International Friendship Day 2024: अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस जुलाई माह में मनाया जाता है। यह दिवस दोस्ती के महत्व को मान्यता देने और लोगों, देशों और संस्कृतियों के बीच शांति, एकता और आपसी समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। मित्रता एक ऐसा बंधन है जो व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर सामाजिक संबंधों को मजबूत करता है, और इसी कारण इसे विश्व स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया।
दोस्त आपको प्रोत्साहित करते हैं। गलत और सही का अंतर बताते हैं। दोस्त आपके मानसिक और सामाजिक विकास में सहायक होते हैं। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस याद दिलाता है कि मित्रता मानव जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दोस्तों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और नए मित्र बनाने के लिए यह एक उपयुक्त समय है। इस दिन को मनाकर, हम न केवल अपनी व्यक्तिगत मित्रता को मजबूत करते हैं, बल्कि एक अधिक समझदार और सहिष्णु समाज के निर्माण में भी योगदान देते हैं।
आइए जानते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस कब मनाते हैं और इस दिन को मनाने की शुरुआत कैसे हुई।
अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस कब मनाते हैं?
अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस 30 जुलाई को मनाया जाता है। विभिन्न देशों में मित्रता दिवस अलग-अलग तारीखों पर मनाई जाती है। भारत, बांग्लादेश समेत मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका जैसे देश हर साल अगस्त महीने के पहले रविवार को विश्व मित्रता दिवस मनाते हैं। जबकि कई अन्य देश 30 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय दोस्ती दिवस के तौर पर मनाते हैं।
दोस्ती दिवस का इतिहास
इस दिन को मनाने का विचार पहली बार 20वीं सदी की शुरुआत में आया। सबसे पहले यह 1958 में विश्व मैत्री धर्मयुद्ध में प्रस्तावित किया गया। यह एक अंतर्राष्ट्रीय नागरिक संगठन है। हालांकि आधिकारिक तौर पर साल 2011 में संयुक्त राष्ट्र संघ की एक आम सभा ने अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस मनाने की शुरुआत हुई।