Krishna Janmashtami 2025: भगवान विष्णु के अवतार प्रभु श्री कृष्ण का जन्म केवल दुष्टों व पापियों का वध करने के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति को कुछ सीख देने के लिए हुआ था। उनके जन्म से लेकर बाल्यावस्था और किशोरावस्था से लेकर राजा बनने तक संपूर्ण जीवन में उन्होंने सृष्टि के प्रत्येक प्राणी को जीवन जीने की सही कला अपने तरीके से सिखाई। उनके इन्हीं सीखों को याद रखने के लिए और हिंदू धर्म में उनके पूजन को एक उत्सव की तरह मनाने के लिए कान्हा के जन्म तिथि को कृष्ण जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है।
इस साल जन्माष्टमी 16 अगस्त 2025 को मनाई जा रही है। जन्माष्टमी पर घर-घर और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। जन्माष्टमी की पूजा में कई तरह की सामग्री की आवश्यकता होती है, ताकि विधि-विधान से आराधना हो सके और भगवान कृष्ण की कृपा प्राप्त हो। अगर आप भी कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व घर पर मना रहे हैं तो आपको जन्माष्टमी पूजन, बाल गोपाल के श्रृंगार और मंदिर की सजावट व झांकी बनाने के लिए कुछ विशेष सामग्री की आवश्यकता पड़ सकती है।
इसलिए आज शुरुआत जरूरी सामान की लिस्ट बनाकर करें और लिस्ट में शामिल सभी सामान घर ले आएं ताकि पूजा के समय किसी सामान की कमी न होने पाए।
कृष्ण जन्माष्टमी पूजन सामग्री
बाल गोपाल के लिए जरूरी सामान
जन्माष्टमी का पर्व श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को समर्पित है। ऐसे में बाल गोपाल से जुड़ी सामग्री सबसे पहले लें। घर पर जन्माष्टमी की पूजा करना चाहते हैं तो आपके पास एक बाल गोपाल की मूर्ति होना आवश्यक है। इसके अलावा उनका झूला या सिंहासन जरूर रखें। लड्डू गोपाल के श्रृंगार का सामान जैसे रेशमी वस्त्र, मुकुट, मोर पंख, बांसुरी और उनके आभूषण जरूर ले आएं।
सजावट का सामान
बाल गोपाल का जन्म आपके घर पर होने वाला है। ऐसे में उनके स्वागत की तैयारियां भव्य होनी चाहिए। इसके लिए अपने घर और मंदिर की सजावट जरूर करें। सजावट के लिए फूलों की लड़ी, बंदनवार, रंगोली, दीपक, इलेक्ट्रिक लाइट्स आदि की जरूरत होती है। अगर झांकी सजा रहे हैं तो थीम के मुताबिक, खिलौने की गाय, ग्वाल-ग्वालिन, छोटे-छोटे पौधे, माखन मटकी आदि को भी अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
पूजा सामग्री
बाल गोपाल का जन्म कराने के लिए कुछ विशेष सामग्री की जरूरत होती है। लिस्ट में सबसे पहले खीरा, कलश, नारियल, आम व केले के पत्ते, अक्षत, चंदन, रोली, तुलसी के पत्ते, कपूर, अगरबत्ती, आरती के लिए दीपक, घी, फूल, माला का शामिल करें।
भोग सामग्री
लड्डू गोपाल का सबसे प्रिय भोग माखन-मिश्री है। इसके अलावा घर पर पंजीरी तैयार करें। पंचामृत के लिए दूध, दही, शक्कर, शहद, घी आदि को सूची में नोट कर लें।