मिस इंडिया (यूएसए) और मिस इंडिया (वर्ल्डवाइड) बनने के बाद, तो जैसे पूरी दुनिया ही घूमने का सबब बन गया था। दुनिया का ऐसा कोई देश या राज्य नहीं जो न घूमा हो, मगर न्यूजीलैंड की खूबसूरती की बात ही अलग है। न्यूजीलैंड के बारे में पहले बहुत कुछ सुना तो था, मगर जब पहली बार वहां जाने का मौका मिला, तो वहां के बारे में बहुत कुछ जानने और वहां की खूबसूरती को करीब से निहारने का अवसर भी मिला। अब तक मैं करीब तीन-चार बार न्यूजीलैंड जा चुकी हूं। करीब डेढ़ साल पहले ही वहां होकर आई हूं।
उस समय मैं अकेले ही न्यूजीलैंड चली गई थी और वहां की वादियों में तीन दिन बिताए थे। मैं तो बस वहां की खूबसूरती पर फिदा हूं। यह चारों ओर से समुद्र से घिरा हुआ देश है, जो काफी मनमोहक लगता है। यहां की ब्लू लेक पर्यटकों की मनभावन झीलों में एक है, क्योंकि इस लेक का पानी इतना साफ है कि इसमें काफी गहराई तक सब कुछ साफ व स्पष्ट नजर आता है। मैं जब यहां गई थी, तो उस लेक को देखती ही रह गई थी। मेरा तो वहां से लौटने को मन ही नहीं कर रहा था।
वहीं न्यूजीलैंड में हॉट वाटर लेक भी है। जहां पर्यटकों की भीड़ नजर आती है। यहां का ‘नाइंटी माईल’ बीच भी पर्यटकों के खास आकर्षण का केंद्र है। एडवेंचर पसंद पर्यटकों के लिए न्यूजीलैंड से बेहतर जगह शायद ही कहीं ओर हो, क्योंकि यहां रॉफ्टिंग, बोटिंग व स्कीइंग बहुत होती है। न्यूजीलैंड का शहर ऑकलैंड सबसे बड़ा शहर है और पर्यटकों के लिए देखने लायक भी है। यहां का फ्रांज जोसेफ ग्लेशियर भी पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में से एक है। यह बहुत बड़ा ग्लेशियर है। बर्फीली वादियों का लुत्फ उठाने वाले पर्यटकों के लिए ये ग्लेशियर पसंदीदा जगह है। वहीं वायकातो नदी से कुछ ही दूरी पर हुक्का फॉल्स नाम से प्रसिद्ध घाटी भी मन को भा जाती है। इस घाटी का पानी भी बेहद साफ है। इस घाटी पर रॉफ्टिंग करने का कुछ अलग ही मजा है।
न्यूजीलैंड में कई पार्क और म्यूजियम भी हैं। न्यूजीलैंड पेंगुइन प्रजाति के पक्षी के लिए भी प्रसिद्ध है, इसलिए वहां बहुत सारे पेंगुइन आप देख सकते हैं। न्यूजीलैंड में ही द हॉबबिटन मूवी सेट भी है। फिल्मों की शूटिंग के लिए यह वहां का प्रसिद्ध शूटिंग स्पॉट है। विदेश घूमने के इच्छुक पर्यटकों के लिए मेरी नजर में न्यूजीलैंड सबसे बेहतर पर्यटन स्थल है। यहां का वातावरण और खूबसूरत वादियां किसी का भी मन मोह सकती हैं।
इसी तरह भारत में मुझे लोनावला बहुत पसंद है। लोनावला पड़ाही क्षेत्र है। यहां के पहाड़, पर्वत व गुफाएं मुझे अपनी ओर खिंचते हैं। हरी-भरी वादियों से घिरा लोनावला हरियाली पसंद लोगों की पहली पसंद है। अगर मुझे अपने ही देश में घूमने-फिरने का मन होता है, तो मैं सीधे लोनावला चली जाती हूं। यहां जाकर मन को काफी शांति व आराम मिलता है। फिल्म ‘फिरंगी’ में डेब्यू करने के बाद और पॉलीवुड और अन्य प्रोजेक्टस में व्यस्त रहने के कारण फिलहाल कहीं घूमने नहीं जा पा रही हूं। अब जैसे ही वक्त मिलेगा, मैं फिर कहीं घूमने निकल पड़ूंगी।