आपका पहला दोस्त घर पर ही मिल जाता है। अगर आपका कोई भाई या बहन है तो वही आपका पहला दोस्त होता है। जीवन में कितने भी दोस्त आए या जाएं, लेकिन भाई-बहन की दोस्ती परमानेंट होती है। दोस्ती का यह खूबसूरत रिश्ता जब भाई बहन के बीच बनता है तो उसमें मस्ती, विश्वास, सुरक्षा और बेझिझक अपनापन कुछ अलग ही लेवल पर होता है। रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने और गिफ्ट देने का त्योहार नहीं है, यह उस अनमोल रिश्ते का जश्न है जिसमें एक बहन सिर्फ बहन नहीं, एक सच्ची दोस्त भी होती है। अगर आपका भाई या बहन आपकी सबसे अच्छी दोस्त है, तो यकीन मानिए आप किस्मत वाले हैं।
बिना बोले समझ जाने वाली दोस्ती
भाई या बहन आपके चेहरे के हाव-भाव से समझ जाते हैं कि आप खुश हैं या परेशान। वो बिना पूछे आपके दिल की बात पढ़ लेते हैं और यही बात इस रिश्ते को सबसे अलग बनाती है।
सबसे ज्यादा लड़ाई, फिर भी सबसे ज्यादा प्यार
कभी रिमोट को लेकर झगड़ा, कभी फोन चार्जर पर बहस लेकिन जब कोई और कुछ कह दे, तो सबसे पहले वही भाई-बहन एक दूसरे के लिए खड़े हो जाते हैं।
आपका राजदार
आपका पहला क्रश, आपकी सबसे बड़ी गड़बड़, सब कुछ भाई या बहन को पता होती है। और मज़े की बात कि वो कभी किसी को बताते नहीं, बस चिढ़ाकर आपको परेशान जरूर करते हैं। आपके आपके सबसे बड़े हमराज होते हैं।
आपको हमेशा संभाले
भले ही वो कितनी मुश्किल या परेशानी में क्यों न हो, लेकिन जब आपकी जिंदगी में मुश्किलें आती हैं और आप हार मानने लगते हैं तो आपका भाई या बहन आपकी ताकत बनते हैं। वो आपकी हिम्मत बनते हैं और कहते हैं, 'तुम कर सकते हो।', 'मैं तेरे साथ हूं।'
बिना शर्त प्यार, जो उम्रभर साथ रहे
दोस्तों के रिश्ते समय और हालातों से बदल सकते हैं, लेकिन भाई-बहन की दोस्ती खून, यादों और बचपन की जड़ों से जुड़ी होती है। ये बिना किसी शर्त या बिना विचार किए होती है। ये दोस्ती जीवनभर रहती है, जिसमें प्यार और फिक्र उम्रभर बना रहता है।