How to Remove Stains from Sofa : होली का त्योहार रंगों की मस्ती के बिना अधूरा है, लेकिन अक्सर सोफा, कुर्सी और अन्य फर्नीचर पर रंग लग जाता है, जिससे दाग पड़ सकते हैं। यदि सही तरीके से सफाई न की जाए तो फर्नीचर की सुंदरता खराब हो सकती है। यहां कुछ आसान और प्रभावी तरीके दिए गए हैं, जिनसे आप बिना नुकसान पहुंचाए सोफा और कुर्सी से रंग हटा सकते हैं।
सूखे रंग को हटाने का तरीका
अगर फर्नीचर पर सूखा रंग या गुलाल गिर जाए तो उसे साफ करने के लिए सबसे पहले ब्रश या वैक्यूम क्लीनर से हल्के हाथों से साफ करें। जोर-जोर से रगड़ने से रंग फाइबर में और गहराई तक रंग बैठ सकता है, इसलिए धीरे-धीरे साफ करें।
गीला रंग कैसे साफ करें
कुर्सी या सोफे पर पड़े गीले रंग को साफ करने के लिए तुरंत टिशू पेपर या सूखे कपड़े से रंग को सोख लें। गीले दाग को फैलाने से बचें बल्कि हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त रंग हटा लें।
रंग छुड़ाने का तरीका
एक कप पानी में दो चम्मच सफेद सिरका और एक चम्मच बेकिंग सोड़ा मिलाकर दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर एक साफ कपड़े से पोंछ लें। ध्यान रखें कि पहले इसे सोफे के किसी कोने पर लगाकर टेस्ट करें, ताकि ये पता चल पाए कि काउच या सोफे का रंग इससे फीका तो नहीं पड़ेगा।
डिटर्जेंट और गुनगुना पानी
एक कप गुनगुने पानी में माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं। इसमें एक साफ स्पंज डुबोकर हल्के हाथों से दाग वाली जगह पर लगाएं। इसके बाद सूखे कपड़े से साफ कर दें।
लकड़ी के फर्नीचर से रंग कैसे छुड़ाएं
लकड़ी के फर्नीचर पर रंग लगने पर हल्के गीले कपड़े से पोंछें। फिर जैतून का तेल या नारियल तेल लगाकर मुलायम कपड़े से पॉलिश करें, इससे दाग जल्दी छूट जाएगा। बहुत जिद्दी दाग हो तो हल्का साबुन और पानी का घोल इस्तेमाल करें।