New Year Celebration Ideas For Couple: नए साल का पहला दिन लोग बहुत यादगार तरीके से मनाना चाहते हैं। खासकर कपल्स के बीच नए साल का जश्न बहुत महत्व रखता है। साल की शुरुआत होते ही सोशल मीडिया पर महंगे होटल, गोवा ट्रिप और फाइव-स्टार डिनर की चमक फैल जाती है। लेकिन जहां प्यार हो, वहां दिखावे या खर्च की जरूरत नहीं। असली जश्न वो होता है, जहां दो लोग साथ बैठकर समय को महसूस करें। नया साल कपल्स के लिए रिश्ते का सेट बटन होता है, जहां बीते झगड़े पीछे छूटते हैं और साथ चलने का वादा आगे बढ़ता है और इसके लिए हजारों रुपये खर्च करना जरूरी नहीं। अगर आप अपने पार्टनर के साथ नए साल का जश्न मनाना चाहते हैं, वो भी बिना बहुत अधिक पैसा खर्च किए तो यहां सेलिब्रेशन के कुछ बेहतरीन आइडियाज दिए जा रहे हैं।
घर पर कैंडल-लाइट न्यू ईयर डिनर
रेस्तरां की भीड़ और महंगे खाने से बेहतर घर की शांति है।घर पर ही हल्का-फुल्का खाना बनाएं, कुछ मोमबत्तियां जलाएं, पुराने गानों की प्लेलिस्ट लगाएं और मोबाइल को साइलेंट कर दें। सेलिब्रेशन का यह सस्ता भी है और निजी भी। याद रखें, प्यार की खुशबू महंगे परफ्यूम से नहीं आती।
साल का रिव्यू और सपनों की लिस्ट
नए साल की रात सिर्फ पार्टी के लिए नहीं, सच बोलने के लिए भी होती है। एक डायरी या कागज लें। बीते साल की अच्छी-बुरी बातें लिखें, रिश्ते में क्या बदला और क्या बेहतर हो सकता है। अपने दिल की बात कागज पर उतारें और एक दूसरे से साझा करें। ये एक मजेदार टास्क की तरह हो सकता है, जो नए साल को यादगार और कपल को एक दूसरे के और करीब ले आएगा।
छत पर न्यू ईयर वॉच पार्टी
अगर आसमान साफ है, तो छत से बेहतर जगह कोई नहीं। चाय या कॉफी के साथ चंद्रमा, ठंडी हवा और दूर-दूर से आती आतिशबाजी को देखें। यह अनुभव किसी क्लब से कम नहीं होगा। इस रोमांटिक स्काई व्यू नाइट के लिए आपको पैसे नहीं, भावनाओं की इंवेसमेंट करनी होगी।
पुराने एल्बम और यादों की रात
फोन की गैलरी खोलें। पुराने फोटो देखें, पहली मुलाकात से लेकर अब तक का सफर याद करें। हंसी, शर्म और थोड़ी नमी ये सब रिश्ते की असली पूंजी है। इस तरह के सेलिब्रेशन में खर्च कम होगा लेकिन असर ज्यादा रहेगा।
मिडनाइट वॉक या लॉन्ग ड्राइव
अगर इलाका सुरक्षित है, तो आधी रात सैर पर निकलें। आसपास कहीं लाॅन्ग ड्राइव पर भी जा सकते हैं। वाॅक या लाॅन्ग ड्राइव रोमांटिक और कम खर्चीला तरीका है नया साल मनाने का।
एक-दूसरे के लिए हैंडमेड गिफ्ट
महंगे गिफ्ट इम्प्रेस तो कर सकते हैं लेकिन दिल को नहीं छूते। लेकिन अपने हाथों से पार्टनर के लिए लिखा एक खत, कोई कविता, भविष्य के लिए वादा या तस्वीरों का कोलाज पार्टनर के दिल को भी छूता है और प्यार भी बढ़ाता है। हाथ से बना गिफ्ट हमेशा दिल में रहता है।
न्यू ईयर मूवी नाइट
एक कंबल, पॉपकॉर्न और पसंदीदा फिल्म या वेब सीरीज नए साल की रात इतना ही काफी है, पार्टनर रंग रोमांटिक साल की शुरुआत के लिए। सिर्फ आप दोनों का साथ, हाथों में हाथ और ढेर सारा प्यार।