लेकिन क्या आपने सोचा है कि कहीं आपकी अनजानी बातें और व्यवहार ही उनके झगड़ों की वजह तो नहीं बन रहे? विशेषज्ञ इस तकरार को सिबलिंग राइवलरी यानी भाई-बहनों के बीच प्रतिस्पर्धा कहते हैं। मगर सबसे अच्छी बात है कि आप अपनी परवरिश के तरीके में कुछ बदलाव करके बच्चों के रिश्ते में प्यार और अपनापन बढ़ा सकती हैं।
तुलना नहीं, खूबियों को दें पहचान
"देखो, तुम्हारा छोटा भाई कितना मन लगाकर पढ़ता है!" यह एक ऐसा वाक्य है, जो आप अक्सर बोल देती हैं। लेकिन न्यूरो-साइंस के अनुसार, जब बच्चों के सामने उनकी तुलना की जाती है, तो उनके दिमाग में अस्वीकार्यता का डर पैदा होता है। इससे उनके शरीर में कॉर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) का स्तर बढ़ता है और आपसी कड़वाहट बढ़ती है। इसलिए तुलना करने के बजाय एक संतुलित लहजे मे बच्चे को पढ़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि दोनों खुद को समान रूप से खास महसूस करें।
अंपायर नहीं, इमोशनल कोच बनें
जब बच्चे लड़ते हैं, तो लगभग हर माता-पिता तुरंत फैसला सुना देते हैं कि ‘तुम सही हो’ और ‘तुम गलत।’ विशेषज्ञ इसे ‘अंपायरिंग पेरेंटिंग’ कहते हैं और इसकी जगह इमोशनल कोचिंग अपनाने को कहते हैं यानी बच्चों को समस्या सुलझाने का मौका देना। आप उनसे पूछें कि “तुम मिलकर इसका क्या हल निकाल सकते हो?” इससे आपसी समझ व सहयोग बढ़ता है और मनमुटाव कम होता है।
उनसे लें बायो-फीडबैक
हर माता-पिता को लगता है कि वे दोनों बच्चों को बराबर प्यार करते हैं। मगर बच्चे इसे अलग तरह से महसूस करते हैं। ऐसे में पेरेंटिंग एम्पेथी एप्स और डिजिटल जर्नल की मदद लें। इससे आप अपना व्यवहार ट्रैक कर सकती हैं। विशेषज्ञ भी कहते हैं कि आप दिन भर में दोनों बच्चों के साथ बिताए समय को ट्रैक करें और जरूरत अनुसार बदलाव करें। जब आप दोनों बच्चों को रोजाना 10-15 मिनट का खास समय देंगी, तो उनके मन से असुरक्षा की भावना खुद खत्म हो जाएगी है।
झगड़ों को बदलें टीमवर्क के खेल में
बच्चों के बीच होने वाले झगड़ों को कम करने के लिए आजकल गेमिफाइड कोऑपरेशन का तरीका काफी अपनाया जा रहा है। यह तरीका कहता है, जब भी बच्चे मिलकर कोई काम करें या एक-दूसरे की मदद करें, तो आप उन्हें ‘कोऑपरेशन पॉइंट्स’ दें। सप्ताह के अंत में इन पॉइंट्स के बदले उन्हें कोई छोटा-सा गिफ्ट दें। इससे उनमें सहयोग और आपसी जुड़ाव की भावना बढ़ेगी। वहीं, बड़े बच्चे पर हमेशा समझदारी दिखाने का दबाव न डालें और छोटे की गलतियों को भी नजरअंदाज न करें। इससे बच्चों के बीच मनमुटाव बढ़ता है।
ऐसे तैयार करें बराबरी और अपनापन का माहौल
बच्चों को बराबर प्यार देना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है कि वे इसे महसूस भी करें। इसके लिए घर में कुछ छोटी-छोटी आदतें विकसित करें, जैसे-
- रोजाना दोनों बच्चों के साथ 10-15 मिनट अकेले बिताएं। इस दौरान मोबाइल दूर रखें और उनकी पसंद की बातें करें।
- खिलौने समेटने, पौधों में पानी डालने या मेज सजाने जैसे छोटे काम दोनों को मिलकर करने दें।
- कभी बच्चे से पूछें कि क्या उसे लगता है कि आप दूसरे भाई-बहन को ज्यादा समय या प्यार देते हैं। उसकी बात बिना टोके सुनें।
- पढ़ाई, खेल और मनोरंजन में दोनों की पसंद और जरूरतों का ध्यान रखें।
विशेषज्ञ की राय : आपसी सम्मान करना सिखाएं
बाल मनोवैज्ञानिक गार्गी मालगुड़ी बताती हैं कि आप अपने बच्चों को बचपन से ही आपसी सम्मान, शेयरिंग और केयरिंग की सीख दें। साथ ही, उन्हें अपनी भावनाओं को समझना और मुश्किल परिस्थितियों का धैर्य से सामना करना सिखाएं। जब बच्चे एक-दूसरे की भावनाओं को समझेंगे और माता-पिता से समान प्यार पाएंगे, तो उनके बीच झगड़े और मनमुटाव खुद-ब-खुद कम होने लगेंगे।