मां खूबसूरत शब्द, खूबसूरत लफ्ज और खूबसूरत एहसास। मां से ही होती है हमारी सुबह और रात। वो नहीं दिखती है तो ऐसा लगता है कि, जैसे हमारी किताब का एक पन्ना अधूरा रह गया है। मां से ही हमारी दुनिया है... हमारी सांसे हैं। यह नहीं तो हमारा कोई वजूद नहीं। इस दुनिया में लाने वाली वो, हमें इस दुनिया के बारे में समझाने वाली वो। हमारा अच्छा बुरा समझाने वाली वो। इसलिए ही तो भगवान ने हमारे लिए बनाई है मां। वो हमें डांटती है तो प्यार से मनाती है। बीमार हो जाएं तो हमें गोद में सुलाती है। पापा की डांट से बचाती है। पूरे दिन में ना जाने हम कितनी बार अपनी जुबान पर उनका नाम लाते हैं क्योंकि मां होती ही ऐसी है। एक बार उन्हें याद कर लो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है।
ऐसी ही थी मेरी मां... हर चीज के लिए सपोर्ट करती थी। हमेशा एक ही बात कहती थी, तुमसे से ही हमारा वजूद है। हमारा सर कभी झुकने मत देना। अपने पापा का सहारा हो तुम। बेटे की तरह पाला है मेरी मां ने मुझे। लेकिन आज वो मेरे साथ नहीं है। साथ है तो बस उनकी याद, और उनका एहसास। जो कभी-कभी मुझे रुला भी देता है। कोशिश यही रहती है कि ना रोया जाए क्योंकि हम रोते हैं तो उन्हें भी दर्द होगा। लेकिन वो एक दिन के लिए नहीं हमेशा-हमेशा के लिए हमसे दूर चली गई है। जहां से वो अब कभी वापस नहीं आएगी। जिसका दर्द हमारे दिल में हमेशा रहेगा। जब वो थी तो उन्हें कभी नहीं कह पाई, तो आज अपने लफ्ज इस पन्ने पर उतार रही हूं।
मम्मी आप बहुत अच्छी थीं। आप डांटती थीं लेकिन मेरे साथ थीं। याद है मुझे वो दिन जब आप अस्पताल के बेड पर थीं, और एक ही बात कह रही थीं, तू क्यों आई ऐसे नौकरी छोड़कर सब है ना तू जा। लेकिन आप जब वहां थीं तो मैं कैसे जाती। आपने ही बोला था ना कि मुझे छोड़कर मत जाना। आप ही चली गईं हमें छोड़कर हम यहां अकेले रह गए। वो आखिरी बार आपके हाथ पकड़ने का स्पर्श आज भी मैं महसूस करती हूं। अब कोई नहीं है, जो बालकनी में खड़े होकर हमारा वेट करे की हम कब आएंगे। हक से बोले मेरी बेटी नौकरी कर रही है, मुझे साड़ी दिलाएगी ना।
दिल हमेशा आपको याद करके रोता है। आज हर कोई मदर्स डे मना रहा है। हम भी मना रहे हैं लेकिन आपके बिना। चाहती थी जब मेरी पहली सैलेरी आए तो आपको दूं। मगर उससे पहले ही आप मुझसे दूर चली गईं। ऐसा लग रहा है कि जिंदगी ने बहुत बड़ा मजाक कर दिया हमारे साथ। ज्यादा नहीं अब बस एक ही बात बोलूंगी। मम्मी आपके बच्चे आपको बहुत याद करते हैं।
आई लव यू मेरी मदर इंडिया...