाएं तोड़ने का अधिकार नहीं देता। आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हर बार शोर मचाना जरूरी नहीं, लेकिन अपनी असहमति स्पष्ट करना बेहद जरूरी है। आइए जानें, ऐसी परिस्थितियों में कैसे रखें अपनी बात और कैसे बनाएं अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता।
असहजता को पहचानें, तुरंत जताएं अपनी सीमा
हर घटना पर तुरंत विवाद करना जरूरी नहीं है। कई बार पहली बार में ही अपनी असहजता जताना और अपनी सीमा का संकेत देना पर्याप्त होता है। किसी से असहज होने पर थोड़ा पीछे हटना, हाथ अलग कर लेना या स्पष्ट कहना- “कृपया थोड़ी दूरी बनाए रखें” सामने वाले को अपनी गलती समझने का मौका देता है। यदि वह अपना व्यवहार सुधार ले, तो बात वहीं खत्म करें। लेकिन यदि कोई बार-बार मना करने के बावजूद सीमा लांघे, तो चुप न रहें। दृढ़ता से कहें- “मुझे यह व्यवहार पसंद नहीं है, दोबारा ऐसा न करें।”
हर स्पर्श को सामान्य समझने की भूल न करें
कार्यस्थल पर साथ काम करते हुए कभी-कभार अनजाने में स्पर्श हो जाना स्वाभाविक है। मगर हर स्पर्श को गलत समझ लेना भी उचित नहीं है। मगर किसी का कंधे पर बार-बार हाथ रखना, हाथ पकड़ने का बहाना बनाना, जरूरत से ज्यादा करीब आना या जानबूझकर शरीर से छूने की कोशिश करना सामान्य व्यवहार नहीं है। आपको अपने भीतर की असहजता को पहचानना चाहिए। सबसे जरूरी बात आपका मन अगर किसी व्यवहार को लेकर सावधान कर रहा है, तो उसे कभी अनदेखा न करें।
वरिष्ठ अधिकारी के सामने भी न खोएं आत्मविश्वास
हम महिलाओं की मुश्किल तब और बढ़ जाती है, जब सामने वाला कोई वरिष्ठ अधिकारी हो। नौकरी और भविष्य की चिंता में महिला अक्सर असहज होने के बावजूद चुप रह जाती है। लेकिन किसी का पद उसे व्यक्तिगत सीमाएं लांघने का अधिकार नहीं देता।
ऐसी स्थिति में अकेले मिलने से बचें, बातचीत खुली जगह पर करें और जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद सहकर्मी या वरिष्ठ महिला अधिकारी को बताएं। अपनी असहमति जताना बदतमीजी नहीं, आत्मसम्मान है। याद रखें, महिला के शरीर पर केवल उसका अधिकार है। सहमति के बिना किसी को छूने का हक नहीं। ‘डोंट टच मी’ कहना अपनी गरिमा और अधिकारों की स्पष्ट आवाज है।
ऐसे तैयार करें अपनी सुरक्षा और आत्मविश्वास की ढाल
- घटनाओं का रिकॉर्ड रखें : तारीख, समय, स्थान और घटना का विवरण लिखें। संबंधित संदेश, ईमेल या अन्य सबूत सुरक्षित रखें।
- स्पष्ट शब्दों में विरोध करें : कहें, 'मुझे आपका यह व्यवहार स्वीकार नहीं है। कृपया दोबारा ऐसा न करें।'
- भरोसेमंद लोगों को बताएं : किसी सहकर्मी, महिला अधिकारी या परिवार के विश्वसनीय सदस्य को स्थिति से अवगत कराएं।
- शिकायत करने का अधिकार जानें : कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की स्थिति में आंतरिक शिकायत समिति (ICC) से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता भी लें।