आज बच्चों में बढ़ती आक्रामकता और छोटी-छोटी बातों पर आपा खोने की घटनाएं हमें सोचने पर मजबूर करती हैं कि कहीं हम उनकी परवरिश में जीवन के जरूरी पाठ सिखाना तो नहीं भूल रहे? ऐसे में इस बाल दिवस पर हमें उनको सिर्फ उपहार देकर जिम्मेदारी पूरी नहीं करनी होगी, बल्कि जीवन के पाठ भी पढ़ाने होंगे।
- संस्कार थोपें नहीं, व्यवहार में उतारें
माता-पिता अगर घर में एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, बड़ों से विनम्रता से बात करते हैं और बेझिझक दूसरों की मदद करते हैं, तो बच्चे भी इन्हीं आदतों को अपना लेते हैं। विशेषज्ञों का भी कहना है कि बच्चों को ईमानदारी, अनुशासन, दूसरों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का महत्व शब्दों के बजाय अपने आचरण से समझाना चाहिए।
बच्चों को सिर्फ पढ़ाई और भविष्य को संवारने की सीख देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें दूसरों का दर्द समझना भी सिखाना जरूरी है। यह सीख आप उन्हें, पक्षियों के लिए पानी रखने, पौधे लगाने या जरूरतमंद बच्चों के साथ अपनी चीजें साझा करने जैसे व्यवहार से दें। यह छोटी गतिविधियां बच्चों में करुणा और सहयोग की भावना विकसित करती हैं।
- अपनी जिम्मेदारियां खुद निभाएं
अपने बच्चों को आप हर छोटी-बड़ी चीज के लिए खुद पर निर्भर करने ही आदत न डालें। उनकी उम्र के अनुसार उन्हें अपनी किताबें व्यवस्थित करना, खिलौने समेटना, स्कूल बैग तैयार करना और छोटे घरेलू काम करना सिखाएं। जब बच्चे अपनी जिम्मेदारियां खुद निभाते हैं, तो उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ती है। साथ ही उन्हें यह भी समझ आता है कि परिवार और समाज में हर व्यक्ति की कुछ जिम्मेदारियां होती हैं, जिसे उसे निभाना चाहिए।
- कैसे विकसित करें गुस्से पर काबू पाने की आदत?
बच्चों को गुस्सा न करने की नसीहत देना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें गुस्से को संभालने का तरीका भी सिखाना होगा। जब बच्चा नाराज हो, तो उसकी बात को अनसुना करने या तुरंत डांटने के बजाय उसकी भावनाओं को समझें। उसे सिखाएं कि गुस्सा आने पर कुछ देर रुकें, गहरी सांस लें, पानी पीएं और शांत होने के बाद अपनी बात कहें। घर में एक नियम बनाएं कि किसी भी विवाद में मारपीट, अपशब्द या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं होगा। इसके साथ बच्चों को अपनी गलती स्वीकारने, सच बोलने और जरूरत पड़ने पर माफी मांगने के लिए प्रेरित करें। उन्हें समझाएं कि बहादुरी किसी को हराने में नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने में है।
विशेषज्ञ की राय : बनाना है बेहतर इंसान
बाल मनोवैज्ञानिक गार्गी मालगुड़ी बताती हैं कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महंगे उपहार और सुख-सुविधाएं ही पर्याप्त नहीं हैं। उन्हें अच्छे संस्कार, सकारात्मक मार्गदर्शन, समय और भावनात्मक सुरक्षा देना भी आवश्यक है। माता-पिता बच्चों को प्रेम के साथ अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का महत्व समझाएं। उन्हें परिवार और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराएं। याद रखें, अच्छी शिक्षा के साथ ही जरूरी है अच्छे संस्कारों से उन्हें एक बेहतर इन्सान बनाना।