इंटरव्यू में सिर्फ अच्छे कपड़े पहन लेना या रिज़्यूमे साथ ले जाना काफी नहीं होता। वहां आपका व्यवहार, सोचने का तरीका और छोटे-छोटे जवाब भी बड़ी छाप छोड़ते हैं। यदि आप चाहते हैं कि इंटरव्यूवर आपसे मिलते ही प्रभावित हो जाए तो कुछ आदतों को अपनाना शुरू कर दीजिए ताकि इंटरव्यू के लिए जब जाएं तो आपके व्यवहार और विचार को देख इंटरव्यूवर इंप्रेस हो जाएं।
समय से पहुंचना
समय का पाबंद होना आपकी प्रोफेशनल अप्रोच को दर्शाता है। आप नौकरी और काम के प्रति कितना गंभीर हैं, ये जाहिर करने का एक तरीका होता है। इसलिए इंटरव्यू वाले दिन 10-15 मिनट पहले स्थल पर पहुंचें।
आत्मविश्वास से भरी बॉडी लैंग्वेज
आप कितने कॉन्फिडेंट हैं, ये इंटरव्यूवर को दिखाना जरूरी है। अतिआत्मविश्वास नहीं लेकिन आपके बैठने का तरीके, हाथ मिलाने, आंखों में आंखें डालकर बात करने के तरीके से इंटरव्यूवर आपके कॉन्फिडेंस को समझ पाता है। ये सब आपकी पर्सनालिटी को हाईलाइट करते हैं।
कंपनी की रिसर्च करना
आप जिस कंपनी में इंटरव्यू के लिए जा रहे हैं, उस कंपनी, उसके मालिक, वहां की कार्यशैली से संबंधित सभी बेसिक जानकारी आपको पहले से जान लेनी चाहिए। इंटरव्यू से पहले कंपनी के बारे में बेसिक जानकारी रखना आपको स्मार्ट कैंडिडेट बनाता है।
स्पष्ट और सकारात्मक उत्तर देना
आपके जवाब देने के तरीके से इंटरव्यूवर ये समझ पाते हैं कि आप कितने सकारात्मक हैं। इंटरव्यू के दौरान जवाब देते समय बात को घुमा-फिरा कर न कहें। जो पूछा गया है, उसी से जुड़ा पॉइंट टू पॉइंट जवाब दें।
धन्यवाद कहना न भूलें
इंटरव्यूवर को इम्प्रेस करने के लिए उनके साथ एक अच्छा संवाद बनाना जरूरी है। साथ ही आप उन्हे अपनी प्रोफेशनल एटीट्यूड भी दर्शाएं। इंटरव्यू कैसा भी हुआ हो, इंटरव्यू के अंत में मुस्कराते हुए "Thank you for your time" कहना एक प्रोफेशनल आदत है।